जब भी पाकिस्तान की बात होती है तब सबसे पहले आतंकवाद की बात होती है, हथियारों की बात होती है. वहां से एक ऐसी खबर आई है जिसने इस मुल्क के हथियार प्रेम को फिर साबित कर दिया है. पाकिस्तान के कराची में 13 और 14 अगस्त की दरम्यानी रात आजादी के जश्न के दौरान ऐसी हवाई फायरिंग की गई कि वह जानलेवा बन गई. पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि कराची भर में हुई फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई और 94 लोग घायल हो गए. घायलों में 17 बच्चे भी शामिल हैं.
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार एधी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने बताया कि कराची में हुई जश्न वाली फायरिंग में घायलों की संख्या बढ़कर 94 हो गई है. इनमें 10 महिलाएं, 17 बच्चे और 59 पुरुष शामिल हैं. रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, महिला की मौत भी उसी हवाई फायरिंग के दौरान हुई, जो आजादी के जश्न में पूरे कराची में की जा रही थी. घायलों को इलाज के लिए जिन्ना पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सेंटर, सिविल अस्पताल और अब्बासी शहीद अस्पताल ले जाया गया.
आजादी के जश्न के मौके पर भी पीएम शहबाज ने उगला जहर
मौका पाकिस्तान की आजादी दिवस से एक रात पहले का था. गुरुवार रात पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ‘यादगार-ए-फतह' स्मारक का उद्घाटन किया गया. यहां प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से कायदे से उम्मीद थी कि वे बताते कि भविष्य का पाकिस्तान कैसे होगा. या जंग में जान गंवाने अपने सैनिकों को याद करते. लेकिन उन्होंने फिर जहर उगला, जंग छेड़ने की धमकी दी.
पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने सफल ऑपरेशन सिंदूर चलाया था और यह कहते हुए 1960 की सिंधु जल संधि (IWT) को सस्पेंड कर दिया था कि पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते. भारत के इस फैसले को लेकर शहबाज ने एक बार फिर भारत को उकसाने की कोशिश की है. पीएम शरीफ ने भारत को धमकी दी और चेतावनी दी कि वह ऐसा कोई कदम न उठाए जिससे सस्पेंड की गई संधि के तहत इस्लामाबाद के पानी के अधिकारों पर असर पड़े. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पानी की "हर एक बूंद" एक "रेड लाइन" है. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं साफ शब्दों में कहता हूं कि पाकिस्तान के पानी की हर एक बूंद हमारी रेड लाइन है. अगर भारत होश में नहीं आया, तो उसे सीधा जवाब दिया जाएगा."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं