विज्ञापन

भीषण गर्मी में झुलसा यूरोप, जहां कंपकंपती थी ठंड वहां हीटवेव से मर रहे लोग, परमाणु रिएक्टर तक करना पड़ा बंद

Heatwave की वजह से फ्रांस में दो बच्चों समेत 18 की मौत हो चुकी है जबकि इंग्लैंड के छह क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है. यहां जानिए एक-एक देश का हाल.

भीषण गर्मी में झुलसा यूरोप, जहां कंपकंपती थी ठंड वहां हीटवेव से मर रहे लोग, परमाणु रिएक्टर तक करना पड़ा बंद
Europe record-breaking heatwave: यूरोप दुनिया में सबसे तेजी से गर्म हो रहा
लंदन/पेरिस:

यूरोप के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते जनजीवन, स्वास्थ्य सेवाएं और बुनियादी ढांचा गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है. फ्रांस में दो बच्चों समेत 18 लोगों की मौत हो गई जबकि स्पेन के ठंडे माने जाने वाले इलाके सान सेबेस्टियन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. वहीं ब्रिटेन की यूके हेल्थ सिक्योरिटी एजेंसी ने इंग्लैंड के छह क्षेत्रों वेस्ट मिडलैंड्स, ईस्ट मिडलैंड्स, साउथ ईस्ट, साउथ वेस्ट, लंदन और ईस्ट ऑफ इंग्लैंड में बुधवार सुबह 1 बजे से गुरुवार रात 11 बजे तक रेड हेल्थ वार्निंग जारी की है.

यह चेतावनी बताती है कि स्थिति इतनी गंभीर है कि स्वस्थ लोगों के लिए भी जीवन का खतरा पैदा हो सकता है और इसका असर परिवहन, भोजन, पानी, ऊर्जा आपूर्ति और व्यवसायों पर भी पड़ सकता है.

ब्रिटेन का हाल

यह ब्रिटेन में जारी की गई दूसरी ऐसी रेड अलर्ट है. इससे पहले जुलाई 2022 में पहली बार यह अलर्ट जारी किया गया था, जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था. द गार्डियन ने मौसम विशेषज्ञों के हवाले से बताया कि इस सप्ताह इंग्लैंड और वेल्स में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे 1976 का जून रिकॉर्ड भी टूट सकता है. वैज्ञानिकों के अनुसार यह स्थिति एक “हीट डोम” के कारण बनी है, जो पश्चिमी यूरोप के ऊपर गर्म हवा को फंसा देती है. जलवायु परिवर्तन इस तरह की चरम मौसम घटनाओं को और अधिक तीव्र बना रहा है.

फ्रांस का हाल

फ्रांस में स्थिति और भी गंभीर है, जहां आधे से अधिक क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. लगभग 3.9 करोड़ लोग इस चेतावनी के दायरे में हैं. विकेंड से अब तक कम से कम 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं जिन्हें कार के अंदर बेहोश पाया गया था.

फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू ने हालात की समीक्षा के लिए आपात बैठक बुलाने का कार्यक्रम तय किया है. देश में 1,350 से अधिक स्कूलों को बंद करना पड़ा है.

इटली का हाल

इटली ने भी 12 शहरों के लिए रेड हीट अलर्ट जारी किया है, जबकि दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में एक परमाणु संयंत्र ने नदी के पानी के अत्यधिक गर्म हो जाने के कारण एक रिएक्टर बंद कर दिया है.

जर्मनी का हाल

जर्मनी में विकेंड के दौरान तैराकी से जुड़े हादसों में पांच लोगों की मौत हुई. यह लोग गर्मी से राहत पाने के लिए पानी में गए थे. वहीं फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर विमान के लंबे समय तक रनवे पर खड़े रहने के कारण कई यात्री गर्मी से परेशान हो गए.

स्पेन का हाल

स्पेन में मौसम एजेंसी एईएमईटी के अनुसार तापमान सामान्य से 5 से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है, जबकि उत्तरी क्षेत्रों में यह अंतर 10 डिग्री से भी ज्यादा है. सान सेबेस्टियन जैसे अपेक्षाकृत ठंडे इलाकों में भी तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.

बेल्जियम का हाल

बेल्जियम में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह हीटवेव एक सप्ताह तक रह सकती है और तापमान रिकॉर्ड स्तर तक जा सकता है. पेरिस में जून महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना जताई गई है.

यह भी पढ़ें: पनाह मांगते अफगानों को तालिबान के हाथ सौपेंगे यूरोपीय देश? एक दिन के वीजा पर बातचीत के लिए बुलाया

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Heatwave, Europe Heat Wave, Temprature
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com