विज्ञापन

बिजनेस वीजा पर भारत के साथ काम करने को तैयार... चीन का विदेश मंत्रालय

भारत में चीनी दूतावास ने पिछले वर्ष दिसंबर में भारतीय आवेदकों के लिए ‘‘चीन ऑनलाइन वीजा आवेदन प्रणाली’’ शुरू की थी, ताकि वे ऑनलाइन माध्यम से वीजा के लिए आवेदन कर सकें.

बिजनेस वीजा पर भारत के साथ काम करने को तैयार... चीन का विदेश मंत्रालय
भारत और चीन के बीच संबंध धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहे हैं. (फोटो-एनडीटीवी)

चीन ने कहा है कि वह कारोबारियों के लिए वीजा व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार है. चीनी विदेश मंत्रालय का यह जवाब उन खबरों के बीच आया है, जिनमें कहा जा रहा कि इसके राजनयिक मिशन ने भारतीय नागरिकों को वीजा जारी करने में कटौती की है, जिनमें कारोबारी भी शामिल हैं.

भारतीयों के लिए वीजा जारी करने में कथित कटौती के बारे में ‘पीटीआई-भाषा' द्वारा पूछे गए सवालों के लिखित जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘चीन कानूनों और नियमों के अनुसार मानकों को पूरा करने वाले विदेशी नागरिकों को वीजा जारी करता है. हम दोनों पक्षों के कारोबारियों के लिए वीजा व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार हैं.''

खबरों के मुताबिक, इस महीने शंघाई में आयोजित ‘चाइना इम्पोर्ट एक्सपो' में भाग लेने के लिए कम भारतीय व्यापारियों को वीजा दिया गया. यह वार्षिक व्यापार मेला दुनिया भर के व्यापारियों को आकर्षित करता है ताकि वे चीनी उपभोक्ताओं को अपने कारोबार से अवगत करा सकें. बीजिंग ने सेवा प्रदाता चाइना वीजा एप्लीकेशन सेंटर को वीजा आवेदन स्वीकार करने से रोक दिया है, और चीनी वीजा, विशेष रूप से बिजनेस वीजा की बढ़ती मांग के मद्देनजर, उसके मिशन इसका सीधे तौर पर प्रबंधन कर रहे हैं.

पिछले साल जुलाई में भारत ने पांच साल के अंतराल के बाद चीनी नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करना शुरू किया था. उसके बाद दोनों देशों के बीच वीजा प्रक्रिया में सुधार हुआ है. यह सुधार 2020 में गलवान घाटी में हुई घातक झड़प के बाद द्विपक्षीय संबंधों में आए गंभीर तनाव को दूर करने के प्रयासों के तहत किया गया है.

दोनों देश संबंधों को लेकर सतर्क

वीजा प्रक्रिया की पुनः शुरुआत को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है क्योंकि दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों में ठहराव के बाद रिश्ते सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वीजा प्रक्रियाओं में ढील के साथ, दोनों देशों ने बीजिंग-नयी दिल्ली सहित कई शहरों को जोड़ने वाली सीधी हवाई सेवाएं शुरू कीं. भारतीय अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में चीनी नागरिकों के लिए वीजा अस्वीकृति दर घटकर लगभग सात प्रतिशत हो गई है, ताकि भारत में व्यापार और पर्यटन संबंधी यात्राओं को बढ़ावा मिल सके.

भारत में चीनी दूतावास ने पिछले वर्ष दिसंबर में भारतीय आवेदकों के लिए ‘‘चीन ऑनलाइन वीजा आवेदन प्रणाली'' शुरू की थी, ताकि वे ऑनलाइन माध्यम से वीजा के लिए आवेदन कर सकें. इस साल सितंबर में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक के बाद द्विपक्षीय संबंधों की मौजूदा स्थिति के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए प्रवक्ता ने कहा कि चीन द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार है. प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मोदी और जिनपिंग के बीच सबसे महत्वपूर्ण आम सहमति यह बनी है कि चीन और भारत को साझेदार बनने की जरूरत है. दोनों पक्ष इस महत्वपूर्ण आम सहमति को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं. चीन भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने और विकसित करने, एक-दूसरे के विकास में सहयोग करने और विश्व शांति और समृद्धि में योगदान देने के लिए तत्पर है.''

यह भी पढ़ें | चीन के स्पेस स्टेशन पर पहुंचेगा पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट, 42 साल बाद अंतरिक्ष दौड़ में नया पड़ाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, China, India China, India China Relation, India China Relation News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com