विज्ञापन

पहले राइफल, अब पिस्टल पर आजमाया हाथ.. नॉर्थ कोरिया में किम जोंग के बाद बेटी 'लेडी तानाशाह' बनने को तैयार

North Korea: सरकारी मीडिया की तस्वीरों में पिता किम जोंग और बेटी दोनों एक जैसी चमड़े की जैकेट पहने दिखाई दिए. नॉर्थ कोरिया में ऐसी जैकेट को अक्सर सत्ता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है.

पहले राइफल, अब पिस्टल पर आजमाया हाथ.. नॉर्थ कोरिया में किम जोंग के बाद बेटी 'लेडी तानाशाह' बनने को तैयार
नॉर्थ कोरिया में किम जोंग के बाद बेटी 'लेडी तानाशाह' बनने को तैयार
  • नॉर्थ कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन अपनी बेटी जू ए को भविष्य का उत्तराधिकारी बनाने की तैयारी कर रहे हैं
  • आज जारी तस्वीर में जू ए पिस्तौल चलाती दिखाई दीं. यह उनकी सैन्य नेतृत्व क्षमता दर्शाने की कोशिश मानी जा रही
  • पिता और बेटी ने एक हथियार कारखाने का दौरा किया, जहां नए पिस्तौल और हल्के हथियार बनाए जाते हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

नॉर्थ कोरिया के तानाशाह सुप्रीम लीडर किम जोंग उन ने अपनी बेटी को गद्दी सौंपने का पूरा मन बना लिया है. इस बात के संकेत कई महीनों से और लगातार नजर  आ रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुवार, 12 मार्च को नॉर्थ कोरिया की तरफ से एक तस्वीर जारी की जिसमें किम जोंग उन की किशोर बेटी जू ए पिस्तौल चलाते हुए दिखाई दे रही है. कुछ हफ्ते पहले ही उनकी ऐसी तस्वीरें सामने आई थीं जिनमें वह राइफल चलाती दिखी थी. इससे एक बार फिर यह अटकलें तेज हो गई हैं कि उसे भविष्य के उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है.

किम जोंग उन की किशोर बेटी को पिछले महीने इस परमाणु हथियार रखने वाले देश के प्रमुख सत्तारूढ़ पार्टी (वर्कर्स पार्टी) की कांग्रेस के अंतिम चरण को चिह्नित करने के लिए जारी सरकारी तस्वीरों में प्रमुख रूप से दिखाया गया था. जू ए को लंबे समय से देश का अगला सुप्रीम लीडर माना जा रहा है. हाल के समय में उनकी कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपस्थितियों और पिछले महीने के अंत में जारी उस दुर्लभ तस्वीर के बाद यह धारणा और मजबूत हुई, जिसमें वह एक शूटिंग रेंज में राइफल चलाते हुए दिखाई दी थी.

Latest and Breaking News on NDTV

पिता की तरह ही हथियारों का शौक

नॉर्थ कोरिया के सरकारी मीडिया ने जू ए की एक तस्वीर जारी की, जिसमें वह एक आंख बंद करके पिस्तौल चलाती हुई दिखाई दे रही है और बंदूक की नली से आग की लपटें निकलती दिख रही हैं. दरअसल वह अपने पिता के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुई थी, जो एक “बड़े हथियार कारखाने” में आयोजित किया गया था. यह कारखाना नई पिस्तौल और अन्य “हल्के पोर्टेबल हथियार” बनाता है. यह जानकारी कोरियन सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी ने दी है.

Latest and Breaking News on NDTV

सरकारी मीडिया की तस्वीरों में पिता और बेटी दोनों एक जैसी चमड़े की जैकेट पहने दिखाई दिए. नॉर्थ कोरिया में ऐसी जैकेट को अक्सर सत्ता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है. तस्वीरों में अधिकारी उन्हें इस फैक्ट्री का निरीक्षण कराते हुए जानकारी देते नजर आए. किम जोंग कहां पीछे रहते. उन्होंने भी फैक्ट्री की “शूटिंग गैलरी” का भी दौरा किया, जहां उन्होंने खुद नए प्रकार की पिस्तौल का परीक्षण किया और उसकी क्वालिटी पर संतोष जताया.

बता दें कि किम परिवार कई दशकों से नॉर्थ कोरिया पर कड़े नियंत्रण के साथ शासन करता आ रहा है. इस परिवार की “पेक्टू ब्लड लाइन” के आसपास बना व्यक्तित्व पूजा का माहौल इस अलग-थलग देश के रोजमर्रा के जीवन पर हावी है. साउथ कोरिया की क्यूंगनाम यूनिवर्सिटी में नॉर्थ कोरिया के विशेषज्ञ लिम यूल-चुल ने एएफपी से कहा कि कम उम्र होने के बावजूद “ऐसा लगता है कि शासन किम जोंग की बेटी को एक मजबूत और प्रभावशाली महिला की छवि के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है.”

उन्होंने कहा, “पिस्तौल चलाने वाला यह दृश्य साफ तौर पर यह संकेत देने के लिए है कि वह एक सैन्य नेता के गुण विकसित कर रही है.”

जू ए को पहली बार 2022 में सार्वजनिक रूप से दुनिया के सामने लाया गया था, जब वह अपने पिता किम जोंग उन के साथ एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल के प्रक्षेपण के दौरान दिखाई दी थी. इससे पहले उनके अस्तित्व की पुष्टि केवल पूर्व एनबीए स्टार डेनिस रोडमैन ने की थी, जिन्होंने 2013 में नॉर्थ कोरिया का दौरा किया था.

यह भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका की जंग के बीच नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग क्या कर रहे हैं? 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com