विज्ञापन

PM मोदी और ट्रंप की मीटिंग में आज क्या होगा? ट्रेड डील, समुद्री सुरक्षा जैसे मुद्दों पर नजर

डोनाल्ड ट्रंप के साथ फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक से पहले पीएम मोदी ने G7 बैठक में भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाया. यह मौतें अमेरिकी सेना के हमले में हुई है.

PM मोदी और ट्रंप की मीटिंग में आज क्या होगा? ट्रेड डील, समुद्री सुरक्षा जैसे मुद्दों पर नजर
PM Modi Donald Trump Meet: G7 समिट में मिले पीएम मोदी और ट्रंप (फोटो- मोदी/X)
  • PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप आज आमने-सामने बैठने वाले हैं और कई बड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं
  • द्विपक्षीय बैठक में ऊर्जा, व्यापार और समुद्री सुरक्षा जैसे विषय इस बातचीत के केंद्र में रहने की उम्मीद है
  • यह द्विपक्षीय बैठक फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर होने वाली है

दुनिया की नजरें फ्रांस में आज यानी 17 जून को होने जा रही एक अहम मुलाकात पर टिकी हैं. ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया तुरंत एक जंग से बाहर निकला है और होर्मुज को लेकर पूरी दुनिया अभी भी चिंतित है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आमने-सामने बैठने वाले हैं और कई बड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं. फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर दोनों की इस संभावित द्विपक्षीय बैठक में ऊर्जा, व्यापार और समुद्री सुरक्षा जैसे विषय इस बातचीत के केंद्र में रहने की उम्मीद है.

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार सूत्रों ने बताया कि यहां पश्चिम एशिया की स्थिति, होर्मुज के अहम समुद्री रास्ते, अमेरिका से ऊर्जा आयात और प्रस्तावित भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा होने की संभावना है. रिपोर्ट के अनुसार:

  • दोनों देश लंबे समय की ऊर्जा साझेदारी बनाना चाहते हैं. मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण ग्लोबल सप्लाई चेन पर पड़ रहे असर को देखते हुए ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है.
  • प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पर भी बात होगी, जो अपने अंतिम चरण में है. इसपर दोनों पक्षों में बातचीत लगातार आगे बढ़ रही है और आने वाले कुछ हफ्तों में इस समझौते पर काम पूरा होने की उम्मीद है. दोनों देशों ने लगभग एक साल की बातचीत के बाद फरवरी में एक अंतरिम व्यापार समझौता किया था. व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि इस बैठक में प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

यह संभावित बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि होर्मुज में जारी अस्थिरता का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर पड़ रहा है. यह पतला समुद्री रास्ता दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण जहाजी मार्गों में से एक है, जहां से दुनिया के तेल और गैस की बड़ी मात्रा गुजरती है. दुनिया के कुल तेल व्यापार का 20 प्रतिशत हिस्सा यहीं से गुजरता है.

ट्रंप के सामने भारतीय नाविकों की मौत का उठाया मुद्दा

ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेना के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत के कुछ दिनों बाद, मंगलवार को पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप समेत जी7 नेताओं की बैठक में कहा कि सभी देशों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि समुद्री मार्ग सुरक्षित रहें और नाविक बिना किसी डर के अपना काम कर सकें. जी7 शिखर सम्मेलन के संपर्क सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री व्यापार में रुकावटों से वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है और कई भारतीय नागरिकों की जान गई है.

पिछले हफ्ते ओमान के तट पर एक वाणिज्यिक जहाज पर अमेरिकी सेना के हमले में चालक दल के तीन भारतीय सदस्यों की मौत के बाद भारत में बढ़ते गुस्से के बीच, पीएम मोदी ने समुद्री यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया.

यह भी पढ़ें: 'भारतीयों की भी जान गई है...': G7 में PM मोदी ने ट्रंप के सामने उठाया नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pm Modi Donald Trump Meeting, G7 Summit, PM Modi Donald Trump Meet
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com