- अगर ईरान अमेरिकी सैनिकों को मारता है, तो ट्रंप सीजफायर को खत्म करने पर विचार कर सकते हैं- रिपोर्ट
- राष्ट्रपति ट्रंप अभी इस युद्ध को फिर से बड़ा स्तर पर (फुल स्केल वॉर) शुरू करने के पक्ष में नहीं हैं
- अमेरिका फिलहाल बड़े युद्ध से बचना चाहता है, लेकिन अगर अमेरिकी सैनिकों पर हमला होता है, तो स्थिति बदल जाएगी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ फिर से फुल स्केल वॉर (खुली जंग) नहीं छेड़ने का वादा किया है लेकिन उन्होंने इसके साथ एक बड़ी शर्त भी रख दी है. डोनाल्ड ट्रंप ने अपने साथियों से निजी तौर पर कहा है कि अगर ईरान अमेरिकी सैनिकों को मारता है, तो वह ईरान के साथ चल रहे मौजूदा सीजफायर को खत्म करने पर विचार कर सकते हैं. यह रिपोर्ट वॉल स्ट्रीट जनरल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से छापी हैं.
इस रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि भले ही दोनों देशों के बीच-बीच में हिंसक झड़पें हो रही हैं, फिर भी पिछले कई हफ्तों से जो हवाई हमले रुके हुए हैं, उसे ट्रंप सीजफायर बता रहे हैं और उसके अनुसार सीजफायर अभी भी जारी है. इस रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप अभी इस युद्ध को फिर से बड़ा स्तर पर (फुल स्केल वॉर) शुरू करने के पक्ष में नहीं हैं. उनकी यह झिझक दिखाती है कि अमेरिकी राष्ट्रपति छोटे-छोटे हमलों या तनाव को कुछ हफ्तों या शायद महीनों तक सहने के लिए तैयार हो सकते हैं, ताकि मिडिल ईस्ट में बड़ा और खतरनाक युद्ध दोबारा न शुरू हो.
ट्रंप सरकार का दावा- जंग तो खत्म हो चुकी है
एक तरफ से पिछले एक हफ्ते में दोनों तरफ से हमले बढ़ गए हैं, कुवैत में हुए हमले में एक भारतीय ने अपनी जान गंवा दी है लेकिन दूसरी तरफ ट्रंप सरकार ने साफ-साफ कह दिया है कि ईरान के साथ जंग तो खत्म हो गई है. अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बुधवार को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति से कहा, “हम अब ईरान के अंदर लगातार हमले नहीं कर रहे हैं ताकि उनकी सेना को कमजोर किया जाए, क्योंकि ‘एपिक फ्यूरी' ऑपरेशन खत्म हो चुका है.” उन्होंने इस बात का ऐलान भी कर दिया कि अमेरिका ने जीत भी हासिल कर ली है.
यह भी पढ़ें: इधर मची है तबाही, उधर ट्रंप सरकार बोली- ईरान युद्ध तो खत्म हो चुका है
यह भी पढ़ें: कुवैत एयरपोर्ट पर हमले का CCTV फुटेज जारी, अमेरिका और ईरान- दोनों एक दूसरे पर लगा रहे आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं