नेपाल की तिब्बत से लगती सीमा पर रसुवा में अचानक आई भीषण बाढ़ में जान-माल का भारी नुकसान होने की खबर है. इस बाढ़ में कई गांव बह गए. बाढ़ का पानी अपने साथ बिजली परियोजनाओं और पुलों को भी बहा ले गया. यह बाढ़ तिब्बत से नेपाल की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में आई. नेपाल के कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. नेपाल के पर्यटन बोर्ड ने 105 भारतीय समेत 291 विदेशी नागरिकों के बाढ़ के बाद लापता होने की जानकारी दी है. बोर्ड की ओर से जारी सूची के मुताबिक 93 नेपाली नागरिक भी लापता हैं.
किस देश के कितने नागरिक लापता हैं
नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से जारी बयान के मुताबिक यह बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचानक आई. बोर्ड ने कहा है कि बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस और अन्य लोगों के साथ मिलकर लापता पर्यटकों की तलाश की जा रही है. बयान के मुताबिक ट्रवेल्स कंपनियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक प्रभावित इलाकों में लापता बताए गए हैं. बयान में कहा गया है कि इन आंकड़ों का ट्रेवेल एजेंसियों, गाइडों, सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय अधिकारियों के जरिए पुष्टि कराने की कोशिशें की जा रही हैं.

इस बयान में बताया गया है कि अचानक आई बाढ़ के बाद स्मार्ट टूर्स एंड ट्रेवल की सेवाएं लेने वाले 59 भारतीय पर्यटक, काठमांडू हॉलिडे टूर एंड ट्रवेल की सेवाएं लेने वाले एक ऑस्ट्रेलियाई और नीदरलैंड का एक पर्यटक, लीफ हॉलिडे की सेवा लेने वाले 46 भारतीय पर्यटक, कैलाश जर्नी की सेवा लेने वाले 26 लोग (इनकी नागरिकता की पुष्टि अभी नहीं हुई है.), ट्रेकर्स सोसाइटी की सेवा लेने वाले 77 पर्यटक (इनकी नागरिकता की पुष्टि अभी नहीं हुई है.), रिचा टूर्स एंड ट्रवेल की सेवा लेने वाले आठ लोग (इनकी नागरिकता की पुष्टि अभी नहीं हुई है.), फिशटेल टूर्स एंड ट्रवेल्स की सेवाएं लेने वाले तीन अमेरिकी और 17 मलेशियाई पर्यटक, हिमालयन ग्लेशियर की सेवाएं लेने वाले 37 अनिवासी भारतीय (एनआरआई) और अल्पाइन इको ट्रेक की सेवाएं लेने वाले यूके के 12 और दक्षिण अफ्रीका के चार पर्यटक लापता हैं. इनके साथ गए 93 नेपाली नागरिक भी लापता बताए जा रहे हैं.
Bhotekoshi Flash Flood
— Nepal Tourism Board (@nepaltourismb) August 26, 2026
SITUATION UPDATE -2
Date: August 26, 2026
Preliminary Details of Missing Tourists pic.twitter.com/gxWJfVfKuX
संकट में इन नंबरों पर करें संपर्क
नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से जारी बयान के मुताबिक किसी भी आपातकालीन सेवा के लिए हॉटलाइन नंबर 1144, टूरिस्ट पुलिस के नंबर 9851289445 पर फोन कर जानकारी ले सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं