नेपाल बाढ़ त्रासदी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन के कई ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं, जो एक तरफ उम्मीद जगा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ वहां की गंभीर स्थिति भी दिखा रहे हैं. गुरुवार को नेपाल से ऐसी ही तस्वीर सामने आई, जहां एक सुरंग से दो मजदूरों को जिंदा बाहर निकाला गया. 9 दिनों के संघर्ष के बाद बाहर निकले ये दोनों मजदूर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे अधिकारियों के लिए भी एक नई उम्मीद बन गए हैं.
अभी उस सुरंग में तेजी से ऑपरेशन चलाया जा रहा है. उम्मीद है कि और भी मजदूरों को वहां से जिंदा बाहर निकाला जा सकता है. इसी बीच एक और वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में रेस्क्यू करने वाले अधिकारी पानी के अंदर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं और मलबे को हटाने की कोशिश कर रहे हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी मशीनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.
लेकिन दो मजदूरों के जिंदा बाहर निकलने की वजह से आशा की किरण जगी है. टनल के अंदर और ज्यादा ऑक्सीजन की सप्लाई कर अंदर फंसे मजदूरों को जिंदा रखने का प्रयास है.
दोनों मजदूरों को बाहर निकाले जाने से पहले इंटरनेशनल टनलिंग एंड अंडरग्राउंड स्पेस एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डिक्स ने न्यूज एजेंसी एएफपी से कहा कि त्रिशूली 3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पर काम कर रही टीमों को लगा कि उन्हें सुरंग के अंदर से कोई हल्की आवाज सुनाई दी है. उन्होंने बताया कि बचाव दल के लोगों ने सुरंग के अंदर आवाज लगाई थी कि घबराओ मत, हम तुम्हें बचाने आ रहे हैं.
सुरंग के अंदर से आई एक आवाज!
नेपाल में दुनिया भर के एक्सपर्ट रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हैं. एपी की रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि नेपाल में 12 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स से लगभग 900 कर्मचारी लापता हैं, जिनमें से करीब 500 के सुरंगों में फंसे होने की आशंका है. इस बड़े बचाव अभियान के तहत इंजीनियर इन सुरंगों में हवा भर रहे हैं, ताकि अंदर फंसे लोगों को ऑक्सीजन मिलती रहे.
ये भी पढ़ें- 216 घंटे के ऑपरेशन में ऐसे 2 मजदूरों को बचाया गया
वैसे सुरंग में फंसे मजदूरों को बचाने में एयर पॉकेट्स की भी बड़ी भूमिका रही है. असल में जब सुरंग निर्माण होता है तब छोटे छोटे छेद भी किए जाते हैं जिससे हवा का प्रवाह बना रहे. अब यही छेद नेपाल त्रासदी में इन मजदूरों के लिए लाइफलाइन साबित हुए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं