उज्बेकिस्तान में पढ़ाई कर रही केरल की 22 वर्षीय भारतीय मेडिकल छात्रा की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शुरुआती तौर पर इसे विवाद के दौरान हुई एक घटना बताया गया था, लेकिन छात्रा के परिवार ने हत्या और यातना के गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि छात्रा की मौत से पहले उसके साथ लंबे समय तक मारपीट की गई थी और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे. घटना के एक सप्ताह बाद केरल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. अब पुलिस उज्बेकिस्तान की जांच एजेंसियों, भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है.
परिवार की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का केस
छात्रा की मौत के बाद उसके माता-पिता ने जिला पुलिस प्रमुख से मुलाकात कर न्याय की मांग की. इसके बाद हरिपाड पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया. कायमकुलम के डिप्टी पुलिस अधीक्षक बिनुकुमार टी ने पीटीआई को बताया कि भले ही कथित घटना उज्बेकिस्तान में हुई हो, लेकिन भारतीय कानून के तहत यहां मामला दर्ज किया जा सकता है. यदि वहां की एजेंसियां प्रभावी कानूनी कार्रवाई करती हैं तो उसके आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा. पुलिस अधिकारी ने कहा कि "भले ही यह अपराध उज्बेकिस्तान में हुआ हो, लेकिन भारत में भी इस मामले में केस दर्ज करने का प्रावधान है. यदि वहां की पुलिस आरोपी के खिलाफ केस चलाती है और कानूनी कार्रवाई करती है, तो हम यहां दर्ज मामले को बंद कर देंगे. लेकिन अगर वहां कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होती है, तो हम इस मामले में आगे जांच और कार्रवाई जारी रखेंगे."
मेडिकल छात्र पर लगा हत्या का आरोप
मामले में जिस युवक का नाम सामने आया है, वह भी केरल के मलप्पुरम जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और उज्बेकिस्तान में छात्रा के साथ मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उस पर छात्रा की हत्या का आरोप है. रिपोर्टों में कहा गया है कि किसी विवाद के दौरान छात्रा पर हमला किया गया था. हालांकि परिवार इस कहानी को अधूरा और भ्रामक बता रहा है.
परिवार ने आधिकारिक दावे पर उठाए सवाल
छात्रा के परिजनों का कहना है कि मौत केवल सिर पर चोट लगने से नहीं हुई. मीडिया से बातचीत में परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि छात्रा के शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं, जो लंबे समय तक हिंसा किए जाने की ओर इशारा करती हैं. परिवार के एक सदस्य, जो शव लाने के लिए उज्बेकिस्तान गए थे, उन्होंने आरोप लगाया कि वहां के जांचकर्ताओं ने भी उन्हें बताया था कि छात्रा को मौत से पहले प्रताड़ित किया गया था. उनका कहना है कि छात्रा की मौत को केवल एक चोट से जोड़कर नहीं देखा जा सकता.
धर्म परिवर्तन के दबाव का भी आरोप
परिजनों ने एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनका दावा है कि जांच के दौरान उन्हें बताया गया कि आरोपी कथित रूप से छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता था. परिवार का कहना है कि कई छात्रों ने भी इस तरह की बातों का जिक्र किया है. हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.
केरल पुलिस करेगी अंतरराष्ट्रीय समन्वय
बिनुकुमार ने कहा है कि वह भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय के माध्यम से उज्बेकिस्तान की जांच एजेंसियों से जानकारी हासिल करेगी. पुलिस यह भी जानना चाहती है कि वहां आरोपी के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है और जांच किस स्तर पर पहुंची है. अधिकारियों के अनुसार आरोपी के हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिली है, लेकिन इसकी औपचारिक पुष्टि संबंधित दस्तावेज मिलने के बाद ही होगी.
भारत लाने की मांग
परिवार चाहता है कि जांच केवल उज्बेकिस्तान तक सीमित न रहे. परिजनों ने केरल पुलिस से स्वतंत्र जांच की मांग की है और कहा है कि यदि संभव हो तो आरोपी को भारत लाकर यहां भी कानूनी कार्रवाई की जाए. पुलिस का कहना है कि ऐसे किसी कदम पर निर्णय लेने से पहले कानूनी राय और विदेश मंत्रालय से परामर्श लिया जाएगा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले के तहत अलप्पुझा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम भी कराया गया है. अब जांच एजेंसियों की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक निष्कर्षों और उज्बेकिस्तान से मिलने वाली आधिकारिक जानकारी पर टिकी है, जिससे मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें.
यह भी पढ़ें : कौन हैं रागिनी साहू? इंटरनेशनल मून मिशन शक्तिसैट के लिए चुनी गईं छत्तीसगढ़ की इकलौती छात्रा, कैसे किया कमाल
यह भी पढ़ें : भाजपा ने जीतीं 28 सीटें और मेयर बन गया 20 जीतने वाली AAP का; पंजाब में नतीजे पर बवाल
यह भी पढ़ें : देश की अनोखी हर्बल मंडी: यहां बिकते हैं फूल, पत्ती, जड़, छाल और कांटे भी; किसानों को मिलते हैं मुंह मांगे दाम
यह भी पढ़ें : इतनी बारिश हुई कि कब्रों से निकल आए मुर्दे, पानी में तैरने लगे तो घबराए लोग; सहारनपुर का मामला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं