विज्ञापन

पहले अंधाधुंध फायरिंग, फिर हिंदू व्यापारी को पिस्तौल सटाकर मारी गोली, पाकिस्तान में सरेआम वारदात से खौफ

VOPM ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि कई हथियारबंद हमलावर दिनदहाड़े विशाल कुमार की दुकान में घुस आए और अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. इसके बाद घायल विशाल को सबके सामने बेहद करीब से गोली मारी, जैसे कि वो टारगेट करके कत्ल के लिए ही आए थे.

पहले अंधाधुंध फायरिंग, फिर हिंदू व्यापारी को पिस्तौल सटाकर मारी गोली, पाकिस्तान में सरेआम वारदात से खौफ

पाकिस्तान में हिंदुओं पर हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. अब सिंध प्रांत में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां के सुक्कुर शहर में एक युवा हिंदू कारोबारी की दिनदहाड़े बेरहमी से गोली मारकर हत्या की खबर है. मानवाधिकार संगठन वॉयस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी (VOPM) के मुताबिक, शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक में हुई इस घटना के बाद अल्पसंख्यक समुदाय के लोग दहशत में हैं. 

सिंध में बिजी रोड पर वारदात

VOPM ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से विशाल कुमार की हत्या की पूरी कहानी बताई है. हाल ही में कई हथियारबंद हमलावर दिनदहाड़े स्टेशन रोड इलाके में विशाल की दुकान में घुस आए और अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. हमलावर इतने पर भी नहीं रुके. उन्होंने घायल विशाल को सबके सामने बेहद करीब से गोली मारी, जैसे कि वो उसे निशाना बनाकर हत्या करने के लिए ही आए थे. 

भीड़ के सामने की हत्या

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह पूरी वारदात सरेआम लोगों की भीड़ के सामने हुई. गंभीर रूप से घायल विशाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वह अपने पीछे पत्नी और बच्चों का पूरा परिवार छोड़ गए हैं. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर आसानी से फरार हो गए, जो दिखाता है कि पाकिस्तान की कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है.

देखें- नकली बैंक, 60 करोड़ का गबन और फिर फरार... पाकिस्तान में जेडी वेंस के साथ दिखे उमर फारूक जहूर के काले कारनामे

पुलिस की थ्योरी पर उठे सवाल

इस मामले ने पुलिस के रवैये पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं. पाकिस्तानी अधिकारियों ने शुरुआत में इसे "लूटपाट के दौरान हुई हत्या" करार दिया था. लेकिन मृतक विशाल के भाई ने इस दावे को सिरे से खारिज किया है. 

भाई ने बताई सच्चाई

उनका कहना है कि अगर हमलावर लूटपाट के इरादे से आए होते तो दुकान से कुछ चुराकर भी ले जाते, लेकिन एक भी सामान चोरी नहीं हुआ है. विशाल को बहुत करीब से गोली मारी गई, जैसे वो उन्हें मारने के लिए ही आए थे. यह डकैती नहीं बल्कि जानबूझकर की गई हत्या है.

सुक्कुर में हिंदू समुदाय खौफ में

सुक्कुर जो कभी व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था, अब डर के साये में है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात ऐसे हो गए हैं कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग अब अपने घरों से निकलने में भी डर महसूस करते हैं. VOPM का कहना है कि सिंध में लगातार हो रही इस तरह की हत्याओं, अपराधी गिरोहों के बढ़ते आतंक और पुलिस प्रशासन की अनदेखी की वजह से अल्पसंख्यक समुदायों को हमेशा खौफ के साए में रहना पड़ता है. 

देखें- पहलगाम हमले के बाद कितना बदला भारत, 'ऑपरेशन सिंदूर'से क्या संदेश निकला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com