हरियाणा के जींद के कंडेला गांव में सर्वजातीय खाप पंचायत का आयोजन किया गया. कंडेला खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर हुई पंचायत में जिले की 25 खापों के प्रतिनिधि शामिल हुए. पंचायत में गंदे गाने, गन कल्चर, नशा, लिव-इन रिलेशनशिप, समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई. पंचायत में इन मुद्दों को लेकर कई फैसले लिए गए.
गंदे गाने और गन कल्चर करने वालों का बहिष्कार
पंचायत में गंदा प्रचार करने वाले गंदे गाने और गन कल्चर का इस्तेमाल करने वालों के बहिष्कार का फैसला लिया गया. खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि गांवों में नशा तेजी से फैल रहा है और सरकार से सूखा नशा बंद करवाने की मांग की गई.
पंचायत में नशे के खिलाफ प्रचार-प्रसार करने और गांवों में लोगों को जागरूक करने का फैसला भी लिया गया. नशे की बीमारी, गंदा कल्चर और डीजे को लेकर गांव वालों को जागरूक किया जाएगा.
गांव-गांव कमेटियां बनाने का फैसला
कंडेला खाप के संरक्षक ईश्वर सिंह ने कहा कि लिव-इन और गंद-गन कल्चर के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया है. उनका कहना है कि गंदा गाना और गंदा बोलना समाज के हित में नहीं है. ईश्वर सिंह के मुताबिक, कंडेला से इसको लेकर हुंकार भरी गई है. गांव स्तर पर खापें कमेटियां बनाकर प्रचार करेंगी और गंद-गन कल्चर के खिलाफ प्रचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि खाप पंचायत के दायरे में डीजे नहीं बजेगा और इसे सख्ती से लागू किया जाएगा.

लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर भी फैसला
पंचायत में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर भी फैसला लिया गया. खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि लिव-इन रिलेशन को लेकर राज्य सरकार कानून बना सकती है. कंडेला खाप के संरक्षक ईश्वर सिंह ने लिव-इन रिलेशनशिप को खतरनाक बताया और कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप और लव मैरिज को लेकर सरकार कानून बनाए.
कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश ने कहा कि लव मैरिज में मां-बाप की सहमति होनी चाहिए. उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप को गंदा रिवाज शुरू होने की बात कही. वहीं, नौगामा खाप के पूर्व प्रधान सुरेश वैभलपुर ने लिव-इन को विदेशी कल्चर बताया. उन्होंने कहा कि लिव-इन में रहने वालों की जिम्मेदारी सरकार ले और लिव-इन खत्म होना चाहिए.
कंगना रनौत के खिलाफ निंदा प्रस्ताव
खाप पंचायत में बीजेपी सांसद कंगना रनौत के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पास किया गया. पंचायत में उनके ‘गटर' वाले बयान को लेकर चर्चा हुई.
पंचायत में फैसला हुआ कि कंगना रनौत ने बच्चों के आंदोलन पर गंदा बोला है. पंचायत में कहा गया कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए और कंगना रनौत पर FIR होनी चाहिए.
कंडेला खाप के संरक्षक ईश्वर सिंह ने कहा कि कंगना रनौत सेलिब्रिटी हैं. उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी सांसद के तौर पर बच्चों के खिलाफ गंदी भाषा का इस्तेमाल करेंगी तो क्या प्रतिनिधित्व करेंगी? वहीं सुरेश वैभलपुर ने भी कंगना रनौत पर FIR दर्ज करने की मांग की.
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन
पंचायत में हरियाणा के बिजली बोर्ड कर्मचारियों के समर्थन का भी फैसला लिया गया. खापों ने 11, 12 और 13 अगस्त को होने वाली बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करने का फैसला लिया.

मुख्यमंत्री से मिलेंगे खाप प्रतिनिधि
सुरेश वैभलपुर ने कहा कि खासतौर से लिव-इन वाले मुद्दे को लेकर सभी खाप प्रतिनिधि मुख्यमंत्री नायब सैनी के पास जाएंगे. सुरेश का तरफ से यह भी कहा गया कि कार्रवाई नहीं होने पर डीसी ऑफिस के बाहर धरना दिया जाएगा.
डीजे पर गंदे गाने बजाने का विरोध
पूर्व प्रधान सुरेश वैभलपुर ने कहा कि पिस्टल लहराने और गंद के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. गांव-गांव जाकर कमेटियां बनाई जाएंगी. उन्होंने कहा कि डीजे पर गंदा गाना बजाना सहन नहीं किया जाएगा और डीजे पर गंदा गाना बजाने पर कार्रवाई होगी.
25 खापों की पंचायत में कई मुद्दों पर फैसला
कंडेला खाप 14 गांवों का प्रतिनिधित्व करती है और इसी की तरफ से सर्व समाज खाप पंचायत का आयोजन किया गया. पंचायत में गंद-गन कल्चर, नशे, लिव-इन रिलेशनशिप, पाखंडवाद, डीजे पर गंदे गाने और अन्य सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई. पंचायत में लिए गए फैसलों को गांव-गांव तक ले जाने की तैयारी है. खाप पदाधिकारियों के मुताबिक सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं