- ललित मोदी ने कहा कि उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है इसलिए उन्हें भगोड़ा कहना गलत है
- ललित मोदी ने बताया कि वे हीरे का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं और उनका रहन-सहन शाही है
- ललित मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों में उनका नाम सबसे पहले लिया जाता है
IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी इस समय लंदन में रहे हैं. भारत में ललित मोदी को भगोड़ा कहा जाता है, लेकिन वह कहते हैं कि उनके खिलाफ कोई भी केस नहीं चल रहा है, इसलिए उन्हें भगोड़ा कहना बिल्कुल गलत है. ललित मोदी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी रैली में उनका नाम लेते हैं. वह जनता की भावनाओं को भड़काने के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि मैं क्रिकेट से जुड़ा हुआ हूं.
"मैं भगोड़ा नहीं हूं..."
'भगोड़ा' होने के आरोप पर आईपीएल के संस्थापक और पहले अध्यक्ष ललित मोदी ने कहा, "मैं भगोड़ा नहीं हूं... कहीं भी भाग नहीं रहा हूं. भारत सरकार के हाथ बहुत लंबे हैं. कोई भी भारत सरकार से पंगा नहीं ले सकता है. मेरा भी ऐसा कोई इरादा नहीं है और न ही मैं ऐसा करना चाहता हूं. मेरे खिलाफ एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है, क्यों? अगर मैं इतना बड़ा अपराधी हूं और सब कहते हैं कि मैं बहुत बुरा हूं, तो मुझ पर मुकदमा चलाओ."

"मैं भारत लौटना चाहता था"
लंदन में एएनआई को दिए इंटरव्यू में ललित मोदी ने बताया, "एक समय था, जब मैं भारत वापसी करना चाहता था. लेकिन वापसी करके क्या करूं? मुझे किसी को कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है. अगर कुछ होता, तो सामने आ जाता. पिछले 17 सालों में मैंने जो कुछ भी किया है या कर सकता था, वह सब साफ हो चुका होता. इसीलिए मेरे खिलाफ कोई मामला नहीं है."
"हीरे का चम्मच लेकर पैदा हुआ हूं"
पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी, जो भारत में अपने खिलाफ चल रहे कानूनी मामलों में खुद को निर्दोष बताते हैं, ने कहा है कि वे "हीरे का चम्मच" लेकर पैदा हुए हैं, उनका रहन-सहन शाही है, वे हर जगह घूमते हैं और उनके पास "10-12 करोड़ रुपये" एक हफ्ते भी नहीं टिकते. भारतीय प्रीमियर लीग के संस्थापक ने कहा कि वे किसी के लिए भी अपना रहन-सहन नहीं बदलेंगे और उन्होंने अपने पारिवारिक व्यवसाय ये पैसा कमाया है. उन्होंने कहा, "मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है. मैंने आपको बताया था कि मैं हीरे का चम्मच लेकर पैदा हुआ हूं. आप मुझ पर कुछ करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाते हैं, लेकिन मैं एक दिन में इससे कहीं ज्यादा कमाता हूं. हमारी कंपनी ग्लोबल लेवल पर काम करती है और इसकी मार्केट वैल्यू लगभग ढाई लाख करोड़ रुपये है."
#WATCH | On the 'fugitive' tag, IPL founder and first chairman Lalit Modi says, "I'm not running at all... The Indian government has a long arm. You can't take on the government of India. And I don't intend to, and I don't want to... Not a single case against me has been… pic.twitter.com/zwqALNoY1g
— ANI (@ANI) June 4, 2026
ललित मोदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
ललित मोदी ने इंटरव्यू के दौरान राहुल गांधी पर भी निशाना साधा, जो अपनी रैलियों और संसद में दिए गए भाषणों के दौरान लगातार उन्हें निशाना बनाते रहते हैं. उन्होंने कहा, "भारत में जब भी कोई चुनाव होते हैं, तो राहुल गांधी की जुबान पर सबसे पहले मेरा नाम आता है. पता नहीं वो मेरे पीछे क्यों पड़े रहते हैं. वह मुझ पर लगातार हमला करते रहते हैं. राहुल जनता की भावनाओं को भड़काने के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि मैं क्रिकेट से जुड़ा हुआ हूं. भारत में क्रिकेट लोगों के दिल के बेहद करीब है."
साल 2009 के आईपीएल को दक्षिण अफ्रीका में कराने के पीछे के ड्रामे का जिक्र करते हुए ललित मोदी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने उन्हें धमकाया और जान-बूझकर इस टूर्नामेंट को रोकने की कोशिश की थी. चिदंबरम ने मुझे धमकाया था. वह नहीं चाहते थे कि मैं ऐसा करूं. तब बीजेपी राज्यों की सरकारों ने मुझे मैच आयोजित करने की अनुमति दी, लेकिन कांग्रेस की राज्य सरकारों ने मना कर दिया था.
ये भी पढ़ें:- सुष्मिता सेन का नया पोस्ट, लिखा- मैं उन रास्तों पर चलती हूं, जिन पर कम लोग चलते हैं
ललित मोदी पर चल रहा है मनी लॉन्ड्रिंग का केस
ललित मोदी भले ही कहें कि उन पर कोई केस नहीं चल रहा है, लेकिन सच्चाई ये है कि वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले का सामना कर रहे हैं. 2013 में बीसीसीआई ने उन्हें 'अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार' के लिए लाइफ टाइम बैन कर दिया था. ललित मोदी ने आईपीएल के संस्थापक, पहले अध्यक्ष और लीग कमिश्नर के रूप में काम किया और 2008 से 2010 तक टूर्नामेंट की देखरेख की. वह 2008 से 2010 तक चैंपियंस लीग T20 के अध्यक्ष, 2005 से 2010 तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष, दो अलग-अलग कार्यकालों के लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया.
ये भी पढ़ें:- पैसा या वक्त नहीं...इस वजह से हुआ था ललित मोदी और सुष्मिता सेन का ब्रेकअप, सालों बाद किया खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं