विज्ञापन

न हाथ मिलाया, न फोटो खिंचाया... जेडी वेंस को ईरान- कतर ने किया नजरअंदाज, VIDEO में दिखी गजब तकरार

अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों की 60 दिनों की वार्ता की पहली बैठक स्विट्जरलैंड में हुई. वैसे तो बैठक को सफल बताया गया लेकिन जो विजुअल सामने आए, वे एक अलग ही तरह के तनाव का संकेत दे रहे थे.

न हाथ मिलाया, न फोटो खिंचाया... जेडी वेंस को ईरान- कतर ने किया नजरअंदाज, VIDEO में दिखी गजब तकरार
US Iran Talks: अमेरिका-ईरान ने स्विट्जरलैंड में की बैठक
  • स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की पहली बैठक में गजब की तकरार देखने को मिली
  • कतर के PM अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के पास से बिना सलाम-नमस्ते किए आगे बढ़ गए, जबकि वेंस हाथ बढ़ाए रह गए
  • ईरान के विदेश मंत्री भी लेट पहुंचे, जेडी वेंस से हाथ मिलाना तो दूर, साथ फोटो खिंचाए बिना कमरे से बाहर निकल गए

दुनिया की नजरें अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली ऐतिहासिक शांति वार्ता पर थीं. कई लोगों को उम्मीद थी कि स्विट्जरलैंड में कैमरों के सामने शांति वाला मूड दिखेगा और बातचीत की अच्छी शुरुआत होगी. लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही कुछ ऐसे वीडियो सामने आए जिन्होंने पूरी चर्चा का माहौल बदल दिया. एक तरफ कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के पास से बिना सलाम-नमस्ते किए आगे बढ़ गए, जबकि वेंस हाथ बढ़ाए रह गए. दूसरी तरफ ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व वाले ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने भी सख्त संदेश देते हुए अमेरिकियों के साथ फोटो खिंचवाने से इनकार कर दिया. अराघची बैठक में आए भी लेट और तुरंत निकल भी गए. शांति वार्ता शुरू होने से पहले ही इन कूटनीतिक संकेतों और असहज पलों ने बता दिया कि बातचीत की राह आसान नहीं होने वाली है.

स्विट्जरलैंड में क्या हुआ?

रविवार को अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि 60 दिनों की वार्ता की पहली बैठक के लिए स्विट्जरलैंड आए हुए थे. साथ में मध्यस्थ कतर और पाकिस्तान के प्रतिनिधि भी थी. बैठक स्थल के स्वागत क्षेत्र में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अन्य अधिकारियों के साथ मौजूद थे. तभी कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी वहां पहुंचे.

वीडियो में दिखाई दिया कि शेख मोहम्मद सीधे जेडी वेंस की ओर बढ़ने के बजाय आगे निकल गए. उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से गर्मजोशी से मुलाकात की, उनसे हाथ मिलाया और गले भी मिले. लेकिन जेडी वेंस की तरफ देखा भी नहीं, जबकि वेंस हाथ मुस्कान के साथ बढ़ाते दिखाई दिए.

इस विजुअल को अपने आप में बड़ा संदेश माना गया. वजह है कि कतर लंबे समय से अमेरिका का करीबी डिफेंस पार्टनर रहा है. इतना ही नहीं, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने में भी कतर की अहम भूमिका रही है. ऐसे में यह पल कैमरों और एनालिस्ट का ध्यान खींचने के लिए काफी था.

ईरान भी सख्त

इस मौके पर केवल यही घटना चर्चा का विषय नहीं बनी. वार्ता शुरू होने से पहले ईरान के प्रतिनिधिमंडल ने भी सख्त रुख दिखाया. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ फोटो खिंचवाने (ज्वाइंट फोटो सेशस) से इनकार कर दिया. बाद में सामने आए वीडियो में अब्बास अराघची उस कमरे में जाते दिखाई दिए, जहां जेडी वेंस के साथ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के मेंबर स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर मौजूद थे. अराघची ने वहां शहबाज शरीफ से हाथ मिलाया और उन्हें गले लगाया, लेकिन कुछ ही देर बाद कमरे से बाहर चले गए.

इस वीडियो में दिखा कि अराघची के आने से पहले शहबाज शरीफ और मुनीर हाथ बांधें इंतजार में खड़े थे. फिर अराघची आते हैं और शहबाज से मिलकर निकल जाते हैं. वीडियो में नजर आता है कि जब यह बात जेडी वेंस को पता चलती है तो उनके चेहरे पर एक अलग भाव दिखता है. वेंस फिर शहबाज और मुनीर के पास जाकर उनसे बात करते हैं.

ईरान के सरकारी मीडिया ने कहा कि ज्वाइंट फोटो सेशस में शामिल न होने का फैसला एक सोचा-समझा और जानबूझकर उठाया गया कदम था. बैठक के अंदर भी माहौल ज्यादा सहज नहीं रहा. ईरानी मीडिया के अनुसार, चर्चा शुरू होने के लगभग 80 मिनट बाद ईरान का प्रतिनिधिमंडल बैठकर छोड़कर चला गया. रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई धमकियों के बाद ऐसी स्थिति बनी. हालांकि अच्छी बात रही कि बैठक का पहला दौर पूरा हो गया और दोनों पक्ष 60 दिन में अंतिम समझौते के रोडमैप पर सहमत हो गए. बैठक के पहले दौर का क्या नतीजा निकला, यह जानने के लिए आप नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें.

यह भी पढ़ें: ईरान के हाथ आया अपना खजाना! अमेरिका से बातचीत के पहले दौर का क्या नतीजा निकला?

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
आशुतोष कुमार सिंह NDTV इंडिया के साथ बतौर चीफ सब-एडिटर काम करते हैं. इससे पहले द क्विंट के साथ असिस्टेंट एडिटर के रूप में काम कर चुके हैं. देहाती यादो... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran Peace Talk, US Iran Deal, Us Iran Switzerland Talks
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com