
पोप फ्रांसिस ने क्रिसमस के मौके पर पश्चिम एशिया शांति वार्ता की सफलता, सीरिया एवं अफ्रीका के दूसरे युद्धग्रस्त देशों में शांति तथा शरणार्थियों के लिए सम्मान सहित 'बेहतर विश्व' की कामना की है।
फ्रांसिस ने सेंटर नीटर्स बासिलिका की बाल्कनी से दिए संदेश में कहा कि वह उन सभी लोगों के साथ हैं, जो बेहतर विश्व बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। इस मौके पर वहां करीब 70,000 पर्यटक, श्रद्धालु और रोमन मौजूद थे।
पोप ने युद्धग्रस्त देशों का जिक्र करते हुए सीरिया, दक्षिण सूडान, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, नाइजीरिया और इराक का नाम लिया। इन देशों में लंबे समय से संघर्ष चल रहा है।
उन्होंने प्रार्थना की, प्रभु यीशू की कृपा से इस्राइल और फिलीस्तीन के बीच शांतिवार्ता का नतीजा निकले। सभी लोगों के प्रिय देश इराक के घाव भर जाएं, जहां हिंसा की घटनाएं निरंतर हो रही हैं। फ्रांसिस ने शांति के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा, वास्तविक शांति का मतलब विपरीत ताकतों के बीच संतुलन बनाना नहीं होता है, संघर्ष और मतभेदों पर पर्दा डालना भी नही होता, बल्कि शांति के लिए प्रतिदिन की प्रतिबद्धता जरूरी है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं