- इजरायल ने हमास को चेतावनी दी कि गाजा से पतंग, ड्रोन और गुब्बारे उड़ाने पर सैन्य कार्रवाई बढ़ा सकता है
- गाजा सीमा के पास हाल ही में लगभग दस पतंगें मिलीं, जिनमें विस्फोटक नहीं थे, सेना ने एक को गिराया
- इजरायल का मानना है कि हमास इन पतंगों के जरिए जांच रहा है कि इजरायली सेना कैसे रिएक्ट करेगी
उड़ रहे हैं शहर में पतंग रंग रंग, जगमगा उठा गगन बसंत आ गई.. नासिर काजमी साहब की गजल का यह शेर आसमान में पतंग को ढील देने के पीछे की मिठास को बयां करता है. क्या किसी देश को किसी के पतंग उड़ाने से परेशानी हो सकती है? पहली नजर में इसका जवाब आपको शायद ना लगे लेकिन ऐसा ही है और इसकी अपनी वजह है. इजरायल ने रविवार को हमास को चेतावनी दी कि अगर गाजा से इजरायल की ओर पतंग, ड्रोन और गुब्बारे उड़ाने का सिलसिला जारी रहा, तो वह गाजा में अपनी सैन्य कार्रवाई बढ़ा देगा. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं. हालांकि, हमास ने इन घटनाओं की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है.
पतंगों से इजरालय को क्या परेशानी है?
इजरायली मीडिया के मुताबिक, शनिवार को गाजा सीमा के पास स्थित इलाकों में चार पतंगें मिली थीं. रविवार को सेना ने एक पतंग को मार गिराया. इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों में मिली पतंगों की संख्या करीब 10 हो गई है. इन घटनाओं से पिछले सालों की घटनाओं की यादें फिर ताजा हो गई हैं. उस समय गाजा से आग लगाने वाली पतंगें और गुब्बारे बड़ी संख्या में इजरायल की ओर भेजे गए थे. इनकी वजह से दक्षिणी इजरायल की खेती वाली जमीनों में आग लग गई थी.
रिपोर्टों के मुताबिक, इजरायली सेना का मानना है कि इन पतंगों और दूसरी चीजों को उड़ाने के पीछे हमास का हाथ था. इनमें विस्फोटक नहीं थे. सेना का यह भी मानना है कि शायद हमास यह जांच रहा था कि इजरायल इस पर कैसी प्रतिक्रिया देगा.
उन्होंने कहा कि रविवार को उन्होंने सेना और सुरक्षा से जुड़े बड़े अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और इस मुद्दे पर चर्चा की.
हमास का इनकार
इस बीच, हमास ने इन पतंगों और दूसरी चीजों को उड़ाने की जिम्मेदारी से इनकार किया. हमास के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य बासेम नईम ने एक बयान में कहा कि ये पतंगें "गाजा से बच्चों ने उड़ाई थीं, जो मलबे के बीच अपना मासूम बचपन तलाश रहे हैं." एक अलग बयान में इस्लामी संगठन हमास ने इजरायल पर आरोप लगाया कि वह इन पतंगों को "बहाना" बनाकर रविवार को मध्य गाजा में हवाई हमले कर रहा है. गाजा की नागरिक सुरक्षा और बचाव सेवा के मुताबिक, इन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं