ईरान के साथ शांति समझौता अब बिल्कुल मुहाने पर खड़ा है. इस समझौते को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह डील रविवार को साइन कर लिया जाएगा. जबकि ईरान की ओर से रविवार की टाइमिंग को लेकर स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है. ट्रंप ने दावे को दोहराते हुए कहा कि डील रविवार को होगी वरना अंतिम विकल्प सोचा जाएगा और इसके नौबत न आए तो बेहतर है.
इस समझौते पर हस्ताक्षर कब होंगे, इसे लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस पूरे मामले में मुख्य मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान, दोनों का अनुमान है कि यह समझौता रविवार को ही फाइनल हो जाएगा. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अगले 24 घंटों के भीतर शांति समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की पूरी संभावना है.
पाकिस्तानी अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस इलेक्ट्रॉनिक साइन के बाद दोनों पक्षों के बीच तकनीकी स्तर की लंबी बातचीत का दौर शुरू होगा. यह बातचीत करीब 60 दिनों तक चल सकती है. इसमें मुख्य रूप से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चर्चा की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी तरह के विवाद को हमेशा के लिए सुलझाया जा सके.
दूसरी तरफ, ईरान ने इस पूरे मामले पर थोड़ा संभलकर बयान दिया है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा, "हमें समझौते पर हस्ताक्षर होने के सटीक समय का इंतजार करना चाहिए. यह कल (रविवार को) नहीं होगा, लेकिन आने वाले दिनों में ऐसा हो सकता है. चूंकि दूसरा पक्ष (अमेरिका) अपने बयानों और रुख में लगातार बदलाव करता रहा है, इसलिए हमें इस पूरी प्रक्रिया पर टिप्पणी करने में सावधानी बरतनी होगी."
भले ही हस्ताक्षर की तारीख और समय को लेकर तेहरान और वाशिंगटन में थोड़ा मतभेद दिख रहा हो, लेकिन ईरान का यह बयान बातचीत शुरू होने के बाद से अब तक का सबसे सकारात्मक और उम्मीद जगाने वाला बयान माना जा रहा है. ईरानी विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि भले ही रविवार की तारीख तय न हो, लेकिन आने वाले कुछ दिनों में इस डील के फाइनल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने इस दावे पर अड़े हुए हैं कि डील रविवार को ही साइन होगी. उन्होंने इसके तुरंत बाद 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को खोलने का बड़ा ऐलान भी कर दिया. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "इस डील पर कल (रविवार) हस्ताक्षर होने तय हैं और इसके तुरंत बाद होर्मुज स्ट्रेट को सभी के लिए खोल दिया जाएगा."
बता दें कि बीते 8 अप्रैल को हुए एक युद्धविराम के बाद से ही दोनों देशों के बीच भारी गोलाबारी और लड़ाई थमी हुई है. इसके बाद से ही राष्ट्रपति ट्रंप लगातार कह रहे थे कि दोनों देश समझौते के बेहद करीब हैं, हालांकि इससे पहले कई दौर की बातचीत बिना किसी नतीजे के खत्म हो चुकी थी.
Iran-US Deal Updates:
ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन ने कहा कि 12 दिन का युद्ध राष्ट्रीय एकता का प्रतीक
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने पिछले साल इजरायल की ओर से शुरू किए गए 12 दिन के युद्ध की पहली बरसी पर एक संदेश में ईरानी लोगों की एकता और मजबूती की तारीफ की है.
सरकारी IRNA न्यूज एजेंसी के हवाले से दिए गए संदेश में पेजेशकियन ने इस लड़ाई को 'राष्ट्रीय एकता का प्रतीक' बताया और लड़ाई के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि इजरायली सरकार ने यह सोचकर गलत अंदाजा लगाया कि सीनियर मिलिट्री अधिकारियों और स्ट्रेटेजिक जगहों पर हमले ईरानी देश को कमजोर करेंगे और देश को अस्थिर करेंगे.
Iran US Deal LIVE Updates: वॉशिंगटन और इस्लामाबाद से शांति समझौते के करीब होने के बढ़ते संकेतों के बावजूद, ईरान में कई लोग अभी भी इस बात पर यकीन नहीं कर रहे हैं कि जल्द ही कोई आखिरी डील होगी. तेहरान की सड़कों पर, लोगों ने बातचीत और किसी कामयाबी की उम्मीद पर शक जताया है.
समाचार एजेंसी एएफपी को 49 साल के सईद सादगी ने बताया, "मुझे नहीं लगता कि जल्द ही कोई डील होगी. मुझे उनकी बात पर भरोसा नहीं है."