विज्ञापन

सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामनेई जख्मी हैं, पहली बार ईरान ने माना

ईरान ने कहा कि दुश्मन यह सवाल उठा रहा है कि खामेनेई सार्वजनिक रूप से सामने क्यों नहीं आ रहे या कोई वीडियो संदेश क्यों नहीं जारी कर रहे, ताकि ईरान के सुरक्षा तंत्र में सेंध लगाई जा सके.

सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामनेई जख्मी हैं, पहली बार ईरान ने माना

Iran News: ईरान के सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर दुनिया भर में चल रही अटकलों के बीच ईरान ने पहली बार माना है कि सुप्रीम लीडर मुज्तबा जख्मी हैं. असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य और सर्वोच्च नेता के कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप-प्रमुख अयातुल्ला मोहसिन कोमी ने पश्चिमी देशों के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने मुज्तबा खामेनेई को 'धरती पर खुदा का सबूत' बताते हुए कहा है कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और देश के अहम मामलों का नेतृत्व कर रहे हैं.

मोहसिन कोमी ने इन खबरों को दुश्मनों की साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश केवल अफवाह फैलाने और ईरान को प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं. कोमी के मुताबिक, दुश्मन यह सवाल उठा रहा है कि खामेनेई सार्वजनिक रूप से सामने क्यों नहीं आ रहे या कोई वीडियो संदेश क्यों नहीं जारी कर रहे, ताकि ईरान के सुरक्षा तंत्र में सेंध लगाई जा सके.

जख्मी होने के बाद ईरान ने कबूली

FARS न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अयातुल्ला कोमी ने पहली बार इस बात की पुष्टि की है कि जिस इमारत पर बमबारी हुई थी, मुज्तबा खामेनेई उस वक्त वहीं मौजूद थे. उन्होंने बताया कि यह किसी करिश्मे से कम नहीं था कि धमाके से कुछ ही मिनट पहले वे इमारत से निकलकर आंगन में चले गए थे. उसी जगह पर कई अन्य लोग शहीद हो गए, लेकिन खुदा की मर्जी से खामेनेई सुरक्षित बच गए.

कोमी ने कबूला कि उस हमले में सर्वोच्च नेता को कुछ चोटें जरूर आईं, लेकिन अब उनकी जान बचाना और उनकी सेहत का ख्याल रखना ईरान के लिए सबसे अहम मुद्दा है. उन्होंने शिया समुदाय को आश्वस्त करते हुए कहा कि ईश्वर ने उन्हें एक 'खजाने' की तरह सुरक्षित रखा है. ईरान के अधिकारियों का पूरा ध्यान अब उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को पूरी तरह बहाल करने पर केंद्रित है.

अस्पताल से ही चला रहे हैं सरकार

ईरानी अधिकारियों का दावा है कि घायल होने के बावजूद मुज्तबा खामेनेई प्रशासनिक और रणनीतिक कार्यों में पूरी तरह सक्रिय हैं. कोमी के अनुसार, वे बातचीत और जमीनी अभियानों की सीधी निगरानी कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने ईरान की बातचीत करने वाली टीम को खास निर्देश भी दिए हैं कि अलग-अलग हालातों में क्या कदम उठाने चाहिए.

हमले में परिवार को खोया, कड़े सुरक्षा घेरे में हो रहा इलाज

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस परिसर में हमला हुआ था, वहां पहले सर्वोच्च नेता अली खामेनेई रहा करते थे. उस घातक हमले में मुज्तबा खामेनेई की पत्नी और बेटे की मौत हो गई थी. इस व्यक्तिगत त्रासदी और शारीरिक चोटों के बाद से उनके पास जाने वालों की संख्या बेहद सीमित कर दी गई है. वर्तमान में केवल कुछ चुनिंदा मेडिकल स्टाफ और करीबी लोग ही उनके संपर्क में हैं.

यह भी पढ़ें: ईरान में सेना ने ही सरकार के अंदर करा दी फूट, विदेश मंत्री को हटाने की तैयारी?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ayatollah Mohsen Qomi, Mojtaba Khamene, Mojtaba Khamene Health News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com