बिहार के भागलपुर में एक नाव गंगा नदी में पलट गई. नाव में 22 मजदूर सवार थे. 21 मजदूरों ने नदी में तैर कर अपनी जान बचाई. वहीं एक मजदूर लापता बताया जा रहा है. फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. ये मजदूर गंगा नदी के कटाव को रोकने का काम कर रहे थे. नाव पर रेत की बोरियां भी लदी थीं.
जानकारी के अनुसार, भागलपुर के नवगछिया अंतर्गत खरीक प्रखंड के राघोपुर तटबंध के पास गंगा नदी में यह हादसा हुआ. मजदूर रेत की बोरियों के जरिए नदी का कटाव रोकने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान अचानक वजन कम होने और नदी की बदलती धारा का विपरीत दबाव बढ़ने से नाव पलट गई और उस पर सवार सभी 22 मजदूर गंगा में गिर गए. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक लापता मजदूर की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है.
🔴#BREAKING | भागलपुर में बड़ा हादसा: गंगा में पलटी मजदूरों की नाव..21 मजदूर सुरक्षित निकाले गए#Bhagalpur #BiharNews | @vikasbha pic.twitter.com/h7qj8frszb
— NDTV India (@ndtvindia) August 26, 2026
गौरतलब है कि राघोपुर गांव में दो दिन पहले गंगा का तटबंध टूटने से बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के आवास सहित पूरे इलाके में पानी घुस गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया था और जिला प्रशासन को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं. जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं