विज्ञापन

मॉल के उड़े परखच्चे, फैक्ट्री पर गिरी चिमनी... जापान में भूकंप से खौफनाक तबाही, 13 की मौत | VIDEO

जापान के क्यूशू द्वीप के कई स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में इतना तेज भूकंप कभी महसूस नहीं किया. यहां जानिए कि जापान में बार-बार भूकंप क्यों आते हैं.

मॉल के उड़े परखच्चे, फैक्ट्री पर गिरी चिमनी... जापान में भूकंप से खौफनाक तबाही, 13 की मौत | VIDEO
Japan Earthquake: जापान में 7.1 तीव्रता के भूकंप ने मचाई तबाही (फोटो- पीटीआई)
  • जापान में 7.1 तीव्रता के आए भूकंप से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है
  • काशिमा शहर के एक शॉपिंग मॉल में भूकंप के बाद विस्फोट हुआ है, जिससे मॉल पूरी तरह तबाह हो गया, कई लोग नीचे दबे
  • निप्पॉन पेपर इंडस्ट्रीज की एक फैक्ट्री में 9 लोग लापता. यहां एक बड़ी चिमनी टूटकर फैक्ट्री के ऊपर गिर गई

जापान में आए भयानक भूकंप ने कहर मचा दिया है. यहां आया भूकंप इतना तेज था कि पूरा का पूरा शॉपिंग मॉल लगभग तबाह हो गया है, इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है. मॉल के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है और राहत-बचाव टीमें उन्हें निकालने की कोशिश में जुटी हैं. मंगलवार को आए 7.1 तीव्रता के इस भूकंप ने जापान के दक्षिण-पश्चिमी कुमामोटो इलाके में भारी तबाही मचाई है. कई घर जमीन पर गिर गए, जगह-जगह आग लग गई, पुल टूट गए और हजारों घरों की बिजली चली गई.

इसी इलाके में साल 2016 में भी दो बड़े भूकंप आए थे, जिनमें सैकड़ों लोगों की जान गई थी.

मॉल पूरी तरह तबाह

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने टोक्यो में कहा कि कई लोगों की मौत हुई है. बड़ी संख्या में इमारतें गिर गई हैं, आग लगी है और सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं. सरकार के प्रवक्ता मिनोरू किहारा ने बताया कि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. बुधवार सुबह तक क्यूशू द्वीप के तीन इलाकों में बने 506 राहत शिविरों में 9,000 से ज्यादा लोग शरण ले चुके थे.

भूकंप के बाद हुए विस्फोट की वजह से मॉल पूरी तरह तबाह हो गया था (फोटो- पीटीआई)

भूकंप के बाद हुए विस्फोट की वजह से मॉल पूरी तरह तबाह हो गया था (फोटो- पीटीआई)

कई स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में इतना तेज भूकंप कभी महसूस नहीं किया. यह जापान के सात स्तर वाले शिंदो पैमाने के सबसे ऊंचे स्तर पर दर्ज किया गया. इस स्तर के झटकों में इंसान का खड़ा रहना भी मुश्किल हो जाता है. मरने वालों में कम से कम दो महिलाएं शामिल हैं. उनकी मौत काशिमा शहर के एक शॉपिंग मॉल में हुई. माना जा रहा है कि भूकंप आने के करीब आधा घंटा बाद गैस विस्फोट हुआ, जिससे मॉल बुरी तरह तबाह हो गया. बीबीस की रिपोर्ट के अनुसार एक गवाह ने दूसरी मंजिल के पूरी तरह ढहने की बात बताई. भूकंप के बाद दर्जनों बार फिर से झटके (आफ्टरशॉक) भी महसूस किए गए.

मॉल के अंदर की तस्वीरों में राहतकर्मी नारंगी कपड़ों और सफेद हेलमेट पहनकर मुड़े हुए लोहे, लटकती तारों और गिरी हुई छत के टुकड़ों के बीच सावधानी से लोगों की तलाश करते दिखाई दिए. मॉल चलाने वाली कंपनी एईऑन के प्रवक्ता ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ, जब भूकंप आने के बाद ग्राहक और कर्मचारी पहले ही बाहर निकल चुके थे.

उधर यात्सुशिरो में निप्पॉन पेपर इंडस्ट्रीज की एक फैक्ट्री में 9 लोग लापता हैं. वहां लाल-सफेद रंग की एक बड़ी चिमनी टूटकर फैक्ट्री के ऊपर गिर गई. बुधवार सुबह तक कुमामोटो में 36,880 घरों और दूसरी जगहों की बिजली अब भी बंद थी.

भूकंप की वजह से चिमनी टूटकर फैक्ट्री पर गिर गई है (फोटो- पीटीआई)

भूकंप की वजह से चिमनी टूटकर फैक्ट्री पर गिर गई है (फोटो- पीटीआई)

भूकंप की वजह से एक मालगाड़ी भी पटरी से उतर गई, कई सड़कें फट गईं, जिससे उन पर आना-जाना बंद हो गया. बुधवार को भी शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं बंद रहीं.

वीडियो में यह भी दिखा कि सदियों पुराने कुमामोटो किले की दीवार का एक हिस्सा गिर गया. जापानी सेना ने राहत और बचाव कार्य के लिए 3,600 जवानों को तैनात किया है। नुकसान का हवाई सर्वे करने के लिए 20 विमान भी भेजे गए हैं.

भूकंप की वजह से कई पुल भी टूट गए हैं (फोटो- पीटीआई)

भूकंप की वजह से कई पुल भी टूट गए हैं (फोटो- पीटीआई)

बार-बार यहां क्यों आते हैं भूकंप?

जापान दुनिया के उन देशों में है जहां सबसे ज्यादा भूकंप आते हैं. यह देश प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" के किनारे स्थित चार बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों के ऊपर बसा है. करीब 12.5 करोड़ आबादी वाले जापान में हर साल सैकड़ों भूकंप आते हैं. दुनिया में आने वाले करीब 18 प्रतिशत भूकंप जापान में ही दर्ज किए जाते हैं.

इनमें से ज्यादातर भूकंप हल्के होते हैं, लेकिन नुकसान इस बात पर निर्भर करता है कि भूकंप कहां आया और उसका केंद्र जमीन के कितनी गहराई में था. जापान आज भी 2011 की उस भयानक 9.0 तीव्रता वाली समुद्र के नीचे आई भूकंप की त्रासदी को नहीं भूला है. उस भूकंप के बाद आई सुनामी में करीब 18,500 लोग मारे गए या लापता हो गए थे, और फुकुशिमा परमाणु संयंत्र (न्यूक्लियर प्लांट) भी बुरी तरह तबाह हो गया था.

यह भी पढ़ें: जापान में 7.1 तीव्रता का बड़ा भूकंप आया, सुनामी का अलर्ट जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Japan Earthquake, Japan, Earthquake
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com