लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाके में बुधवार को दो यहूदी पुरुषों पर एक शख्स ने चाकू से हमला कर दिया. ब्रिटिश पुलिस ने इसे एक 'आतंकी हमला' करार दिया है और हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है. अब ब्रिटेन की सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की गहनता से जांच कर रही हैं कि क्या इस घटना के तार ईरान से जुड़े थे?
HAYI नाम के संगठन ने ली जिम्मेदारी
इस बीच हरकत अशाब अल यामीन अल इस्लामिया (HAYI) नाम के संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. SITE इंटेलिजेंस ग्रुप का कहना है कि इस संगठन का संबंध ईरान से हो सकता है. HAYI ने बयान में कहा कि इस हमले को अकेले हमलवार (लोन वुल्फ अटैकर) ने अंजाम दिया. HAYI ने यूरोप में पिछले दो महीनों में यहूदियों के ठिकानों पर हुए हमलों की भी जिम्मेदारी ली है. बता दें कि पिछले कुछ समय से यूरोप खासकर लंदन में यहूदियों और उनके पूजा स्थलों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं. इनके पीछे ईरान समर्थित लोगों के शामिल होने का शक है.
रास्ते से जा रहे यहूदियों पर किए वार
लंदन की मेट्रोपोलिटन पुलिस ने बताया कि गोल्डर्स ग्रीन रोड पर इस हमले को 45 वर्षीय हमलावर ने अंजाम दिया. उसने रास्ते से जा रहे 34 और 76 वर्ष के दो यहूदी नागरिकों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया. पुलिसकर्मी जब हमलावर को पकड़ने के लिए पहुंचे तो उसने उन पर भी चाकू से वार करने की कोशिश की. हालांकि पुलिस ने बल प्रयोग करके उसे दबोच लिया.

पीएम ने बुलाई इमरजेंसी बैठक
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घटना पर दुख जताया है और कहा है कि यहूदी समुदाय पर हमला पूरे ब्रिटेन पर हमला है. उन्होंने स्थिति की समीक्षा के लिए सरकार की इमरजेंसी कमिटी की बैठक बुलाई है. पुलिस के मुताबिक, हमलावर का गंभीर हिंसा और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का पुराना इतिहास रहा है.
यहूदियों के खिलाफ लगातार वारदातें
इस हमले के बाद ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी एमआई5 और आतंकवाद विरोधी दस्ते अलर्ट हो गए. इस बात की जांच की जा रही है कि क्या यह वारदात आगजनी की उन हालिया घटनाओं की कड़ी है, जिन्हें ईरान समर्थित समूहों द्वारा अंजाम दिए जाने का शक है. इस घटना से लंदन के यहूदी समुदायों में आक्रोश और डर का माहौल है.
उधर इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने लंदन में चाकूबाजी की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यहूदी विरोधी नफरत की इस दुनिया में कोई जगह नहीं है. दुनिया को इसके खिलाफ आगे आना होगा. उन्होंने कहा कि पश्चिम के प्रमुख शहरों में यहूदियों का सड़क पर चलना भी दुश्वार होता जा रहा है.
देखें- ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने जयशंकर को किया फोन, पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर हुई बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं