विज्ञापन

शिकागो के मेयर ने US राष्ट्रपति को बताया 'तानाशाह', ट्रंप ने कहा- पोप को समझना चाहिए कि वो बेकार है

ट्रंप और पोप के बीच विवाद गहराता जा रहा है. ट्रंप ने पहले भी कहा है कि वह पोप में कोई आस्था नहीं रखते हैं. इसके अलावा उन्होंने शिकागो के मेयर को भी 'बेकार' कहा है.

शिकागो के मेयर ने US राष्ट्रपति को बताया 'तानाशाह', ट्रंप ने कहा- पोप को समझना चाहिए कि वो बेकार है
यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने पोप लियो की आलोचना की हो.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वेटिकन के सर्वोच्च धर्मगुरु पोप लियो XIV के बीच चल रही तनातनी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है. इस बार विवाद की वजह बनी शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन और पोप लियो की वेटिकन में हुई मुलाकात. इस मुलाकात के तुरंत बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने पोप और शिकागो के मेयर पर तीखा हमला बोला. इस मौके का इस्तेमाल ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रमों को लेकर अपनी चिंताओं को जाहिर करने के लिए भी किया.

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पोप लियो और मेयर जॉनसन दोनों को अपने निशाने पर लिया. ट्रंप ने लिखा, "किसी को पोप को समझाना चाहिए कि शिकागो के मेयर पूरी तरह से बेकार हैं और यह भी कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता." ट्रंप का यह बयान मेयर जॉनसन की ओर से रोम दौरे की तस्वीरें साझा करने के बाद आया. इस तस्वीर में वह पोप लियो के साथ बेहद गर्मजोशी से मिलते नजर आ रहे थे.

दरअसल, शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन ने अपनी वेटिकन यात्रा के दौरान पोप लियो से मुलाकात की थी और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं.

इन तस्वीरों में मेयर जॉनसन, पोप लियो को शिकागो का एक छोटा झंडा भेंट करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसके अलावा, दोनों ने 'शिकागो कब्स' (शिकागो की प्रसिद्ध बेसबॉल टीम) की कैप के साथ भी तस्वीरें खिंचवाईं. 

पोप लियो का जन्म शिकागो में हुआ था और वे कैथोलिक चर्च का नेतृत्व करने वाले इतिहास के पहले अमेरिकी पोप हैं. शिकागो मेयर के साथ पोप की इसी आत्मीयता पर राष्ट्रपति ट्रंप भड़क उठे. यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने पोप लियो की आलोचना की हो. इससे पहले भी ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि पोप अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हैं और उन पर अपराध के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया था.

यह भी पढ़ें: "कूटनीति के साथ विश्वासघात"... ट्रंप ने शांति समझौते पर सिचुएशन रूम में कोई फैसला नहीं लिया तो बोला ईरान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com