नीट-यूजी री-एग्जाम के पेपर एयरफोर्स के C-17 विमान से पटना पहुंच गए हैं. इस बार परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. जानकारी के मुताबिक, नीट परीक्षा के प्रश्न पत्रों को एयरफोर्स के विशेष विमान C-17 के जरिए पटना लाया गया है. बताया जा रहा है कि इस विमान में लाखों की संख्या में प्रश्न पत्र सुरक्षित तरीके से लाए गए हैं. पटना पहुंचने के बाद इन प्रश्न पत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रकों में लोड कर पोस्ट ऑफिस भेजने की प्रक्रिया हैं. यहां से डाक विभाग के माध्यम से इन्हें बिहार के अलग-अलग जिलों में पहुंचाया जाएगा.
देश के 18 शहरों में भेजे जाएंगे पेपर
- नीट-यूजी 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.
- 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा की जिम्मेदारी वायु सेना को सौंपी गई है.
- ऐसे में परीक्षा के प्रश्न पत्र भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर्स से देश के 18 शहरों में भेजे जाएंगे.
तमिलनाडु में भी चल रही है तैयारी
दिल्ली से तमिलनाडु तक तैयारियां हो चुकी हैं. प्रश्न-पत्रों को सबसे पहले हवाई जहाज के जरिए देश की राजधानी दिल्ली से मदुरै लाया जाएगा. इसके बाद मदुरै से तिरुनेलवेली तक प्रश्न पत्र वायु सेना के हेलीकॉप्टर से भेजे जाएंगे. इसके लिए वायु सेना ने मंगलवार को हेलीकॉप्टर से पेपर भेजने की मॉक ड्रिल की है. जिसमें एक हेलीकॉप्टर प्रश्न पत्र लेकर मदुरै से तिरुनेलवेली तक गया.
तमिलनाडु में कड़ी सुरक्षा के बीच आएगा पेपर
नीट यूजी का पेपर कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली से तमिलनाडु तक आएगा. मदुरै में सुरक्षा कड़ी रहेगी. यहां से पेपर को तिरुनेलवेली भेजा जाएगा. जिसके लिए आर्म्ड रिजर्व ग्राउंड पर ट्रॉयल की गई है. इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य सुरक्षा इंतजामों को परखना और आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को जांचना था. ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति से तुरंत निपटा जाए.
NEET की दोबारा होने वाली परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सख्त नजर आ रहा है. परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने के लिए इस बार प्रश्न-पत्रों को हेलीकॉप्टर के जरिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की गई है. नीट परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद इस बार सरकार ने हर तरह से निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ेंः NEET री- एग्जाम के लिए महाइंतजाम, CRPF से लेकर रेलवे तक संभालेगा मोर्चा, होम सेक्रेटरी के हाथों में कमान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं