विज्ञापन

VIDEO: चांद से लौटे अंतरिक्ष यात्रियों पर चिल्लाने लगा शख्स, बोला- 'पूरा मिशन फर्जी था, भगवान सब देख रहे'

NASA Artemis 2 Moon Mission: चांद के करीब से लौट आए नासा के 4 अंतरिक्ष यात्रियों को घेरकर यह आरोप लगाया गया कि पूरा मून मिशन ही फर्जी था.

VIDEO: चांद से लौटे अंतरिक्ष यात्रियों पर चिल्लाने लगा शख्स, बोला- 'पूरा मिशन फर्जी था, भगवान सब देख रहे'
NASA Artemis 2 Moon Mission: चांद से लौटे अंतरिक्ष यात्रियों पर चिल्लाने लगा शख्स
  • नासा के आर्टेमिस 2 मिशन के चार अंतरिक्ष यात्रियों को संसद के बाहर एक व्यक्ति ने चांद मिशन को नकली बताया था
  • उस व्यक्ति ने जोर से चिल्लाकर आरोप लगाए कि वे कभी अंतरिक्ष में गए ही नहीं और उन्हें उपर वाला देख रहा है
  • आर्टेमिस 2 मिशन अप्रैल में लॉन्च हुआ था और यह 1972 के बाद पहला मानव अंतरिक्ष मिशन था जो चांद के चारों ओर गया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

सोचिए... आप चांद के पास तक जाकर लौटे हों और अचानक कोई सामने आकर कह दे- “तुम लोग कभी अंतरिक्ष में गए ही नहीं!” कुछ ऐसा ही हुआ नासा के चार अंतरिक्ष यात्रियों के साथ. अमेरिका की संसद के बाहर एक आदमी ने उन्हें घेर लिया और जोर-जोर से आरोप लगाने लगा कि उनका पूरा मून मिशन नकली था. उसने कहा कि सब “एक्टिंग” कर रहे हैं और भगवान सब देख रहे हैं. भाई साहब ने खुद वीडियो भी बनाया जिसमें दिखा कि अंतरिक्ष यात्री इस पूरे घटना के बीच बेहद शांत रहे. किसी ने बहस नहीं की, किसी ने गुस्सा नहीं किया. बस मुस्कुराकर वहां से निकल गए.

आखिर हुआ क्या?

नासा के आर्टेमिस 2 मिशन के चार अंतरिक्ष यात्रियों को इस महीने की शुरुआत में अमेरिका की संसद कैपिटल हिल के बाहर एक गुस्सैल व्यक्ति ने घेर लिया. उस व्यक्ति ने उन पर आरोप लगाया कि उनका चांद मिशन नकली था. वीडियो में रिकॉर्ड हुई इस घटना में वह आदमी अंतरिक्ष यात्रियों से कुछ ही फीट दूर खड़ा होकर चिल्लाया, “झूठ बोलना बंद करो! एक्टिंग करना बंद करो! तुम लोग कभी अंतरिक्ष में गए ही नहीं. यीशु को फॉलो करो! भगवान तुम सबको देख रहे हैं.”

आंख बंद करने वाले कॉन्सपिरेसी थ्योरिस्ट कम नहीं

यह घटना 2002 की उस मशहूर घटना जैसी थी, जब अपोलो 11 मिशन के अंतरिक्ष यात्री बज एल्ड्रिन का सामना चांद पर उतरने को झूठ मानने वाले बार्ट सिब्रेल से हुआ था. उस समय 72 साल के बज एल्ड्रिन ने गुस्से में सिब्रेल के चेहरे पर मुक्का मार दिया था. लेकिन उनके उलट इस बार आर्टेमिस 2 मिशन की टीम ने काफी धैर्य दिखाया.

इस टीम में नासा के रीड वाइसमैन, विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडाई स्पेस एजेंसी के जेरेमी हैनसेन शामिल हैं. इन अंतरिक्ष यात्रियों ने ज्यादातर समय उस व्यक्ति को नजरअंदाज किया. हालांकि विक्टर ग्लोवर ने हल्की मुस्कान के साथ उसे हाथ जरूर हिलाया. वहां से जाते समय आर्टेमिस 2 मिशन के पायलट ग्लोवर ने कहा, “अपना ख्याल रखना.”

बता दें कि आर्टेमिस 2 मिशन 1 अप्रैल को लॉन्च हुआ था. इस मिशन में चारों अंतरिक्ष यात्री 10 दिन की यात्रा पर चांद के चक्कर लगाकर वापस पृथ्वी पर लौटे. यह 1972 में अपोलो 17 मिशन के बाद पहला ह्यूमन स्पेस मिशना था, जो अपनी धरती के ऑर्बिट से बाहर गया. अपोलो 17 मिशन में अंतरिक्ष यात्री चांद की सतह पर उतरे थे.

इतने बड़े और पूरी तरह रिकॉर्ड किए गए मिशन को नकली मानने के लिए बहुत अजीब सोच की जरूरत होगी. नासा ने इस पूरे मिशन की लाइव स्ट्रीमिंग की थी, लॉन्च से लेकर समुद्र में वापसी तक. फ्लोरिडा के स्पेस कोस्ट पर हजारों लोगों ने इस लॉन्च को अपनी आंखों से देखा था. इसके बावजूद इस शख्स ने इस मून मिशन को फर्जी बताया है.

यह भी पढ़ें: धरती से अब तक सबसे दूर पहुंचा इंसान, आर्टेमिस II ने तोड़ा 54 साल पुराना रिकॉर्ड; देखा चांद का अनदेखा नजारा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com