- ईरान से लगभग बीस लाख बैरल कच्चा तेल लेकर एक बड़ा टैंकर भारत बिना रुकावट के पहुंच गया है
- ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने का ऐलान कर इस समुद्री मार्ग पर सख्त पहरा लगा दिया है
- ईरानी सेना ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान आने-जाने वाले जहाजों की आज़ादी का वादा तोड़ा है
दुनिया के लिए भले ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद हो लेकिन भारत के लिए उस रास्ते से तेल और LPG के आने का सिलसिला लगातार जारी है. होर्मुज के संभावित नाकाबंदी के बीच ईरान से एक और बड़ा तेल टैंकर भारत पहुंच गया है. बताया जा रहा है कि इस जहाज में करीब 20 लाख बैरल कच्चा तेल लदा है. ये टैंकर होर्मुज की नाकाबंदी की खबरों के कुछ घंटे पहले ही ईरान से भारत के लिए निकला था और अब बगैर किसी रोकटोक के ये भारत पहुंच गया है. ये टैंकर ऐसे समय में भारत पहुंचा है जब मिडिल ईस्ट में हालात फिर से बिगड़ते दिख रहे हैं.
आपको बता दें कि तेल का ये टैंकर उस समय भारत पहुंचा है जब ईरान ने एक बार फिर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने का ऐलान कर दिया है. ईरानी सेना ने इस समुद्री रास्ते पर फिर से कड़ा पहरा लागू कर दिया. ईरान के मिलिट्री कमांड ने एक बयान में कहा कि वाशिंगटन ने ईरान के बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर अपनी नेवल नाकाबंदी जारी रखकर अपना वादा तोड़ा है. बयान में कहा गया कि जब तक अमेरिका ईरान आने-जाने वाले सभी जहाजों के आने-जाने की आज़ादी बहाल नहीं कर देता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट में स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में रहेगी.
ट्रंप की जिद की वजह से ईरान ने उठाया कदम
लेबनान में हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच युद्धविराम के बाद ईरान ने सद्भावना दिखाते हुए होर्मुज खोलने का ऐलान किया था. लेकिन शनिवार की सुबह होते-होते स्थिति बदल गई. ईरानी सरकारी टीवी ने सैन्य कमान के हवाले से कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट अब फिर से अपनी पुरानी स्थिति में लौट आया है, यानी होर्मुज दोबारा बंद किया जा चुका है. ईरान ने कहा कि अब होर्मुज सशस्त्र बलों के सख्त प्रबंधन के में है.
इधर, होर्मुज संकट से जहाजों की आवाजाही और उनकी सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल उठा है. इस बीच शनिवार को भारत सरकार ने जहाजों की सुरक्षा को लेकर एक बड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी है.
भारत मैरीटाइम इंश्योरेंस पुल को मंजूरी
यह प्रस्ताव 12980 करोड़ रुपए का है. एक रूप से यह इंटरनेशनल वॉटर में भारतीय जहाजों के लिए सुरक्षा कवच का काम करेगा. इस प्रस्ताव का नाम है- भारत मैरीटाइम इंश्योरेंस पूल. जिसका मकसद भारतीय झंडे वाले या भारत से जुड़े जहाजों को लगातार और किफायती बीमा सुविधा देना है, चाहे वे किसी भी अंतरराष्ट्रीय मार्ग से माल ला रहे हों या भेज रहे हों.
यह भी पढ़ें: होर्मुज खुला या बंद? ट्रंप के दावे और ईरान की शर्तों ने बढ़ाया कन्फ्यूजन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं