विज्ञापन

हमास का टॉप कमांडर गिरफ्तार, इजरायली कमांडो ने गाजा में घुसकर दबोचा, नेतन्याहू ने खोली पूरी ‘कुंडली’

गाजा के टॉप लेबल के कमांडर की यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब इजरायली सेना ने उत्तरी गाजा में हमास के आतंकी और प्रशासनिक ढांचे को दोबारा खड़ा होने से रोकने के लिए अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है.

हमास का टॉप कमांडर गिरफ्तार, इजरायली कमांडो ने गाजा में घुसकर दबोचा, नेतन्याहू ने खोली पूरी ‘कुंडली’
Israel Gaza War: गाजा में इजरायली सेना की कार्रवाई अब भी तेज (फाइल फोटो)
  • इजरायली सेना ने गाजा सिटी में हमास के आंतरिक सुरक्षा विभाग के चीफ मुईन अल-अराबिद को गिरफ्तार किया है
  • मुईन अल-अराबिद गाजा पट्टी में हमास के बड़े नेताओं में से एक था और खुफिया कार्य संभालता था- नेतन्याहू का दावा
  • वह उत्तरी गाजा में हमास का नियंत्रण मजबूत करने और इजरायली सैनिकों पर हमले कराने की कोशिश कर रहा था

उत्तरी गाजा में हमास को बड़ा झटका लगा है. इजरायली सेना ने मंगलवार को हमास संगठन के आंतरिक सुरक्षा विभाग के चीफ मुईन अल-अराबिद को गाजा सिटी में उसके घर के पास एक बड़ी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया. इजरायल का कहना है कि वह उत्तरी गाजा में हमास का नियंत्रण फिर से मजबूत करने और इजरायली सैनिकों के खिलाफ हमले कराने की कोशिश कर रहा था. इजरायल की सेना (IDF) ने कहा कि यह कार्रवाई उत्तरी गाजा में हमास से पैदा होने वाले खतरों को खत्म करने के लिए की गई थी.

गिरफ्तार किए गए हमास के मेंबर की पहचान मुईन अल-अराबिद के रूप में हुई है. उसे गाजा सिटी में दिन के समय की गई एक खास छापेमारी के दौरान पकड़ा गया. सूत्रों के मुताबिक, मुईन अल-अराबिद गाजा पट्टी में हमास के सबसे बड़े नेताओं में से एक था. वह संगठन की जासूसी रोकने और खुफिया जानकारी से जुड़े कामों की जिम्मेदारी संभालता था.

इजरायल के मुताबिक, हाल ही में वह उत्तरी गाजा में हमास का नियंत्रण और मजबूत करने की कोशिश कर रहा था. साथ ही, वह ‘येलो लाइन' के पास तैनात इजरायली सैनिकों के खिलाफ आतंकी हमलों को आगे बढ़ाने की कोशिश भी कर रहा था. ऑपरेशन के दौरान IDF ने इलाके में कई ठिकानों पर हमला भी किया. सेना ने कहा कि इसका मकसद अपने सैनिकों के लिए तुरंत पैदा हो रहे खतरों को खत्म करना था.

इजरायली पीएम ने खोली कुंडली

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मुईन अल-अराबिद की गिरफ्तारी की पुष्टि की. उन्होंने इस कार्रवाई के लिए शिन बेट और IDF की तारीफ की. नेतन्याहू ने कहा, “मैं शिन बेट और IDF की तारीफ करता हूं. उन्होंने आज एक साहसी कार्रवाई में गाजा में उसके घर के पास हमास के आंतरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख को गिरफ्तार किया."

गिरफ्तारी की अहमियत बताते हुए नेतन्याहू ने कहा कि यह हमास नेता 7 अक्टूबर 2023 के हमले के बाद इजरायली बंधकों को छिपाने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए जिम्मेदार था. नेतन्याहू ने कहा, “वह हमास के सबसे बड़े नेताओं में से एक है. वह हमारे बंधकों को छिपाने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने, हमास के बड़े नेताओं को छिपाने, सैन्य ताकत बढ़ाने और इस आतंकी संगठन की क्षमताओं को फिर से मजबूत करने की कोशिशों के लिए जिम्मेदार था.”

इजरायल के प्रधानमंत्री ने उसकी हाल की गतिविधियों के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि मुईन अल-अराबिद गाजा में हमास का शासन फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रहा था. नेतन्याहू ने कहा कि वह इजरायली सैनिकों और आम लोगों के खिलाफ आतंकी हमलों में भी मदद कर रहा था. नेतन्याहू ने साफ किया कि इजरायल हमास के नेताओं की तलाश जारी रखेगा. उन्होंने कहा, “मेरा आदेश बिल्कुल साफ है: इजरायल हमास के सभी नेताओं और 7 अक्टूबर के नरसंहार में शामिल हर व्यक्ति का पीछा करता रहेगा.”

यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब IDF ने उत्तरी गाजा में हमास के आतंकी और प्रशासनिक ढांचे को दोबारा खड़ा होने से रोकने के लिए अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है.

यह भी पढ़ें: गाजा से उड़ रही पतंगों पर क्यों भड़क उठा इजरायल? हमास को दे दी चुन-चुनकर मारने की धमकी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Israel Gaza War, Israel Hamas War, Hamas Terror Group
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com