अमेरिका के मिशिगन राज्य में गुरुवार को एक सैन्य प्रशिक्षण मिशन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. टेक्सास एयर नेशनल गार्ड का एक F-16 फाइटिंग फाल्कन लड़ाकू विमान ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान उड़ा रहे पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन हादसे में वह घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है. घटना के बाद प्रशासन ने दुर्घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ हादसा
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, टेक्सास नेशनल गार्ड की 149वीं फाइटर विंग का F-16 फाइटिंग फाल्कन विमान मिशिगन के अल्पेना स्थित एयर नेशनल गार्ड कॉम्बैट रेडीनेस ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण मिशन पर उड़ा था. इसी दौरान ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी क्षेत्र में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है.
पायलट ने इजेक्ट कर बचाई जान
CBS न्यूज के अनुसार दुर्घटना से पहले पायलट ने विमान से इजेक्ट कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई. अधिकारियों के मुताबिक पायलट को चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर है. उसे तत्काल चिकित्सा उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. सैन्य अधिकारियों ने पुष्टि की है कि फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है.

आग की लपटों से घिरा F-16 फाइटर विमान
अन्य किसी के घायल होने की खबर नहीं
मिशिगन स्टेट पुलिस और ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से खाली करा लिया और लोगों को मौके से दूर रहने की सलाह दी.
केमिकल रिसाव के चलते खाली कराया गया इलाका
विमान दुर्घटना के बाद उससे जुड़े खतरनाक रासायनिक पदार्थों के रिसाव की आशंका के चलते प्रशासन ने दुर्घटनास्थल से एक मील के दायरे में रहने वाले लोगों को क्षेत्र खाली करने के निर्देश दिए. शुरुआत में लोगों को घरों के भीतर रहने और दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने के लिए कहा गया था. बाद में एहतियात के तौर पर निकासी प्रक्रिया शुरू की गई.
कई सड़कें बंद की गईं
विमान काउंटी रोड 633 और ब्लेयर टाउनहॉल रोड के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ. घटना के बाद आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया. आपदा राहत और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई.
पक्षी से टकराने की आशंका
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले संभावित बर्ड स्ट्राइक यानी पक्षी से टकराने की आशंका जताई गई है. हालांकि सैन्य अधिकारियों ने अभी तक इस संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
यह भी पढ़ें : धड़ाम से नीचे गिरते ही आग का गोला बना... अमेरिका का घातक फाइटर जेट F-16 क्रैश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं