विज्ञापन
This Article is From Jun 02, 2025

अमेरिका में 'फ्री फिलिस्तीन' का नारा लगाकर व्यक्ति ने यहूदी भीड़ पर फेंका फायर बम- कई घायल

FBI डायरेक्टर काश पटेल ने इस घटना को "टारगेटेड आतंकवादी हमला" बताया और कोलोराडो अटॉर्नी जनरल फिल वीजर ने कहा कि यह "जिस समूह को निशाना बनाया गया था, उसे देखते हुए यह एक हेट क्राइम का मामला प्रतीत होता है."

अमेरिका में 'फ्री फिलिस्तीन' का नारा लगाकर व्यक्ति ने यहूदी भीड़ पर फेंका फायर बम- कई घायल
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है.

अमेरिका के कोलोराडो में एक व्यक्ति ने  "फ्री फिलिस्तीन" का नारा लगाते हुए भीड़ पर एक आग लगाने वाला उपकरण फेंक दिया. FBI द्वारा "आतंकवादी कार्य (एक्ट ऑफ टेरर) करार दिए गए इस हमले में कम से कम 6 लोग घायल हो गए हैं. पुलिस ने कहा कि रविवार को हमले के बाद एक पुरुष संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. FBI के सार्वजनिक मामलों के असिसटेंट डायरेक्टर बेन विलियमसन ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि संदिग्ध "यहूदी लोगों की भीड़ पर बम फेंकते समय 'फ्री फिलिस्तीन' चिल्लाया." 

वहीं  FBI डायरेक्टर काश पटेल ने इस घटना को "टारगेटेड आतंकवादी हमला" बताया और कोलोराडो अटॉर्नी जनरल फिल वीजर ने कहा कि यह "जिस समूह को निशाना बनाया गया था, उसे देखते हुए यह एक हेट क्राइम प्रतीत होता है." FBI ने संदिग्ध की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद साबरी सोलिमा के रूप में की है. गाजा में बचे इजरायली बंधकों की याद में एक प्रदर्शनी निकाली गई थी और उसी पर यह हमला हुआ है. बोल्डर पुलिस प्रमुख स्टीफन रेडफर्न ने कहा, "पर्ल स्ट्रीट के डाउनटाउन बोल्डर में रविवार की एक खूबसूरत दोपहर यह हमला हुआ और यह काम अस्वीकार्य था.. मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप पीड़ितों, उन पीड़ितों के परिवारों और इस त्रासदी में शामिल सभी लोगों के लिए दुआ करें."

यह घटना गाजा में इजरायल के युद्ध को लेकर अमेरिका में बढ़े तनाव के बीच हुई है. युद्ध ने यहूदी विरोधी हेट क्राइम में वृद्धि के साथ-साथ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में इजरायल के रूढ़िवादी समर्थकों द्वारा फिलिस्तीन समर्थक विरोध प्रदर्शनों को यहूदी विरोधी बताने के कदमों को भी बढ़ावा दिया है. उनके प्रशासन ने युद्ध के प्रदर्शनकारियों को बिना किसी आरोप के हिरासत में ले लिया है और ऐसे प्रदर्शनों की अनुमति देने वाले कई अमेरिकी यूनिवर्सिटी को दिए जाने वाले फंड में कटौती कर दी है.  

कोलोराडो यूनिवर्सिटी की 19 वर्षीय ब्रुक कॉफमैन ने बोल्डर में हुई घटना को अपनी आंखों के सामने देखा. उसने कहा कि उसने चार महिलाओं को पैरों पर जली हुई अवस्था में जमीन पर लेटे या बैठे देखा. उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि उनमें से एक के शरीर का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह से जल गया है और उसे किसी ने झंडे में लपेट दिया है. 

उसने एक आदमी को देखा, जिसे उसने हमलावर बताया. वह आदमी बिना शर्ट के खड़ा था, उसके हाथ में कांच की बोतल थी और वह चिल्ला रहा था. कॉफमैन ने कहा, हमले के बाद "हर कोई चिल्ला रहा है, 'पानी लाओ, पानी लाओ."  वहीं सीनेट अल्पसंख्यक नेता चक शूमर, एक प्रमुख यहूदी डेमोक्रेट, ने कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं. उन्होंने कहा, "यह भयावह है, और यह जारी नहीं रह सकता. हमें यहूदी विरोधी भावना के खिलाफ खड़ा होना होगा." 

यह हमला पिछले महीने वाशिंगटन डीसी में इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों की घातक गोलीबारी में शिकागो में जन्मे एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद हुआ है. अमेरिकी यहूदी समिति द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम से बाहर निकल रहे लोगों के एक समूह पर किसी ने गोलियां चला दी थीं. गोलीबारी ने अमेरिका में गाजा में इजरायल समर्थकों और फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच युद्ध को लेकर ध्रुवीकरण को बढ़ावा दिया.

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US, Israel Hamas War, US Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com