- रूस के केमेरोवो क्षेत्र में एंटोनोव AN-12 मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर सवार सभी १७ लोगों की मौत हुई
- विमान उड़ान के दौरान अचानक आग लगने से नियंत्रण खो गया और जमीन से टकराने पर जोरदार विस्फोट हुआ
- क्रू ने जलते विमान को रिहायशी इलाकों से दूर ले जाकर स्थानीय लोगों की जान बचाने की कोशिश की
रूस के केमेरोवो क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा हो गया. एंटोनोव AN-12 मालवाहक विमान उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 17 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को बचाया नहीं जा सका. प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उड़ान के दौरान विमान में अचानक आग लग गई थी. आग लगने के बाद विमान नियंत्रण खोने लगा और तेजी से जमीन की ओर गिरा. जमीन से टकराते ही उसमें जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे विमान पूरी तरह तबाह हो गया.
आबादी को बचाने की कोशिश करता रहा क्रू
रूसी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार विमान साइबेरिया के नोवोसिबिर्स्क से क्रास्नोयार्स्क क्राई के कांसक जा रहा था. केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेड्यूक ने बताया कि क्रू ने आखिरी समय तक जलते हुए विमान को रिहायशी इलाकों से दूर ले जाने की कोशिश की ताकि जमीन पर रहने वाले लोगों की जान बचाई जा सके.
मौके पर राहत और बचाव अभियान
हादसे के बाद प्रशासन ने दुर्घटनास्थल पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर स्थापित किया है. मेडिकल टीम, पुलिस, आपातकालीन सेवाओं और नेशनल गार्ड के जवानों को मौके पर तैनात किया गया है. अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान में आग कैसे लगी और दुर्घटना की असली वजह क्या थी. जांच एजेंसियां ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं.
पुराना सैन्य मालवाहक विमान है AN-12
AN-12 सोवियत दौर का चार इंजन वाला सैन्य मालवाहक विमान है, जिसे 1950 के दशक में विकसित किया गया था. इसका इस्तेमाल सैनिकों, सैन्य उपकरणों और अन्य सामान की ढुलाई के लिए किया जाता है. रूस में अभी भी इस विमान का उपयोग कई क्षेत्रों में किया जाता है. हाल के वर्षों में रूस के कई सैन्य और प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं. अक्टूबर में बाल्टिक सागर के पास कैलिनिनग्राद क्षेत्र में नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक Su-30 लड़ाकू विमान भी क्रैश हो गया था. नए हादसे ने एक बार फिर विमान सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें | मिशिगन में F-16 फाइटर जेट क्रैश, ट्रेनिंग मिशन के दौरान पायलट घायल, ऐसे बची जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं