विज्ञापन
This Article is From Aug 03, 2015

पाकिस्तान में बाढ़ से 116 लोगों की मौत, 7.5 लाख से अधिक प्रभावित

पाकिस्तान में बाढ़ से 116 लोगों की मौत, 7.5 लाख से अधिक प्रभावित
पाकिस्तान में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं
इस्लामाबाद: पाकिस्तान में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कम से कम 116 लोगों की मौत हो गई और 7.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। नदियों के उफान पर होने के कारण कई इलाकों में पानी से घिरे लोगों तक पहुंचने में प्रशासन को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि पीड़ितों तक पहुंचने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। बाढ़ से कम से कम 752,274 लोग प्रभावित हुए हैं।

सेना और दूसरी एजेंसियों ने करीब 450,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है, लेकिन अधिकारियों ने आगाह किया है कि निरंतर बारिश के कारण परेशानियां और बढ़ सकती है। बारिश और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में खबर पख्तूनख्वाह में 59, पंजाब में 22, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 20, बलूचिस्तान में 10 और गिलगित-बाल्टिस्तान में पांच लोगों की मौत हुई है।

आपदा राहत एजेंसी ने कहा कि बाढ़ से संबंधित घटनाओं में कम से कम 61 लोग घायल हुए हैं। खबर पख्तूनख्वाह में 26 और बलुचिस्तान में 24 लोग घायल हैं। देश में पिछले महीने मॉनसून की आमद के बाद बारिश की शुरूआत हुई और कई इलाकों में इसके बाद निरंतर पानी गिर रहा है। इस कारण बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। कुल 2,747 मकानों को नुकसान पहुंचा है।

पाकिस्तान सरकार ने 481 राहत शिविर और 150 चिकित्सा शिविर स्थापित किए हैं। बताया गया है कि सरकार ने  बाढ़ पीड़ितों को 32,000 तंबू, 2009 टन राशन, 1,500 त्रिपाल और 8,467 कंबल दिए हैं। पिछले साल मॉनसून की बारिश में पाकिस्तान में करीब 400 लोगों की मौत हुई थी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पाकिस्तान बाढ़, पाकिस्तान सरकार, खबर पख्तूनख्वाह, गिलगित-बाल्टिस्तान, बलूचिस्तान, Pakistan Floods, Pakistan Government, Khyber Pakhtunkhwa, Gilgit Baltistan, Baluchistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com