Viral Video: नेपाल के हेटौडा शहर में एक किराने की दुकान से पर 11 फिट का किंग कोबरा घुस गया. चौंकाने वाली बात थी कि वहां मौजूद लोगों ने उसे भगाने के लिए उस खतरनाक सांप पर पेट्रोल छिड़क दिया. धुआं करके भी उसे भगाने की कोशिश की गई. लेकिन भागने की जगह किंग कोबरा और भड़क गया. अच्छा बात रही कि उसे सांपों को रेस्क्यू करने वाले एक्सपर्ट ने सुरक्षित पकड़ लिया और उसे इंसानी बस्ती से दूर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया. यह वीडियो The world's most dangerous king cobra almost died inside a grocery store टाइटल से फेसबुक पर शेयर किया गया है.
किराने की दुकान में घुस गया था
यह मामला नेपाल के हेटौडा मेट्रोपॉलिटन सिटी-15 के भुरले का है. नेपाली अखबार रातोपाटी की रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय निवासी महेंद्र डोंग की दुकान की दराज में लगभग 11 फीट लंबा जहरीला किंग कोबरा मिला. सामने आए वीडियो में दिखा कि यह नाग गहरा काला था और इसके गर्दन का हिस्सा पीला था. पहले तो स्थानीय लोगों ने सांप को भगाने के लिए उस पर पेट्रोल डाल दिया था. साथ में धुआं किया गया. लेकिन पेट्रोल और धुएं की वजह से सांप आक्रामक हो गया था.
फिर लोकल वार्ड मेंबर सिंह बहादुर ने सांपों को रेस्क्यू करने वाले एक्सपर्ट राजेश और रोशन को सूचित किया, जिन्होंने फिर किंग कोबरा को सुरक्षित रूप से काबू में कर लिया. दोनों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया. फिर पकड़े गए किंग कोबरा को इंसानी बस्तियों से काफी दूर, जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया.
सांप बचाने वालों ने बताया कभी नाग पर पेट्रोल क्यों नहीं डालना चाहिए
सांप रेस्क्यू करने वाले राजेश ने बताया कि चूंकी स्थानीय लोगों ने सांप को भगाने के लिए उस पर पेट्रोल डाल दिया था, उसकी वजह से उसे पकड़ना और मुश्किल हो गया था. उन्होंने समझाया कि पेट्रोल और धुएं की वजह से सांप आक्रामक हो गया था, इसलिए उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए विशेष सावधानी बरतनी पड़ी. उन्होंने सांपों को भगाने के लिए पेट्रोल या डीजल का इस्तेमाल न करने की सलाह दी और इसे खतरनाक बताया. उन्होंने लोगों से ऐसी हरकतें न करने की अपील की, क्योंकि एक शांत स्वभाव वाला सांप भी अगर खुद को खतरे में महसूस करे, तो हमला कर सकता है.
यह भी पढ़ें | 1400 किलो के बाहुबली बैल ने मचाई धूम, कसाईखाने से बचाया गया, मालिक बोला- बच्चे की तरह लिपटकर गोद में सोता है
दुनिया का सबसे जहरीला सांप है किंग कोबरा
राजेश ने बताया कि उन्होंने अब तक उन्होंने 16 बार किंग कोबरा को पकड़कर उनको रेस्क्यू किया है. उन्होंने बताया कि 14वीं बार रेस्क्यू करते समय, बकैया और बागमती ग्रामीण नगर पालिका के सीमावर्ती इलाके में एक किंग कोबरा ने उन्हें काट लिया था. उन्होंने बताया कि किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा जहरीला सांप है, और इसका जहर इंसान के नर्वस सिस्टम (तंत्रिका तंत्र) पर बहुत बुरा असर डाल सकता है.
उनके अनुसार, किंग कोबरा का काटना इंसानों के लिए जानलेवा हो सकता है. वैसे तो किंग कोबरा आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करते हैं। लेकिन अगर उन्हें खतरा महसूस हो, तो वे खुद को बचाने के लिए आक्रामक हो सकते हैं.
किंग कोबरा काट ले तो क्या करें?
नेपाल के इस इलाके में किंग कोबरा के अलावा, कई अन्य प्रजातियों के सांप भी पाए जाते हैं, जैसे कि मोनोसेलेट कोबरा, स्पेक्टेकल्ड कोबरा, बैंडेड क्रेट, कोरल स्नेक, ग्रीन पिट वाइपर और रेड-नेक्ड कीलबैक. सलाह दी जाती है कि सांप के काटने पर अंधविश्वासों या घरेलू नुस्खों में समय बर्बाद न करें, बल्कि तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें.
यह भी पढ़ें | सांप कैसे भगाएं? घर में क्या रखने से सांप नहीं आता है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं