अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग में आज की रात कयामत की रात साबित हो सकती है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सीजफायर के लिए दी गई डेडलाइन खत्म होने से कुछ घंटे पहले 'पूरी सभ्यता' खत्म करने की धमकी दी है. इसके जवाब में ईरान ने भी बड़ी चेतावनी दे दी है.
भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फताली ने कहा कि हमने कहा था कि अगर आप जंग शुरू करेंगे तो उसे खत्म नहीं कर पाएंगे. और हमने फिर कहा है कि अगर आप हमारे इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाएंगे तो.... पिछली गलतियों से सीखिए.
We said that if you start a war, you won't be able to finish it.
— Iran Ambassador Mohammad Fathali (@IranAmbIndia) April 7, 2026
And we have said again: if you target our infrastructure...
Learn from past mistakes!
उधर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अमेरिका ने हमारे देश के ऊर्जा ठिकानों पर हमले किए तो हमारा जवाब सिर्फ मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हम दूरदराज के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी निशाना बना सकते हैं.
आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी सेना ने हद पार की तो अंजाम बहुत बुरा होगा. अब तक हमने संयम बरता था, लेकिन अब सब्र का बांध टूट चुका है. माना जा रहा है कि ईरान अब अमेरिका और उसके सहयोगी देशों में तेल और गैस के ठिकानों पर हमला कर सकता है.

इससे पहले, ट्रंप ने ईरान को धमकी देते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा था, 'आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा. मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा ही होगा.'
ट्रंप ने कहा कि आज की रात दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक की रात साबित हो सकती है. 47 वर्षों की जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा. अल्लाह ईरान के लोगों का भला करे.
तीखे बयानों के बीच ईरान के ऊपर अमेरिका-इजरायल के नए हमले शुरू हो गए हैं. मंगलवार को ईरान के खार्ग द्वीप पर ताबड़तोड़ हमले हुए. वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, खार्ग पर 50 से ज्यादा हमले किए गए. इस दौरान ऑयल टर्मिनल को भी निशाना बनाया गया. इसके अलावा काशान शहर के पास याह्या अबाद रेलवे पुल पर भी हमला हुआ, जिसमें दो लोग मारे गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं