एक तरफ अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच भीषण जंग जारी है, तो दूसरी तरफ इजरायल ने लेबनान में ईरान समर्थित आतंकी संगठन हिज्बुल्लाह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. जंग के बीच एनडीटीवी भारत का पहला ऐसा न्यूज चैनल है, जो इजरायल-लेबनान बॉर्डर पर जाकर रिपोर्टिंग कर रहा है.
एनडीटीवी के संवाददाता आदित्य राज कौल ने इजरायल-लेबनान बॉर्डर पर उस इलाके में पहुंचे, जिसके आसपास हिज्बुल्लाह के आतंकी छिपे रहते हैं. ये आतंकी इजरायली सेना आईडीएफ पर हमले करते हैं. आईडीएफ भी पलटवार कर रहा है.
एनडीटीवी संवाददाता ने बताया कि जिस जगह वह मौजूद हैं, वहां से कुछ ही दूर पर इजरायल हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर बमबारी कर रहा है. इजरायल के हमले में 300 से ज्यादा हिज्बुल्लाह आतंकी मारे जा चुके हैं, लेकिन अब भी कई आतंकी अड्डे और मिसाइलों के ठिकाने बचे हुए हैं. हिज्बुल्लाह आतंकियों ने लेबनान के अंदर अपने ठिकाने बना रखे हैं, जिन्हें तबाह करने में इजरायल जुटा हुआ है.
इजरायल-लेबनान बॉर्डर पर सबसे पहले पहुंचने वाला चैनल बना NDTV, देखिए जंग के बीच @AdityaRajKaul की खास रिपोर्ट#ndtvgroundreport | #Israel pic.twitter.com/TsoxjRRJ7n
— NDTV India (@ndtvindia) March 11, 2026
ईरान लगातार हिज्बुल्लाह आतंकियों की मदद कर रहा है ताकि उनकी मिसाइलें तेल अवीव और यरूशलम जैसे बड़े शहरों को निशाना बना सकें. उधर अमेरिका और इजरायल ने भी साफ कर दिया है कि जब तक हिज्बुल्लाह का खात्मा नहीं होता, जब तक ईरान में अयातुल्ला का शासन पूरी तरह नेस्तनाबूद नहीं कर दिया जाता, तब तक जंग जारी रहेगी.
ईरान ने बातचीत की मेज पर आने से मना कर दिया है और बार- बार हमलों की धमकी दे रहा है. जमीनी हमलों के अलावा ईरान ने तेल व्यापार के प्रमुख रास्ते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है. वहां कई जहाजों पर हमले किए गए हैं. बुधवार को थाईलैंड के जहाज पर हमला हुआ, जिसके बाद 20 लोगों को बचाकर निकाला गया. करीब 3 लोग लापता बताए गए हैं.
अमेरिका ईरान को तबाह करने का दावा कर रहा है, वहीं ईरान भी रह-रहकर हमले कर रहा है. युद्ध अब कई मोर्चों पर फैल चुका है और दुनिया की नजरें इस बात पर हैं कि आखिर शांति कब बहाल होगी, क्या कोई मध्यस्थता कराने के लिए आगे आएगा. बहरहाल दुनिया को इस युद्ध के खत्म होने का बेसब्री से इंतजार है.
देखें- पश्चिम एशिया युद्ध में आगे क्या होगा, 4 संभावनाओं से समझें; भारत पर कितना असर?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं