विज्ञापन

कतर में भारतीयों की मौत के बाद शेख अल-थानी ने पीएम मोदी के किया फोन, जताई संवेदना

कतर के अमीर ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ की, जिसके बाद दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने मिलकर इस संकट से उबरने और आगे के सहयोग पर अपनी सहमति जताई है.

कतर में भारतीयों की मौत के बाद शेख अल-थानी ने पीएम मोदी के किया फोन, जताई संवेदना

कतर के रास लफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए एक दर्दनाक हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत पर देश और दुनिया में शोक की लहर है. इस दुखद घटना के बाद कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. 

पीएम मोदी ने इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा करते हुए कतर के अमीर का आभार जताया है. दोनों नेताओं ने इस हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति अपनी एकजुटता प्रकट की है.

पीएम मोदी ने लिखा, "मैं कतर के रास लफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए दुखद हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत पर उनके फोन कॉल और संवेदना के लिए कतर के अमीर को धन्यवाद देता हूं. हम दोनों उन परिवारों के दुख में शामिल हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करते हैं. भारत और कतर अपने नागरिकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने और एक-दूसरे के साथ एकजुटता से खड़े रहने के अपने वादे पर अडिग हैं."

कतर प्रशासन ने हादसे के तुरंत बाद घायल भारतीयों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई है. इसके लिए पीएम मोदी ने कतर के अमीर की सराहना की. दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस दुख की घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

नागरिकों की सुरक्षा और द्विपक्षीय संबंधों पर दिया जोर

इस फोन कॉल के दौरान दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने अपने-अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. भारत और कतर ने स्पष्ट किया कि दोनों देश अपने नागरिकों की भलाई, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं. दोनों देशों ने एक-दूसरे के प्रति अटूट समर्थन और एकजुटता का संकल्प भी जताया.

पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों के लिए कतर की सराहना

इस बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) के मौजूदा हालातों पर भी गंभीर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के लिए कतर द्वारा किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की खुलकर सराहना की. पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि कतर की ये कोशिशें रंग लाएंगी और क्षेत्र में स्थायी शांति व स्थिरता की स्थापना करने में मददगार साबित होंगी.

यह हादसा 21 जून को कतर के रास लफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुआ था, जिसमें कई भारतीय नागरिकों ने अपनी जान गंवाई है.

यह भी पढ़ें: चीन पहुंचे बांग्लादेश के PM तारिक रहमान, शी जिनपिंग से करेंगे मुलाकात; तीस्ता पर भारत की नजर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Qatar Accident, India, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com