विज्ञापन

एलन मस्क ने ट्रंप को मिडटर्म चुनाव जिताने के लिए लुटाया खजाना, लूपहोल निकालकर सिस्टम को कैसे देते हैं चकमा?

दुनिया के इकलौते ट्रिलियनेयर एलन मस्क चुपचाप इस साल के मिड-टर्म चुनावों में सबसे बड़े डोनर बन गए हैं. उन्होंने अमेरिकी संसद में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत बचाने की कोशिश में जुलाई से अब तक 276 मिलियन डॉलर से ज्यादा दान दिए हैं.

एलन मस्क ने ट्रंप को मिडटर्म चुनाव जिताने के लिए लुटाया खजाना, लूपहोल निकालकर सिस्टम को कैसे देते हैं चकमा?
एलन मस्क ने चुनावी चंदे में डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी पर खुलकर खजाना लुटाया (फाइल फोटो)
  • एलन मस्क ने अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों के लिए 276 मिलियन डॉलर दिए हैं
  • मस्क ने इस चुनावी चक्र में कुल 366 मिलियन डॉलर खर्च किए जो उन्हें सबसे बड़े डोनर बनाता है
  • अमेरिका में व्यक्तिगत चुनावी डोनेशन की लिमिट के बावजूद PACs के माध्यम से बड़े डोनर अधिक राशि खर्च कर पाते हैं

दुनिया के सबसे अमीर इंसान और टेक अरबपति एलन मस्क ने अमेरिका में होने जा रहे मध्यावधि चुनावों से पहले अपना खजाना खोल दिया है. उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दक्षिणपंथी रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों के चुनावी कैंपेन को बढ़ावा देने वाले संगठनों को 276 मिलियन डॉलर का योगदान दिया है. भारतीय करेंसी में यह रकम 2642 करोड़ रुपए से अधिक का होता है. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी मीडिया ने सोमवार को यह खबर जारी की. 

न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, एलन मस्क ने जुलाई के बाद से इतना डोनेशन दिया है. एलन मस्क 3 नवंबर को होने जा रहे चुनावों में सबसे बड़े डोनर हैं. उन्होंने इस चुनावी चक्र में कुल 366 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं.

एलन मस्क का पैसा किसको गया?

सबसे अधिक डोनेशन रिपब्लिकन पार्टी के सीनेट लीडरशिप फंड को मिली, जिसे 158 मिलियन डॉलर मिले हैं. इसका उद्देश्य कांग्रेस के उच्च सदन पर पार्टी का नियंत्रण बनाए रखना है, भले ही बहुमत का अंतर बहुत कम हो.

यहां ध्यान रखने वाली बात है कि स्पेसएक्स और टेस्ला के मालिक यानी एलन मस्क के लिए अमेरिकी चुनावों में भारी खर्च करना कोई नई बात नहीं है. उन्होंने 2024 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फिर से चुनाव जीतने में मदद करने के लिए 290 मिलियन डॉलर दिए थे. इसके बाद ट्रंप ने मस्क को कई महीनों तक व्हाइट हाउस में अपने 'डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी' (DOGE) प्रोजेक्ट की देखरेख करने की अनुमति दी थी, जिसका उद्देश्य सरकार की लागत में कटौती करना था, लेकिन राष्ट्रपति के साथ सार्वजनिक मतभेद के बाद उन्होंने यह भूमिका छोड़ दी.

लेकिन तब से उनके बीच सुलह हो गई है. पिछले सप्ताह DC में एक कार्यक्रम में ट्रंप ने मस्क को 'नेशनल मेडल ऑफ साइंस' से सम्मानित किया.

लूपहोल का फायदा कैसे उठा रहे अमेरिका के अमीर डोनर?

दरअसल अमेरिका में व्यक्तिगत तौर पर चुनावी डोनेशन की एक लिमिट है और वह प्रति व्यक्ति 3,300 डॉलर है. लेकिन इसका भी तोड़ निकाल लिया गया है. अमेरिकी अभियान वित्त प्रणाली में मौजूद कमियों के कारण बड़े राजनीतिक डोनर 'पॉलिटिकल एक्शन कमेटियों' या "PACs" नाम के फंड में योगदान कर सकते हैं, जो उम्मीदवारों का समर्थन करते हैं.

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मस्क ने इस साल अपने स्वयं के 'अमेरिका PAC' को 76 मिलियन डॉलर का दान दिया. मस्क की राजनीतिक फंडिंग लेने वालों में रिपब्लिकन के 'कांग्रेसनल लीडरशिप फंड' को 20 मिलियन डॉलर, 'रिपब्लिकन गवर्नर्स एसोसिएशन' और 'लोन स्टार लिबर्टी PAC' को 10-10 मिलियन डॉलर, और 'रिपब्लिकन अटॉर्नी जनरल एसोसिएशन' को 2 मिलियन डॉलर का योगदान शामिल है.

यह भी पढ़ें | एलन मस्क ने फिर मुकेश अंबानी पर साधा निशाना, रिलायंस और भाजपा के लिंक बताने वाली रिपोर्ट शेयर की

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Elon Musk, Elon Musk Donald Trump News, US Midterm Election 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com