विज्ञापन

पाकिस्तान के लाहौर में गिरी ट्यूशन सेंटर की छत, 14 बच्चे दबकर मर गए- दिल दहला रहा VIDEO

Pakistan News: जिस बिल्डिंग में अभी काम चल रहा था, उसी में एक महिला टीचर प्राइवेट ट्यूशन सेंटर चला रही थी. पुलिस ने हादसे के बाद मकान मालिक समेत 3 को गिरफ्तार किया.

पाकिस्तान के लाहौर में गिरी ट्यूशन सेंटर की छत, 14 बच्चे दबकर मर गए- दिल दहला रहा VIDEO
Pakistan: पाकिस्तान के लाहौर में गिरी ट्यूशन सेंटर की छत (फोटो- सोशल मीडिया)
  • लाहौर में एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे एक प्राइवेट ट्यूशन सेंटर की छत गिरी, कम से कम 14 बच्चों की मौत
  • एकैडमी में सात से 13 साल की आयु के 30 से अधिक बच्चे क्लास ले रहे थे, तभी छत ढह गई और बच्चे मलबे के नीचे दब गए.
  • घायल हुए 20 बच्चों और एक महिला टीचर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

पाकिस्तान के लाहौर में मंगलवार, 30 जून को एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे एक प्राइवेट ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से कम से कम 14 बच्चों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए. लाहौर पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घनी आबादी वाले काहना नउ इलाके में स्थित इस एकैडमी में सात से 13 साल की आयु के 30 से अधिक बच्चे क्लास ले रहे थे, तभी अचानक छत ढह गई और बच्चे मलबे के नीचे दब गए. लाहौर के पुलिस उप-महानिरीक्षक (अभियान) फैजल कामरान ने रिपोर्टरों को बताया, 'अब तक मलबे से 14 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं.'

पुलिस ने बताया कि घायल हुए 20 बच्चों और एक महिला टीचर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं. पुलिस ने इमारत के मालिक समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक ठेकेदार भी है, जो इस इमारत में काम करवा रहा था.

लाहौर जिला शिक्षा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तारिक महमूद ने बताया कि इस इमारत में इलाके की एक महिला द्वारा प्राइवेट ट्यूशन सेंटर चलाया जा रहा था. ईधी फाउंडेशन ने बताया कि काहना नउ इलाके की बस्ती ईदगाह में स्थित रिहायशी इमारत में चल रही अकादमी की छत अचानक गिर गई. एनजीओ ने बयान में कहा, “मृतकों के शवों को जनरल अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है.” साथ ही संस्था ने आशंका जताई कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ बच्चे अब भी मलबे में फंसे हुए हैं.

संस्था ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. संस्था ने कहा कि बचाव अभियान तेजी से जारी है और मौके पर ईधी फाउंडेशन की एंबुलेंस तैनात हैं, जो आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रही हैं. वहीं पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने पुलिस और जिला प्रशासन को हादसे के जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए.

प्रांतीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने लाहौर जनरल अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सों तथा पैरामेडिकल स्टाफ को घायलों का तुरंत इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

यह भी है: अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के खिलाफ शुरू किए ड्रोन हमले, ISIS के ठिकानों को बना रहे निशाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Pakistan News, Lahore
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com