विज्ञापन

पीएम मोदी के पास यूक्रेन युद्ध खत्म करने के अच्छे आइडिया, पुतिन ने इंटरव्यू में तारीफ के पुल बांधे

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की खुलकर सराहना की है. उन्होंने मोदी के प्रयासों और शांति स्थापित करने की इच्छा के लिए आभार भी व्यक्त किया. यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान को लेकर अंतरराष्ट्रीय प्रयास जारी हैं.

पीएम मोदी के पास यूक्रेन युद्ध खत्म करने के अच्छे आइडिया, पुतिन ने इंटरव्यू में तारीफ के पुल बांधे
यूक्रेन युद्ध पर मोदी के सुझावों की पुतिन ने की तारीफ
  • पुतिन ने की पीएम मोदी की तारीफ, बोले- यूक्रेन युद्ध खत्म करने के अच्छे सुझाव हैं
  • पुतिन ने कहा- पीएम मोदी के विचारों के लिए हम आभारी हैं
  • शांति और संवाद की नीति पर रूस ने की भारत की सराहना
मॉस्को:

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ करते हुए गुरुवार को एक कार्यक्रम में कहा है कि उनके (पीएम मोदी) पास यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अच्छे विचार हैं. पुतिन ने कहा कि भारत ने पूरे विवाद के दौरान संतुलित और निष्पक्ष रुख अपनाया है तथा प्रधानमंत्री मोदी लगातार संवाद और कूटनीति के जरिए संघर्ष समाप्त करने की बात करते रहे हैं. रूस ने उनके प्रयासों और सुझावों की सराहना करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण बताया है.

पुतिन ने की दोस्ताना संबंध की बात

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन विश्व नेताओं में शामिल हैं जो लगातार यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने का मुद्दा उठाते रहते हैं.

पुतिन ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन विश्व नेताओं में से एक हैं जो हमारे साथ बहुत अच्छे और यहां तक कि दोस्ताना संबंध होने के बावजूद लगातार यह सवाल उठाते हैं और पूछते हैं कि यूक्रेन संघर्ष को कैसे समाप्त किया जाए.'

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस संघर्ष के समाधान में गहरी रुचि रखते हैं और लगातार ऐसे सुझाव देते हैं जो सभी पक्षों के लिए स्वीकार्य हो सकते हैं.

'मोदी के पास बहुत अच्छे विचार हैं'

रूस के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी के सुझावों की सराहना करते हुए कहा, 'उनकी इस विषय में गहरी रुचि है और उनके पास ऐसे बहुत अच्छे विचार हैं जिनका उद्देश्य सभी पक्षों के लिए स्वीकार्य समाधान खोजना है. इस अर्थ में प्रधानमंत्री स्वाभाविक रूप से तटस्थ स्थिति रखते हैं, लेकिन संघर्ष को समाप्त करने में उनकी वास्तविक रुचि है. मेरा कर्तव्य है कि मैं यह बात सीधे तौर पर कहूं. हम प्रधानमंत्री के विचारों के लिए आभारी हैं.'

पुतिन ने कहा कि रूस शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में मोदी के प्रयासों और उनके सहयोग की सराहना करता है.

उन्होंने कहा, 'हम इस संघर्ष को शांतिपूर्ण तरीके से और जितनी जल्दी संभव हो समाप्त करने की उनकी इच्छा के लिए आभारी हैं.'

पीएम मोदी लगातार शांति की वकालत करते रहे हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई मौकों पर रूस-यूक्रेन युद्ध को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने की बात करते रहे हैं.

अगस्त में जापान की यात्रा के दौरान जापानी समाचार पत्र योमिउरी शिंबुन को दिए गए इंटरव्यू में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत ने पूरे संघर्ष के दौरान सिद्धांत आधारित और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया है.

उन्होंने कहा था, 'भारत ने इस संघर्ष पर सिद्धांत आधारित और मानवीय रुख अपनाया है, जिसकी सराहना राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की दोनों करते हैं. इसी क्रम में दोनों नेताओं ने मुझसे संपर्क कर संघर्ष से जुड़े घटनाक्रमों पर अपने-अपने विचार साझा किए. मैंने भारत का सिद्धांत आधारित और लगातार एक जैसा रुख दोहराया तथा समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को प्रोत्साहित किया.'

शांति स्थापना में भारत की भूमिका पर बोले थे मोदी

जब उनसे पूछा गया कि भारत इस संघर्ष के समाधान में क्या भूमिका निभा सकता है, तब प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, 'मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि भारत संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जाने वाले सार्थक प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है. मेरा मानना है कि दोनों पक्षों तथा अन्य प्रमुख हितधारकों के साथ हमारे अच्छे संबंधों के कारण भारत यूक्रेन में जल्द और स्थायी शांति बहाल करने के प्रयासों को और मजबूत कर सकता है.'

ब्रिक्स सम्मेलन में हुई थी मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हालिया मुलाकात सितंबर में नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान हुई थी. इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने, आर्थिक सहयोग कार्यक्रम-2030 को लागू करने, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की थी. रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत लगातार संवाद और कूटनीति के माध्यम से समाधान की वकालत करता रहा है. पुतिन की ताजा टिप्पणी को इसी नीति के प्रति रूस की सार्वजनिक सराहना के रूप में देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें : दुनिया की धड़कनें बढ़ाने वाली रही मोदी-पुतिन की 45 मिनट वाली मुलाकात, खुद पीएम ने किया ऐलान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vladimir Putin, Narendra Modi, Ukraine War, PM Modi Peace Deal For Russia Ukraine, Putin Pm Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com