- नितिन नबीन गोरखपुर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा में सीएम योगी के साथ शामिल होंगे
- कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब के संगरूर में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत इंसाफ रैली से करेंगे
- राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ, जिससे दो स्लीपर पिलर क्षतिग्रस्त हो गए हैं
आज गोरखपुर में नितिन नबीन, बीजेपी की पदयात्रा में होंगे शामिल
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बुधवार से दो दिन के गोरखपुर दौरे पर हैं. इस दौरान वह सीएम योगी और पंकज चौधरी के साथ मिलकर बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे.इस यात्रा में करीब 50 हजार लोग शामिल होंगे.पदयात्रा गोरखपुर के एमपी इंटर कॉलेज से शुरू होगी और गोलघर स्थित काली मंदिर के पास सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक जाएगी. गरुवार को भी वह पार्टी की तमाम सांगठनिक बैठकों में शामिल होंगे. जानकारी के मुताबिक कुल छह बैठकें होंगी. इन बैठकों के जरिए नितिन नवीन 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे. जानकारी के मुताबिक, बीजेपी अध्यक्ष गोरखपुर में समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद भी करेंगे.
राहुल गांधी संगरूर में आज करेंगे पंजाब चुनाव अभियान की शुरुआत
कॉग्रेस नेता राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज पंजाब के संगरूर में 'इंसाफ रैली' के जरिए 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान का आगाज करेंगे. ये चुनावी कैंपेन संगरूर के फगुवाल गांव से शुरू होगा.खास बात यह है कि रैली पंजाब सीएम भगवंत मान के गृह जिले और AAP के मजबूत गढ़ माने जाने वाले संगरूर में होने जा रही है. राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को कांग्रेस की राजनीतिक ताकत दिखाने और पंजाब में खोए जनाधार को वापस पाने की कोशिश माना जा रहा है.हालांकि उनके सामने संगठन को मजबूत करने, गुटबाजी पर काबू पाने और आम आदमी पार्टी तथा शिरोमणि अकाली दल-भाजपा से मुकाबले जैसी बड़ी चुनौतियां हैं.
श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, ट्रेन उड़ाने की साजिश
भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हो गया. इस घटना से ट्रैक के बीच वाले सीमेंट को दो स्लीपर पिलर श्रतिग्रस्त हो गए. स्थानीय पुलिस और रेल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जानकारी के मुताबिक, ट्रेन निकलने के बाद ये ब्लास्ट हुआ.अगर ट्रेन के गुजरते समय यह ब्लास्ट हुआ होता तो बड़ी घटना हो सकती थी.यह संदिग्ध ब्लास्ट अनूपगढ़ सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे लाइन पर हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही श्री गंगानगर एसपी हरि शंकर मौके पर पहुंचे.जांच एजेंसिया भी तुरंत मौके पर पहुंचीं. इस ब्लास्ट की वजह से अनूपगढ़ से सूरतगढ़ आने जाने वाली दो पैसेंजर ट्रेन कैंसिल कर दी गई हैं. पुलिस एटीएस और रेलवे के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.
अमेरिकी चुनाव परिणाम में ट्रंप की पार्टी पीछे
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों की वोटिंग खत्म होने के बाद शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं. विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी हावी है और ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी पिछड़ रही है. केंटकी के तीसरे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवार मॉर्गन मैकगार्वी फिर से चुने गए हैं.वहीं वर्जीनिया से डेमोक्रेटिक पार्टी के मौजूदा उम्मीदवार मार्क वार्नर ने रिपब्लिकन पार्टी के बर्ट मिजुसावा को हराकर जीत हासिल की है. रिडा के 19वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन जिम श्वार्टज़ेल भी जीत गए हैं. फ्लोरिडा के 20वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेट डेबी वासरमैन शुल्त्स ने रिपब्लिकन ब्रेंट एंडरसन को हराया है. जॉर्जिया के सीनेटर जॉन ओसॉफ फिर से चुनाव लड़ने वाले इकलौते डेमोक्रेटिक सीनेटर थे, वह फिर से चुने गए हैं. जॉर्जिया के 5वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेट निकेमा विलियम्स भी फिर जीत गए हैं. बता दें कि चुनावों में प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों, सीनेट की 35 सीटों और 36 राज्यों के गवर्नर पदों पर मुकाबला हुआ है.
प्रदूषण की वजह से गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम
दिल्ली NCR में आज से नमो भारत ट्रेनें 20 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी. प्रदूषण की वजह से दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रूट पर रैपिड रेल की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का फैसला लिया गया है. वहीं गुरुग्राम में AQI 400 पार होने के बाद प्राइवेट दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया है. वहीं सरकारी दफ्तरों का समय बदल गया है.दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर गुरुग्राम तक ग्रैप 2 के तहत पाबंदियां लागू हैं. प्रदूषण के बीच सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए ये फैसला लिया गया है. दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस (RRTS) कॉरिडोर पर रोजाना 20 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप चलाई जाएंगी. प्रदूषण की गंभीर समस्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने भी रोजाना 20 फेरे बढ़ाने का फैसला किया है. दिल्ली में 1 नवंबर से बीएस 4 वाहनों की पाबंदी लागू है.
असम में दो शादियां करने पर जाएगी सरकारी नौकरी
असम के सरकारी कर्मचारी अब दो शादियां नहीं कर सकेंगे. ऐसा करने पर उनको सरकारी नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा. सीएम हिमंता बिस्बा सरकार ने असम सेवा अनुशासन नियम, 1964 में संशोधन किया है, जिसके मुताबिक, बहुविवाह करने वाले सरकारी कर्मचारी को उसकी नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा. वह भविष्य में भी सरकारी नौकरी नहीं कर पाएगा और राज्य सरकारी की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पाएगा. सरकार ने साफ किया है कि यह नियम UCC के तहत समान रूप से सभी समुदायों पर लागू होगा, चाहे वह हिंदू हो या मुस्लिम या सिख और ईसाई.
गुवाहाटी होटल गोलीकांड का आरोपी एनकाउंटर में ढेर
गुवाहाटी होटल गोलीकांड के आरोपी घनाकांता गोगोई को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. मंगलवार को सात दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद उसे गुवाहाटी की एक अदालत ने जेल भेजा था. हालांकि, शिवसागर जिले में दर्ज एक लंबित मामले के सिलसिले में शिवसागर पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में ले लिया.
पुलिस उसे रात में गुवाहाटी से शिवसागर लेकर जा रही थी. इसी दौरान शिवसागर में पुलिस एनकाउंटर के दौरान घनाकांता गोगोई मारा गया.पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घनाकांता ने पुलिसकर्मियों से गाड़ी रोकने को कहा, ताकि वह शौच के लिए जा सके. लेकिन उसने साथ मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कोशिश की.
भागने से रोकने के लिए पुलिस को घनाकांता पर गोली चलानी पड़ी. बता दें कि पिछले हफ्ते, गुवाहाटी के एक होटल में घनाकांता ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से पांच लोगों की जान ले ली थी.
हैदराबाद में नकली करेंसी गिरोह का भंडाफोड़
हैदराबाद में फ्यूचर सिटी पुलिस ने नकली करेंसी छापने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 6.78 करोड़ रुपये की कीमत के नकली 500 रुपये के नोट जब्त किए हैं.पुलिस कमिश्नर डॉ. तरुण जोशी ने बताया कि 1 नवंबर को उनकी टीम ने NH-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास एक कार से मदुपोजु करनाकर, चिनोला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपल्ली रत्नाकर रेड्डी और करणम अजय कुमार - को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने कुंतलूर में एक किराए के मकान में चल रहे नकली करेंसी छापने के ठिकाने का भी पर्दाफाश किया, वहां से प्रिंटर, एक लैपटॉप, नोट काटने वाली मशीनें और अन्य उपकरण जब्त किए गए.
आरोप है कि आरोपी नकली पहचान पत्र, वॉकी-टॉकी और एक नकली पिस्तौल का इस्तेमाल करके खुद को पुलिस अधिकारी बताते थे. वे लोगों को डरा-धमकाकर उनके साथ धोखाधड़ी करते थे.
दिवाली से पहले पंजाब के सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा
दिवाली से पहले पंजाब के सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा मिल सकता है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान मान सरकार पंजाब के सरकारी अफसरों के लिए बड़े ऐलान कर सकते हैं. बता दें कि मंगलवार को भगवंत मान ने 801 युवाओं और महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे थे. इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में सरकारी नौकरियां ‘कैश', ‘सिफारिश' और ‘रिश्वत' के जरिए बिकती थीं. लेकिन उनकी सरकार ने बिना रिश्वत के पारदर्शी भर्तियां की हैं. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाएं पहले अदालतों में तब तक लंबित रहती थीं, जब तक उम्मीदवार की उम्र सीमा पार नहीं हो जाती थी.
छत्तीसगढ़ में आज राज्य स्थापना दिवस समारोह
छत्तीसगढ़ में आज राज्य स्थापना दिवस समारोह मनाया जा रहा है. इस दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है कि डबल इंजन की सरकार का विशेष फायदा हमारे छत्तीसगढ़ को मिला है. नक्सलवाद की जो पीड़ा हम लोगों ने कई सालों तक झेली, उसे खत्म करने का बीड़ा हमारे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उठाया. जिसकी वजह से हमारा छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त हुआ है और लगातार विकास की दृष्टि से हम आगे बढ़ रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं