- इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने PM मोदी के स्वागत में पारंपरिक भारतीय जैकेट पहनकर खास सम्मान दिया
- नेतन्याहू ने अपने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के लिए पहने गए भारतीय परिधान का वीडियो शेयर कर दोस्ती का संदेश दिया
- आज दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच होगी अहम बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान उनके मित्र और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कुछ ऐसा किया, जो चर्चा का विषय बन गया. उन्होंने पीएम मोदी के लिए खास डिनर का इंतजाम किया. जब पीएम मोदी डिनर के लिए पहुंचे तो नेतन्याहू ने उनको चौंका दिया. दरअसल नेतन्याहू ने पीएम मोदी के स्वागत में भारतीय परिधान पहना था. वो भारत-इजराइल मित्रता के प्रतीक के रूप में पारंपरिक भारतीय परिधान जैकेट पहने दिखे.
बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने एक्स अकाउंट पर इसका वीडियो भी शेयर किया. उन्होंने लिखा, 'हमारे संयुक्त रात्रिभोज से पहले, मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंका दिया.'
हमारे संयुक्त रात्रिभोज से पहले, मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंका दिया। 🇮🇱🇮🇳@narendramodi pic.twitter.com/3ElIQeLY97
— Benjamin Netanyahu - בנימין נתניהו (@netanyahu) February 25, 2026
कल भी आया था ऐसा खुशनुमा पल
जब पीएम मोदी इजरायल पहुंचे तो वहां के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपनी पत्नी के साथ उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे. विमान से उतरते ही नेतन्याहू ने गले लगकर पीएम मोदी का स्वागत किया. दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और गले मिले. इस दौरान भी एक खास पल आया. दरअसल नेतन्याहू ने की पत्नी सारा ने भगवा (सैफरन) रंग का फॉर्मल सूट पहना था. इस पर नेतन्याहू ने पीएम मोदी के जैकेट पर लगे पॉकेट स्क्वायर की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह उससे मैच कर रहा है. इस पर दोनों प्रधानमंत्री ठहाके लगाकर हंस पड़े.
आज दोनों नेताओं की होगी अहम बैठक
बता दें कि पीएम नेतन्याहू ने ही प्रधानमंत्री मोदी को इजरायल आने का न्यौता दिया था. उनके आग्रह पर ही वो दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे हैं. तय कार्यक्रमानुसार दोनों के बीच एक छोटी सी मुलाकात हुई. इसके बाद पीएम मोदी ने इजरायली संसद नेसेट को संबोधित किया. गुरुवार सुबह दोनों प्रधानमंत्री याद वाशेम होलोकॉस्ट मेमोरियल सेंटर जाएंगे. आमतौर पर इजरायल आने वाले राष्ट्राध्यक्ष यहां जाते हैं. इजरायली पीएमओ के अनुसार, सुबह 11 बजे, वे किंग डेविड होटल में एक बड़ी बैठक करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं