विज्ञापन
This Article is From Dec 23, 2015

क्रिसमस की धूम के बीच मास्को पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पुतिन के साथ डिनर किया

क्रिसमस की धूम के बीच मास्को पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पुतिन के साथ डिनर किया
मास्को: क्रिसमस की धूम के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन की यात्रा पर बुधवार को मास्को पहुंचे और इस दौरान भारत और रूस के बीच रक्षा, परमाणु ऊर्जा और हाइड्रोकार्बन क्षेत्र में कुछ बड़े समझौते होने की संभावना है, जिससे दोनों देशों के बीच दशकों पुराने मैत्रीपूर्ण एवं सामरिक संबंध और मजबूत होंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने पीएम मोदी के सम्मान में रात्रिभोज दिया।

भारत और रूस के बीच होने वाली वार्षिक शिखर बैठक की श्रृंखला की 16वीं कड़ी में पीएम मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दोनो देशों के बीच आर्थिक आदान-प्रदान बढ़ाने और सामरिक संबंधों में इजाफा करने पर खास ध्यान दिए जाने की संभावना है। दोनों नेताओं के बीच इस तरह की यह दूसरी बैठक है। इसके अलावा सीरिया के हालात और आतंकवाद के खतरे से निपटने के उपायों जैसे विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत होगी।

यात्रा के लिए अनुकूल माहौल बनाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि रूस विश्व में भारत का ‘‘सबसे मूल्यवान’’ मित्र है और वह कल पुतिन के साथ होने वाली अपनी बातचीत के नतीजों को लेकर ‘‘बहुत आशान्वित’’ हैं।

रूस की यात्रा पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने नई दिल्ली में कहा, ‘‘रूस के साथ हमारे रिश्ते अद्भुत हैं, जिनमें मानवीय हित से जुड़े सभी क्षेत्र शामिल हैं।’’ खास विशिष्ट सामरिक रिश्तों से बंधे इन दोनों देशों के बीच वर्ष 2000 से इस वार्षिक बातचीत का सिलसिला चल रहा है, जो बारी-बारी से मास्को और नई दिल्ली में आयोजित की जाती है।

पीएम मोदी ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं इस यात्रा के नतीजे को लेकर बहुत आशान्वित हूं। भारत और रूस के दशकों पुराने रिश्तों का इतिहास गवाह है। रूस भारत का विश्व में ‘‘सबसे मूल्यवान’’ मित्र है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘मेरी इस यात्रा से भारत और रूस के बीच आर्थिक, ऊर्जा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग मजबूत होगा। हम अन्य क्षेत्रों के अलावा विज्ञान और प्रौद्योगिकी, खनन में भी सहयोग बढ़ाना चाहते हैं।’’ ‘‘भारत और रूस के बीच व्यापार संबंध भी और बढ़ सकते हैं। इससे न सिर्फ हमारे दोनो देशों बल्कि पूरी दुनिया को भी फायदा होगा।’’

पीएम मोदी के सम्मान में आज रात पुतिन रात्रि भोज की मेजबानी करेंगे। दोनों नेता कल क्रेमलिन में भारतीय और रूसी सीईओ के एक समूह के साथ संवाद करेंगे।

उक्रेन संकट के कारण पश्चिमी प्रतिबंधों से रूस की अर्थव्यवस्था को भारी झटका लगा है। पुतिन भारत के साथ आर्थिक रिश्ते बढ़ाना चाहते हैं। इसके बदले भारत यूरेशियाई देश में तेल और गैस दोहन परियोजनाओं में शामिल होने में गहरी दिलचस्पी दिखा रहा है।

दोनों देशों के बीच मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार करीब 10 अरब अमेरिकी डॉलर है और दोनों ही पक्ष इसे अगले 10 वर्ष में 30 अरब डॉलर तक ले जाने का इरादा रखते हैं।

मास्को में प्रधानमंत्री के स्वागत में कल एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब तीन हजार लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को उकेरते इस ‘फ्रेंडस ऑफ इंडिया’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन भी होगा।

पीएम मोदी कल यहां रूस के राष्ट्रीय संकट प्रबंधन केन्द्र का दौरा करेंगे। यह एक बहु स्तरीय समन्वय केन्द्र है, जो आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ ही लोगों को खतरे से अवगत कराता है।

द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा, पीएम मोदी और पुतिन के बीच राजनीतिक आयाम वाले वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत होने की संभावना है। इनमें सीरिया के हालात और आतंकवाद पर काबू पाने के तरीके शामिल हैं।

पुतिन के साथ मोदी की यह दूसरी शिखर वार्ता है। पिछले साल 15वें भारत रूस शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए पुतिन ने नई दिल्ली की यात्रा की थी।

प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान भारत यूरेशियाई आर्थिक जोन के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर जोर दे सकता है और इस संबंध में किए अध्ययन का ब्यौरा साझा करेगा। विदेश सचिव एस जयशंकर ने कोई खास ब्यौरा दिए बिना कल कहा था कि पीएम मोदी और पुतिन दोनों ही रक्षा और परमाणु उर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत करेंगे।

पिछले सप्ताह भारत के रक्षा मंत्रालय की शीर्ष खरीद परिषद ने 40,000 करोड़ रुपये की लागत से रूसी एस-400 ट्रिम्फ वायु सुरक्षा प्रक्षेपास्त्र प्रणाली की खरीद को मंजूरी दी थी।

यह पूछे जाने पर कि क्या भारत रूस से नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ा ब्यौरा साझा करने को कहेगा, उन्होंने कहा था कि यह मामला विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की हाल की मास्को यात्रा के दौरान उठ चुका है।

उन्होंने कहा था, ‘‘इंतजार करते हैं और देखते हैं कि क्या होता है। रूस की प्रतिक्रिया पर हम तब तक कुछ नहीं कह सकते, जब तक वह हमें मिल नहीं जाती।’’

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com