विज्ञापन

मीनाब #168…FIFA वर्ल्ड कप का बहाना, ईरान का अमेरिका पर AI वीडियो के जरिए निशाना

FIFA WORLD CUP 2026 में ईरान का पहला मुकाबला लॉस एंजेलिस में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जा रहा.

मीनाब #168…FIFA वर्ल्ड कप का बहाना, ईरान का अमेरिका पर AI वीडियो के जरिए निशाना
Iran in FIFA World Cup 2026: पहले मुकाबले से पहले ईरान का वीडियो आया (फोटो- स्क्रीनग्रैब)
  • ईरान ने अमेरिका की जमीन पर न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच से पहले एक AI वीडियो जारी किया
  • वीडियो में मिनाब की उन 162 बच्चियों को याद किया गया है, जो फरवरी में एक स्कूल पर हुए अमेरिकी हमले में मरी थीं
  • यह वीडियो ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बकाई ने शेयर किया है

जब पूरी दुनिया फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप के रोमांच में डूबी है, तब ईरान ने अमेरिका की जमीन पर न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच से पहले एक AI वीडियो जारी किया. इस वीडियो ने ईरान का दर्द दुनिया के सामने रख दिया है. इस वीडियो में मिनाब की उन 162 बच्चियों को याद किया गया है, जो फरवरी में एक स्कूल पर हुए अमेरिकी हमले में मारी गई थीं. इस वीडियो में ईरान की फुटबॉल टीम के खिलाड़ी लेगो जैसे दिखने वाले कैरेक्टर्स के रूप में नजर आ रहे हैं. वे हमले में मारी गई बच्चियों का हाथ पकड़कर मैदान की ओर जाते दिखाई देते हैं. उनके आंखों में आंसू हैं. ईरान में टीवी पर बैठकर देखते उन बच्चियों के परिजन भी भावुक होते हैं.

यह वीडियो ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बकाई ने शेयर किया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो के साथ इस्माईल बकाई ने लिखा, "ईरान, अपने सभी घावों के बावजूद, आज भी मजबूती से खड़ा है. उसके बच्चे पूरे साहस और अटल इरादों के साथ दुनिया के मंच पर मुकाबला करने के लिए तैयार हैं."

पूरा टेक्स्ट यह रहा-  "दुनिया के मंच पर ईरान की नेशनल फुटबॉल टीम के मुकाबले को लेकर उत्साह के बीच, हम अपने उन प्रिय लोगों की याद को सम्मान देते हैं जो दुश्मन के हमले और आक्रमण में हमसे बिछड़ गए. वे मासूम लड़कियां और लड़के, जिनकी मुस्कान हमेशा के लिए छिन गई, लेकिन जिनके नाम और चेहरे इस देश की यादों में हमेशा के लिए दर्ज हैं. हम उन्हें नहीं भूलते, क्योंकि आज ईरान की मजबूती का एक हिस्सा उन प्यारी आत्माओं की याद और उनके बलिदान पर टिका हुआ है. ईरान, अपने सभी घावों के बावजूद, आज भी मजबूती से खड़ा है और उसके बच्चे पूरे साहस और अटल इरादों के साथ दुनिया के मंच पर मुकाबला करने के लिए तैयार हैं."

अंत में उन्होंने कहा, "पूरे देश की दुआएं राष्ट्रीय टीम के साथ हैं. उनके लिए, ईरान के लिए और इस झंडे को ऊंचा रखने के लिए हम सब एक साथ 'ईरान' का पवित्र नाम पुकारते हैं. हम अपने युवाओं के लिए जीत और सम्मान की कामना करते हैं."

बता दें कि अमेरिका के साथ जंग शुरू होने के बाद से ईरान ने AI से बने वीडियो का इस्तेमाल बढ़ा दिया है, और अक्सर इनमें लेगो (Lego) विज़ुअल थीम का इस्तेमाल किया जाता है. अभी दोनों देशों के बीच शांति डील हो चुकी है जिसपर आधिकारिक रूप से 19 जून को जिनेवा में मुहर लगेगी.

नोट- खबर लिखे जाने तक ईरान ने 1 और न्यूजिलैंड ने 2 गोल दागे थे. दोनों टीमें G ग्रुप का हिस्सा हैं.

यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान डील पर सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का साइन नहीं, क्या यह मान्य होगा?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FIFA World Cup 2026, Iran, US Iran War
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com