विज्ञापन

ट्रंप का सिक्का चलेगा, जान लीजिए कितने का होगा और कैसा होगा

अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इमेज वाला सिक्का बना रहा है. इस सिक्के पर कई तरह के संदेश लिखे होंगे. अमेरिका अभी आजादी के 250 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है.

ट्रंप का सिक्का चलेगा, जान लीजिए कितने का होगा और कैसा होगा
डोनाल्ड ट्रंप की इमेज वाला सिक्का (फोटो- एक्स हैंडल)
वाशिंगटन:

अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने बुधवार को बताया कि अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने के मौके पर यूएस मिंट राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला नया एक डॉलर का सिक्का बनाना शुरू करेगा. बेसेंट ने एक्स पर पोस्ट में इस सिक्के की तस्वीर भी जारी की है.  इस सिक्के के एक तरफ ट्रंप का चित्र होगा. चित्र के ऊपर 'ल‍िबर्टी' शब्द लिखा होगा, जबकि नीचे 1776-2026 की तारीखें अंकित होंगी. ट्रंप की तस्वीर के पास 'इन गॉड वी ट्रस्ट' लिखा होगा. तस्वीर के दोनों ओर दो सितारे बने होंगे.

सिक्के पर कई संदेश 

सिक्के के दूसरी तरफ फैले हुए पंखों वाला एक बाज दिखाया जाएगा। बाज के एक पंजे में जैतून की टहनी और दूसरे पंजे में तीर होंगे. उसके बीच में एक ढाल होगी, जिस पर 250 नंबर लिखा होगा. सिक्के के किनारे पर 'यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका' और 'वन डॉलर' लिखा होगा. बाज के ऊपर लैटिन भाषा का नारा 'ई प्लूरिबस यूनम' लिखा होगा, जिसका मतलब है 'कई लोगों से मिलकर एक'. बेसेंट ने सोशल मीडिया पर लिखा, "जब अमेरिका अपनी आजादी के 250 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है, तब 'यूएस मिंट' इस नए एक डॉलर के सोने के सिक्के को बनाना शुरू करेगा. यह आजादी की विरासत और देशभक्ति के एक स्थायी प्रतीक के रूप में सम्मान देगा."

कितने सिस्के बनेंगे?

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला यह सिक्का अमेरिकी मूल्यों की ताकत और ऐसे देश के वादे को दर्शाता है, जो सभी के लिए आजादी को बनाए रखने के लिए समर्पित है. घोषणा में यह नहीं बताया गया कि यह सिक्का कब जारी किया जाएगा या कितने सिक्के बनाए जाएंगे. इसमें यह भी जानकारी नहीं दी गई कि सिक्का किस धातु से बनेगा, क्या यह आम इस्तेमाल के लिए जारी होगा या सिर्फ कलेक्टरों के लिए उपलब्ध होगा.

अमेरिकी मिंट देश में चलने वाले सामान्य सिक्कों के साथ-साथ खास स्मारक और संग्रहणीय सिक्के भी बनाता है. आजादी की 250वीं वर्षगांठ के जश्न के लिए वह कई नए सिक्के जारी कर रहा है. इस महीने की शुरुआत में उसने 'फ्रीडम रिंगिंग-लिबर्टी बेल गोल्ड कोइंस एंड सिल्वर मेडल' जारी किए थे. ये लिबर्टी बेल के आकार वाले सिक्के और मेडल हाल के अमेरिकी इतिहास में पहले ऐसे सिक्के और मेडल हैं जो गोल आकार के नहीं हैं. ये अलग-अलग विकल्पों में उपलब्ध हैं, एक औंस का सोने का सिक्का, आधा औंस का सोने का सिक्का और आधा औंस का चांदी का मेडल.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump News, US Iran War, US News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com