- ईरान में बच्चों के साथ बलात्कार के मामले में दोषी पाए गए तीन लोगों को फांसी दे दी गई है
- दो अलग-अगल मामलों में यह सजा दी गई है, एक केस में तो बच्चे की रेप के बाद हत्या भी कर दी गई थी
- साल 2025 के दौरान ईरान में ही कम से कम 2,159 लोगों को फांसी की सजा दी गई थी, यह 44 साल में सबसे बड़ा आंकड़ा था
ईरान में रेप करने की एक ही सजा है... फांसी. अमेरिका से जंग के बीच जब एक बार फिर ऐसी सजा ईरान के अंदर दी गई है. ईरान की न्यायपालिका ने बताया कि मंगलवार, 2 जून को बच्चों के साथ बलात्कार के मामले में दोषी पाए गए तीन लोगों को फांसी दे दी गई. ध्यान रहे कि ईरान में बलात्कार और हत्या जैसे अपराधों की सजा केवल मौत ही है. इसके अलावा कुछ मामलों में हथियारों के साथ डकैती करना, मादक पदार्थों यानी ड्रग्स की तस्करी करने, दुश्मन देशों के लिए जासूसी करने और ईशनिंदा (इस्लाम का अपमान) के लिए भी मौत की सजा दी जा सकती है.
दोषियों ने क्या किया था?
ईरान की न्यायपालिका की वेबसाइट मीजान के अनुसार, अगस्त 2024 में पश्चिमी ईरान के घोरवेह शहर में एक 14 वर्षीय लड़के के साथ बलात्कार करने वाले दो लोगों को फांसी दी गई है. ईरान की सर्वोच्च अदालत ने उनकी मौत की सजा को मंजूरी दे दी थी, जिसके बाद यह सजा लागू की गई. हालांकि एफपी की रिपोर्ट के अनुसार मीजान ने यह नहीं बताया कि इस मामले की सुनवाई कब हुई थी.
एक अलग मामले में, उत्तरी ईरान के रश्त शहर में एक अन्य व्यक्ति को भी फांसी दी गई. उस पर अगस्त 2025 में एक 10 वर्षीय बच्चे के साथ बलात्कार करने और उसकी हत्या करने का दोष साबित हुआ था. मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, चीन के बाद ईरान दुनिया का वह देश है जहां हर साल सबसे ज्यादा लोगों को फांसी दी जाती है.
ईरान में फांसी का रिकॉर्ड
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने हाल ही में एक रिपोर्ट जारी कर बताया था कि साल 2025 के दौरान अकेले ईरान में ही कम से कम 2,159 लोगों को फांसी की सजा दी गई. यह आंकड़ा अपने आप में ईरान के अंदर रिकॉर्ड था क्योंकि ईरान में साल 1981 के बाद यानी पिछले 44 सालों में किसी भी एक साल के भीतर दी गई यह सबसे ज्यादा फांसी है. ईरान में साल 2024 के मुकाबले 2025 में फांसी के मामलों में दोगुने से भी ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं