- ईरान पर इजरायल के जवाबी हमले के बाद ईरान में मौजूद भारतीय दूतावास ने फिर से एडवाइजरी जारी की है
- दूतावास ने एक बार फिर सभी भारतीय नागरिकों को ईरान की किसी भी यात्रा से बचने की अपनी पिछली सलाह दोहराई
- ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को कहा गया है कि जो भी साधन मिले, उसे पकड़कर देश से बाहर निकलें
ईरान पर इजरायल के जवाबी हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच चुका है. ऐसे में ईरान में मौजूद भारतीय दूतावास ने फिर से एडवाइजरी जारी की है. इस एडवाइजरी में दूतावास ने एक बार फिर सभी भारतीय नागरिकों को ईरान की किसी भी यात्रा से बचने की अपनी पिछली सलाह दोहराई है. साथ ही अभी ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को कहा गया है कि जो भी साधन मिले, उसे पकड़कर देश से बाहर निकल जाइए.

भारती दूतावास की तरफ से यह एडवाइजरी (सलाह) तब आई है जब ईरान और इजरायल के बीच एक-दूसरे पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है. पहले हमला ईरान ने किया क्योंकि वह लेबनान पर इजरायली हमलों से नाराज था. इजरायली सेना का दावा है कि सोमवार सुबह इजरायल पर लॉन्च की गई सभी ईरानी मिसाइलों को रोक दिया गया है. फिर पलटवार करते हुए इजरायल की वायु सेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमला किया. ईरानी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई धमाके हुए. रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि इजरायल ने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया है.
साथ ही इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने कहा कि उसने ईरान के महशहर क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में "कई लक्ष्यों" पर हमला किया है. ईरानी मीडिया के अनुसार, इससे प्लांट को काफी नुकसान पहुंचा है. इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बुलाई. इजरायली मीडिया के अनुसार, बैठक में केवल चुनिंदा सीनियर मंत्री और सुरक्षा मामलों से जुड़े टॉप के अधिकारी शामिल होंगे. बैठक में ईरान के हमलों, इजरायल की जवाबी कार्रवाई और आगे की सैन्य रणनीति पर चर्चा की संभावना जताई गई है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप की नहीं सुन रहे नेतन्याहू, क्यों ईरान से युद्ध करते-करते दोनों आपस में उलझ पड़े?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं