विज्ञापन

होर्मुज में अब आमने-सामने की जंग! अमेरिका ने भेजे 3 युद्धपोत और जवान

अमेरिका ने मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने पर 3 युद्धपोत और 2,500 मरीन तैनात किए हैं. ईरान-इज़रायल संघर्ष तेज है, खाड़ी में ऊर्जा ढांचे पर हमले बढ़े हैं. इससे तेल कीमतें उछलीं और वैश्विक आर्थिक दबाव बढ़ा है.

होर्मुज में अब आमने-सामने की जंग! अमेरिका ने भेजे 3 युद्धपोत और जवान
नई दिल्ली:

ईरान और इजरायल के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य मौजूदगी और मजबूत करते हुए तीन और युद्धपोत व करीब 2,500 अतिरिक्त मरीन तैनात किए हैं. अमेरिकी अधिकारियों ने इस तैनाती की पुष्टि की है.

सूत्रों के अनुसार, यूएसएस बॉक्सर समेत तीन अम्फिबियस असॉल्ट शिप और 11वीं मरीन एक्सपीडिशनरी यूनिट के लगभग 2,500 मरीन सैन डिएगो स्थित बेस से रवाना हो चुके हैं. अधिकारियों ने बताया कि ये युद्धपोत मध्य पूर्व के लिए तैनात किए गए हैं, हालांकि सटीक लोकेशन गुप्त रखी गई है.

'पर्यटन स्थल भी सुरक्षित नहीं रहेंगे'

तेहरान के शीर्ष सैन्य प्रवक्ता जनरल अबोलफज़्ल शेकरची ने चेतावनी दी है कि दुनिया भर में पर्यटन और मनोरंजन स्थल ईरान के दुश्मनों के लिए सुरक्षित नहीं होंगे. यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका-इजरायल की संयुक्त कार्रवाई में ईरान के कई टॉप नेताओं की मौत हुई है और उसके रक्षा तथा ऊर्जा ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है.

Latest and Breaking News on NDTV

ईरान लगातार दावा कर रहा है कि वह युद्ध के बीच भी मिसाइलें बना रहा है. हालांकि बयान जारी होने के कुछ ही समय बाद जनरल अली मोहम्मद नैइनी की एक हवाई हमले में मौत की खबर सामने आई.

नए सर्वोच्च नेता का बयान

इजरायली हमले में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई ने पदभार संभाला है. उन्होंने अपने पहले बयान में कहा, 'दुश्मनों की सुरक्षा छीन ली जानी चाहिए.'

खाड़ी देशों में ऊर्जा ढांचे पर हमले

पिछले कुछ दिनों में ईरान ने खाड़ी के कई देशों की ऊर्जा सुविधाओं पर हमले तेज कर दिए हैं. शुक्रवार को कुवैत की मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर ईरान ने दो चरणों में ड्रोन हमला किया, जिससे रिफाइनरी में आग लग गई. यह रिफाइनरी दुनिया की सबसे बड़ी तेल प्रसंस्करण इकाइयों में से एक है.

इसके अलावा बहरीन में एक वेयरहाउस में शरपनल गिरने से आग लगी. वहीं सऊदी अरब ने अपने पूर्वी प्रांत में कई ड्रोन मार गिराए. दुबई में ईद उल-फ़ित्र के दौरान एयर डिफेंस सिस्टम ने कई हमलों को रोका गया है. 

इजरायल-ईरान सीधे टकराव में

इजरायल लगातार तेहरान पर हमले कर रहा है. शुक्रवार को उसने बसीज फोर्स के खुफिया प्रमुख इस्माइल अहमदी की मौत की पुष्टि की. वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान की नौसेना और वायुसेना खत्म हो चुकी हैं, हालांकि ईरान ने इन दावों का खंडन किया है.

यह भी पढ़ें- होर्मुज में 'आर-पार' की जंग! अब ब्रिटिश बेस से उड़ान भरेंगे अमेरिकी फाइटर जेट्स, बड़े एयर स्ट्राइक की तैयारी

मानवीय संकट गहराया

ईरान में अब तक 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. लेबनान में इजरायल के हमलों से 10 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं. इजरायल में ईरानी हमलों से 15 लोगों की मौत हुई है. इसके अलावाअमेरिका ने 13 जवान खोए हैं. 

वैश्विक तेल संकट गहराया

ईरान द्वारा खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा ढांचों पर हमले और होर्मुज जलडमरूमध्य पर पकड़ के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ा है. इससे ब्रेंट क्रूड की कीमत बढ़कर $108 प्रति बैरल पहुंच गई. एशिया, खासकर भारत, चीन और जापान पर बड़ा प्रभाव देखने को मिल रहा है. कंप्यूटर चिप्स में इस्तेमाल होने वाली हीलियम और खाद में उपयोग होने वाले सल्फर की सप्लाई भी इन दिनों बाधित है. 

यह भी पढ़ें- तेल नहीं, अब ‘खाद' और ‘हीलियम' भी, ईरान जंग से खेती से लेकर टेक इंडस्ट्री तक कैसे बढ़ा संकट

ट्रंप का NATO पर निशाना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो देशों को ‘कायर' कहा है क्योंकि वे इस युद्ध में अमेरिका का साथ देने से बच रहे हैं. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'NATO IS A PAPER TIGER.'
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com