Iran Israel War: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग का आज 10वां दिन है. ईरान के अमेरिका के ठिकानों पर हमले जारी हैं. इजरायल भी तेहरान समेत ईरान के प्रमुख ठिकानों को निशाना बना रहा है. इस बीच ईरान ने अपना अगला सुप्रीम लीडर, अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोज्तबा खामेनेई को चुन लिया है. अमेरिका-इजरायल के हमले में बीते 28 फरवरी को ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि वह ईरान के नए सुप्रीम लीडर का भी वहीं हाल करेंगे, जो उन्होंने अयातुल्ला अली खामेनेई का किया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह हमले रोक दे नहीं, तो अंजाम बहुत बुरा होगा. लेकिन ईरान पीछे हटने को तैयार नहीं है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला आत्मरक्षा के अधिकार का हिस्सा है. उनका कहना है कि यह युद्ध ईरान की पसंद नहीं है, बल्कि अमेरिका और इजरायल ने उस पर थोप दिया है. इस बीच ईरान की राजधानी का आसमान काले धुएं के गुबार में डूब गया है. हवा जहरीली हो गई है, और यह आम लोगों की जान के लिए आफत का सबब बन सकती है. ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने लोगों को जहरीली एसिड रेन से बचने की चेतावनी दी है. तेहरान और उसके आसपास के तेल ठिकानों को निशाने पर ले स्ट्राइक की गई थी. विस्फोट के बाद आग लगी, जिसकी लपटें काफी ऊपर तक जा रही थीं.
ईरान और US-इजरायल जंग की बड़ी बातें
- ईरान में अमेरिका-इजरायल हमलों से अब तक 1,255 लोगों की मौत, 12000 हुए घायल
- ईरान ने अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोज्तबा को नया सुप्रीम लीडर बनाया
- मिडिल ईस्ट में संघर्ष के बीच कच्चे तेल की कीमत 100 USD प्रति बैरल के पार पहुंची.
- बहरीन में ड्रोन हमले में आम लोग घायल हुए, घरों को नुकसान पहुंचा
- सऊदी में शायबा ऑयलफील्ड की तरफ जा रहे ड्रोन को तबाह किया गया
- UAE ऑयल इंडस्ट्री जोन में मलबा गिरने से लगी आग
- ईरान युद्ध में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर 7 हुई
Iran Israel War LIVE Updates...
ईरान की लड़ाई तुर्किए तक पहुंची
ईरान की जंग अब NATO कंट्री तुर्किए तक पहुंच गई है. तुर्किए में कई मिसाइलें गिरी हैं. इस बीच राजधानी अंकारा स्थिति अमेरिकी दूतावास ने दक्षिणी तुर्किए के अदाना शहर में गैर-जरूरी स्टाफ को कॉन्सुलेट छोड़ने का आदेश दिया है. वहीं, तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने कहा कि ईरान को चेतावनी दी गई है. उन्होंने कहा कि उनका मकसद अपने मुल्क को ईरान युद्ध से दूर रखना है.
मिडिल ईस्ट में CBSE की बोर्ड परीक्षाएं पोस्टपोन
CBSE का कहना है कि मिडिल ईस्ट के कुछ हिस्सों में मौजूदा हालात, स्टूडेंट्स की मानसिक परेशानी और मौजूदा अनिश्चितताओं की गंभीरता से समीक्षा करने के बाद, बोर्ड ने 12 मार्च से 16 मार्च तक होने वाली परीक्षाओं को आगे बढ़ाने का फैसला किया है. नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी. बोर्ड 14 मार्च को हालात की समीक्षा करेगा और 16 मार्च के बाद होने वाली बाकी सभी परीक्षाओं के बारे में सही फैसले लेगा.
Important Update: Exams in Middle East Regions
— CBSE HQ (@cbseindia29) March 9, 2026
CBSE has issued an important update on Class XII exams in Middle East Regions
See the attached circular-5 for details: pic.twitter.com/2tBmIWh3FL
सरकार ने कहा- तेहरान में एकजुट हों लोग
देश के शहीद इमाम के प्रति वफादारी दिखाने और चुने गए लीडर के प्रति वफादारी का वादा करने के लिए पूरे देश में इकट्ठा होने की अपील ईरानी सरकार की ओर से की गई है. इस्लामिक डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन काउंसिल ने एक बयान में देश भर के लोगों से अपील की है कि वे आज, सोमवार को पूरे देश में और तेहरान में एंघेलाब स्क्वायर पर एक साथ इकट्ठा हों, ताकि इस्लामिक क्रांति के लीडर के प्रति अपनी वफादारी का ऐलान कर सकें.
नए सुप्रीम लीडर का कुछ देर में संबोधन
ईरानी मीडिया ने बताया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कुछ देर में देश को संबोधित करने वाले हैं.
चीन ने क्या कहा?
मोजतबा खामेनेई को सुप्रीम लीडर चुने जाने पर चीन ने भी प्रतिक्रिया दी है. चीन ने इसे ईरान की अंदरूनी मामला बताया है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि ईरान की टॉप लीडरशिप के बारे में फैसला देश के अंदर और देश के लीगल फ्रेमवर्क के हिसाब से लिया गया है. उन्होंने कहा कि यह फैसला ईरान के संविधान के तहत लिया गया है. उन्होंने कहा कि चीन दूसरे देशों के अंदरूनी मामलों में दखल नहीं देता और उसका मानना है कि ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का सम्मान किया जाना चाहिए.
नई सुप्रीम लीडर को पुतिन ने दी बधाई
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मोजतबा खामेनेई को ईरान के नए सुप्रीम लीडर के तौर पर चुने जाने पर बधाई दी है. पुतिन ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि मोजतबा खामेनेई अपने पिता की तरह ही काम करेंगे और कठिनाइयों का सामना करते हुए ईरानी लोगों को एकजुट करेंगे. उन्होंने यह भी कहा रूस, ईरान के साथ मजबूती से खड़ा है.
Iran US War LIVE Updates: नकवी ने ईरानी दूतावास पहुंचकर खामेनेई को दी श्रद्धांजलि
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को यहां ईरानी दूतावास पहुंचकर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की. नकवी ने कहा कि खामेनई एक महान आध्यात्मिक शख्सियत थे, जिनकी ‘शहादत’ हुई है. उन्होंने कहा, ‘भारत बुद्ध का देश है. हमारा यह मानना रहा है कि जंग किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि खुद एक समस्या है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह भी कहा है.’ नकवी ने कहा, ‘अमन-इंसानियत की हिफाजत के लिए जरूरी है कि संकट के समुद्र से अमन का अमृत निकले, यही प्रार्थना है.’ उन्होंने कहा कि ईरान एवं खाड़ी देशों में लाखों भारतीय रहते हैं, जिनकी सुरक्षा जरूरी है तथा सभी देशों की संप्रभुता का सम्मान होना चाहिए. गत 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हवाई हमले में खामेनेई मारे गए थे.
Iran Israel War LIVE: ईरान में अमेरिका-इजरायल हमलों से अब तक 1,255 लोगों की मौत
ईरान में हुए अमेरिका और इजरायल के हमलों में अभी तक 1200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री अली जाफ़रियन ने अल जज़ीरा को पिछले नौ दिनों में ईरान में मारे गए और घायल हुए लोगों की स्थिति के बारे में बताया. उन्होंने कहा, अमेरिका-इजरायल हमलों में अब 12,000 से अधिक लोग घायल और 1,255 लोग मारे गए हैं. पीड़ितों की आयु आठ महीने से लेकर 88 वर्ष तक थी. मृतकों में 200 महिलाएं भी शामिल हैं. इन हमलों में मीनाब प्राइमरी स्कूल में 168 बच्चे भी मारे गए हैं. साथ ही इन हमलों में 55 स्वास्थ्यकर्मी घायल हुए हैं और 11 मारे गए, जिनमें चार डॉक्टर, दो नर्स और तीन आपातकालीन कर्मी शामिल हैं.
Iran Israel War: ईरान और इजरायल जंग पर संसद में विदेश मंत्री एस जयशंकर
ईरान और इजरायल के बीच जारी जंग को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संसद में कहा, 'मिडिल ईस्ट में स्थायी शांति जरूरी है. एक करोड़ भारतीय लोग खाड़ी देश में रहते हैं, ईरान में भी कई हजार भारतीय समुदाय के लोग रहते हैं. छात्र भी वहां पढ़ाई करते हैं. सरकार मिडिल ईस्ट की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. हम ईरान में रह रहे भारतीय लोगों को भी जानकारी दे रहे हैं. जो ईरान में रह रहे हैं उनको भारतीय दूतावास से संपर्क में रहने को कहा गया है.

US Israel Attack on Iran LIVE: मिडिल ईस्ट में जारी हालातों को लेकर एयरलाइंस कंपनियां चिंतित
मिडिल ईस्ट में जारी तनावपूर्ण हालात को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों में गहरी चिंता बनी हुई है. विमानन क्षेत्र की कंपनियों का कहना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही, तो उन्हें भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ सकता है. बढ़ी हुई परिचालन लागत के कारण भारतीय एयरलाइंस कंपनियां सरकार से हस्तक्षेप और राहत पैकेज की मांग कर रही हैं. बीते दिनों कंपनियों ने नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात कर युद्ध के चलते बढ़ रहे खर्चों का मुद्दा उठाया और उत्पाद शुल्क तथा जीएसटी में राहत देने का अनुरोध किया. संघर्षग्रस्त क्षेत्रों के कारण उड़ानों में व्यवधान बढ़ा है, कई रूटों पर कम उड़ानें संचालित करनी पड़ रही हैं और कई बार विमान एक तरफ खाली जा रहे हैं, जिससे ईंधन और संचालन का खर्च और बढ़ रहा है. कंपनियों का मानना है कि ऐसे हालात में सरकार द्वारा समय रहते राहत की घोषणा करना बेहद ज़रूरी है, ताकि भारतीय विमानन क्षेत्र इस संकट से उबर सके.
Iran US War LIVE Updates: ईरान युद्ध के बीच पश्चिम एशिया से 50 उड़ानों की योजना बना रहीं भारतीय एयरलाइंस
केंद्र सरकार के अनुसार ईरान युद्ध से प्रभावित पश्चिम एशिया क्षेत्र के हवाई अड्डों से सोमवार को भारत की एयरलाइंस द्वारा 50 आने वाली उड़ानों की योजना बनाई गई है. यह ऑपरेशन की क्षमता और मौजूद परिस्थितियों के आधार पर संचालित होंगी. भारतीय एयरलाइंस एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो, स्पाइस जेट और अकासा एयर दुबई, अबू धाबी, रास अल खैमाह, फुजैरा, मस्कट और जेद्दा से उड़ानें संचालित करने के लिए तैयार हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि वह पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है, जो भारत व पश्चिम एशिया के बीच हवाई यात्रा को प्रभावित कर रही है. मंत्रालय के बयान के अनुसार, “उड़ान कंपनियां मौजूदा परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक संचालन समायोजन कर रही हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और उड़ानों का व्यवस्थित संचालन हो.”
UAE ने निकाला ईरान के शाहेद ड्रोन का तोड़! 40 सेकंड के VIDEO में दिखाया हवा में ही कैसे कर रहे तबाह
🔴 #BREAKING | ईरान के ड्रोन को UAE ने मार गिराया, वीडियो किया जारी
— NDTV India (@ndtvindia) March 9, 2026
देखें LIVE: https://t.co/689WjV66bO #USIsraelIranWar | @ranjanasingh95 pic.twitter.com/OBvHCsa6E6
ईरान के नए सुप्रीम लीडर के खिलाफ भी शुरू हुआ विरोध, महिलाएं लगा रहीं 'मोज्तबा मुर्दाबाद' के नारे
अमेरिका-इजरायल की तरफ से शुरू किए गए जंग के बीच ईरान में बड़ा फैसला लिया गया है. जंग के पहले ही दिन जान गंवाने वाले पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के बेटे अयातुल्लाह मोज्तबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बना दिया गया है. इस बीच सबसे बड़ी खबर है कि इस ऐलान के तुरंत बाद तेहरान में उनके खिलाफ नारे सुनाई दिए. सोशल मीडिया पर 17 सेकंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में कुछ महिलाएं फारसी भाषा में “मोज्तबा की मौत हो” जैसे नारे लगाती हुई सुनाई दे रही हैं.
People chanted “Death to Mojtaba” from their windows in Tehran’s Ekbatan neighborhood early Monday shortly before Iran's Assembly of Experts announced Mojtaba Khamenei as the country’s new supreme leader, according to a video shared on social media. pic.twitter.com/nEiM7x7AbM
— Iran International English (@IranIntl_En) March 8, 2026
Iran US War LIVE Updates:लेबनान पर इजरायली हमले में तीन की मौत, 15 घायल
इजरायल के ईरान और लेबनान पर हमले जारी हैं. इस बीच इजरायल ने लेबनान में बड़ा हमला किया है, जिसमें काफी लोग मारे गए हैं. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि दक्षिणी तायर देब्बा में इजरायली हमले में कम से कम तीन लोग मारे गए हैं और 15 अन्य घायल हुए हैं.
Iran US War LIVE Updates: सऊदी अरब में मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय नागरिक की जान नहीं गई
सऊदी अरब में एक आवासीय परिसर पर हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय की मौत नहीं हुई है. रियाद में भारतीय दूतावास ने सोमवार को यह जानकारी दी है. उसने कहा कि रविवार को इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "राहत की बात है कि कल शाम अल खर्ज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय की जान नहीं गई."
Iran drone attacks Updates: ईरान के ड्रोन हमलों में बहरीन में 32 लोग घायल
मिडिल ईस्ट में जारी जंगल के बीच बहरीन ने सोमवार को बताया कि सिट्रा द्वीप पर रात भर हुए ईरानी ड्रोन हमलों में 32 लोग घायल हो गए. खाड़ी देशों ने भी नए हमलों की सूचना दी है और तेहरान पूरे क्षेत्र में जवाबी हमले तेज कर रहा है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने सरकारी समाचार एजेंसी को दिए एक बयान में कहा कि सभी घायल बहरीन के नागरिक थे और चार लोगों की हालत गंभीर है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं.
Iran Israel War LIVE: अरब देशों पर हमले नहीं रोके तो... सऊदी अरब की ईरान को चेतावनी
ईरान के सऊदी, कुवैत और यूएई समेत अन्य देशों पर हमले जारी हैं. इस बीच एपी की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब ने अपनी चेतावनी को और कड़ा करते हुए ईरान से कहा है कि अगर वह अरब देशों पर हमले जारी रखता है तो उसे सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ेगा.

Iran US War LIVE Updates: ईरान युद्ध के बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने 279 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कीं
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण भारतीय विमानन कंपनियों ने रविवार को 279 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं. इस क्षेत्र में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने और प्रतिबंधों की वजह से उड़ान संचालन काफी हद तक बाधित हो गया है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार को कहा कि खाड़ी में मौजूदा स्थिति के कारण कई क्षेत्रों में उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है. मंत्रालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'भारतीय घरेलू विमानन कंपनियों द्वारा पश्चिम एशिया से भारत के लिए आज कुल 49 उड़ानें निर्धारित थीं. आठ मार्च को भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा संचालित होने वाली 279 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.'

Iran Israel War LIVE: UAE एयर डिफेंस ने ईरानी मिसाइलों को रोका, दुबई मरीना में टावर पर गिरा मलबा
ईरानी मिसाइलों को रोकने का दावा किया है, जिनका मलबा दुबई मरीना में टावर पर जाकर गिरा. इससे बिल्डिंग के सामने के हिस्से से धुआं उठने लगा और इलाके में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया. अधिकारियों ने पुष्टि की कि स्थिति को जल्दी ही नियंत्रण में ले लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है. यूएई के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नुकसान उस मलबे के गिरने से हुआ, जो एयर डिफेंस सिस्टम की ओर से आने वाले खतरे को इंटरसेप्ट करने के बाद नीचे गिरा था.
Iran US War LIVE Updates: तेहरान का आसमान हुआ काला
ईरान की राजधानी का आसमान रविवार को काले धुएं के गुबार में डूब गया. हवा जहरीली हो गई है, और यह आम लोगों की जान के लिए आफत का सबब बन सकती है. ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने लोगों को जहरीली एसिड रेन से बचने की चेतावनी दी है. दरअसल, तेहरान और उसके आसपास के तेल ठिकानों को निशाने पर ले स्ट्राइक की गई थी. विस्फोट के बाद आग लगी, जिसकी लपटें काफी ऊपर तक जा रही थीं.
