पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले के बाद भारत ने भले ही सिंधु जल समझौते (IWT) को ठंडे बस्ते में डाल दिया हो, लेकिन पाकिस्तान को जाने वाले पानी पर कोई रोक नहीं लगाई है. सच तो यह है कि भारत अपने बड़प्पन और मजबूरी दोनों के चलते आज भी पाकिस्तान की प्यास बुझा रहा है. समझौते के तहत जिन तीन पूर्वी नदियों के पानी पर पूरी तरह भारत का हक है, उसका भी करीब 5 से 6 फीसदी हिस्सा बुनियादी ढांचे और स्टोरेज की कमी के कारण बहकर पाकिस्तान ही जा रहा है. इसके बावजूद पाकिस्तान दुनिया के सामने विक्टिम कार्ड खेलने और भारत को बदनाम करने से बाज नहीं आ रहा है.
अंतरराष्ट्रीय मामलों की वेबसाइट 'यूरेशिया रिव्यू' की एक विस्तृत रिपोर्ट में पाकिस्तान के झूठ से पर्दा उठ गया है, पाकिस्तान इस पूरे मामले में सिर्फ 'भेड़िया आया, भेड़िया आया' की तर्ज पर झूठा शोर मचा रहा है. यही वजह है कि जब पाकिस्तान ने इस समझौते को रोकने पर वैश्विक मंचों पर हाय-तौबा मचाई और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने भारत के बांधों को बम से उड़ाने की गीदड़भभकी दी, तो दुनिया के किसी देश ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया.
बदहाली छिपाने के लिए भारत पर मढ़ रहा दोष
रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि इस्लामाबाद दुनिया के सामने यह झूठा नैरेटिव गढ़ने की कोशिश कर रहा है कि उसकी पानी की किल्लत के लिए भारत जिम्मेदार है. जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है. वैश्विक जल उपलब्धता पर नजर रखने वाली तमाम बड़ी संस्थाओं ने एक दशक पहले ही चेतावनी दे दी थी कि अगर पाकिस्तानी सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो साल 2025 तक देश में पानी का भयानक संकट खड़ा हो जाएगा.
सहानुभूति बटोरने के लिए यूएन में फैलाया झूठ
खुद को घिरता देख पाकिस्तान ने इस मामले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का दरवाजा खटखटाया है. उसने गुहार लगाई है कि नई दिल्ली की ओर से सिंधु जल समझौते को सस्पेंड करने से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और मानवीय संकट पैदा हो सकता है. वैश्विक सहानुभूति बटोरने के लिए पाकिस्तान ने दावा किया कि उसके पास अब केवल 90 दिनों का पानी बचा है.
हालांकि, पाकिस्तान के इस दावे की पोल खुद उसके डरपोक रवैये ने खोल दी. रिपोर्ट में सवाल उठाया गया है कि अगर स्थिति इतनी ही गंभीर और डरावनी थी, तो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को भेजी गई इस चिट्ठी पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के बजाय वहां के उप-प्रधानमंत्री ने हस्ताक्षर क्यों किए? यह दिखाता है कि पाकिस्तान खुद अपने दावों को लेकर कितना गंभीर है.
पुरानी तकनीकों के कारण बर्बाद हो रहा पानी
पाकिस्तान में पानी की कमी प्राकृतिक नहीं, बल्कि इंसानी लापरवाही का नतीजा है. पाकिस्तान के मौसम विज्ञान विभाग के पूर्व प्रमुख कमर-उज-जमा के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान कृषि क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले पानी का दो-तिहाई (करीब 66 फीसदी) हिस्सा सिर्फ इसलिए बर्बाद कर देता है क्योंकि वहां आज भी खेती के सदियों पुराने और दकियानूसी तरीके अपनाए जा रहे हैं.
सेना के अधिकारी ने भी मानी कुप्रबंधन की बात
पाकिस्तान की इस बदहाली पर खुद उनके अपने अधिकारी भी मुहर लगा रहे हैं. वरिष्ठ पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी जमील मोहम्मद ने स्थिति की गंभीरता को स्वीकार करते हुए चेतावनी दी है कि पाकिस्तान में भौतिक रूप से पानी की इतनी कमी नहीं है, लेकिन देश के पास पानी की इतनी प्रचुरता भी नहीं है कि वह इसे बर्बाद करे.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में सड़कों की 'घरवापसी'! लाहौर का इस्लामपुरा फिर बना कृष्ण नगर, बाबरी चौक अब जैन मंदिर चौक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं