- कराची में बिजली कटौती और पानी की आपूर्ति बंद होने के विरोध में प्रदर्शन हिंसक हो गया और 3 पुलिसकर्मी घायल हुए
- प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर ट्रैफिक रोका तथा टायर जलाकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए
- न्यू नाजिमाबाद के मंगहोपीर इलाके में प्रदर्शन सबसे ज्यादा हिंसक था, जहां पुलिस कर्मियों पर भी हमला हुआ
पाकिस्तान की कारोबारी राजधानी कहे जाने वाली कराची में बिजली कटौती को लेकर हो रहा विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है. यहां के गुस्साए लोग लंबे समय तक और बिना सूचना के बिजली काटने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. अबतक तो उन्होंने बड़ी सड़कों को जाम किया था और टायर जलाए थे लेकिन अब वे काबू से बाहर होते जा रहे हैं. वे न केवल सड़क पर उतरे हैं बल्कि हिंसा भी कर रहे हैं, पुलिस वालों को मार रहे हैं.
कराची में क्या हो रहा?
पाकिस्तान की मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को कराची के न्यू नाजिमाबाद के पास मंगहोपीर इलाके में लंबे समय तक बिजली कटौती और आखिरकार पानी की सप्लाई बंद होने के खिलाफ हो रहा प्रदर्शन हिंसक हो गया. इस दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. प्रदर्शनकारियों ने बार-बार हो रही बिजली कटौती और पानी की कमी के विरोध में सड़कें जाम कर दीं और ट्रैफिक रोक दिया. उनका कहना था कि इन समस्याओं ने उनकी जिंदगी मुश्किल बना दी है.
यहां प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए और लंबे समय तक होने वाली बिजली कटौती और पानी नहीं मिलने के खिलाफ नारे लगाए. उनका कहना था कि बिजली कटौती की वजह से उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. इससे पहले शनिवार को पाक कॉलोनी, लियाकताबाद, गरीबाबाद, नश्तर रोड, भीमपुरा और रैंचोर लाइन समेत कई इलाकों में लोगों ने प्रदर्शन किया था. इससे शहर के कई अहम इलाकों में ट्रैफिक पूरी तरह रुक गया और हजारों लोग रास्ते में फंस गए. लियाकताबाद में भी प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चौराहों और रास्तों को जाम कर दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं