Vaibhav Sooryavanshi's first reaction Viral: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम में जगह बना ली है. उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह दी गई. भारतीय टीम में जगह पाने वाले वह सबसे युवा खिलाड़ी हैं. टीम इंडिया में चुने जाने के बाद वैभव का पहला रिएक्शन सामने आया है. राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वैभव भारतीय जर्सी में नजर आ रहे हैं. वहीं, वीडियो में वैभव का रिएक्शन भी आता है. वीडियो में नाट्किय अंदाज में उनसे कहा जाता है कि रूको भाई नाकाबंदी है, नाम क्या है?, तो वैभव कहते हैं. 'बताने की जरुरत नहीं है.' इसके बाद वैभव की जर्सी भारतीय जर्सी में बदल जाती है. वैभव के इस अंदाज को फैन्स खूब पसंद कर रहे हैं. वैभव को सोशल मीडिया पर खूब बधाई भी मिल रही है.
वैभव हैं भारतीय क्रिकेट के नए सुपरस्टार
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे. वैभव ने इस सीजन 16 मुकाबलों में 48.50 की औसत के साथ 776 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल रहे. वह आईपीएल सीजन में सर्वाधिक 72 छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बने. इसके साथ ही अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव को एक ही सीजन में 5 अवॉर्ड 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन', 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर', 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' और 'ऑरेंज कैप' मिले.वैभव टी20 क्रिकेट की सबसे कम पारियों (23) में 1,000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी भी बने.
इससे पिछले आईपीएल सीजन वैभव ने 7 मुकाबलों में 36 की औसत के साथ 252 रन जुटाए थे. आईपीएल 2025 में वैभव के नाम 1 शतक और 1 अर्धशतक था। आईपीएल के सबसे युवा शतकवीर वैभव दोनों ही सीजन में बतौर सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ शानदार साझेदारियां करते हुए राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को कई मुकाबलों में मजबूत शुरुआत दिला चुके हैं.
वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के नायक रहे थे. वैभव ने 7 मुकाबलों में 62.71 की औसत के साथ 439 रन बनाए। इस दौरान इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मैच में 80 गेंदों में 15 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 175 रन की पारी भी शामिल रही। वैभव खिताबी मुकाबले के 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनने के साथ 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुने गए थे.
(IANS के इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं