- दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 ने सऊदी अरब के ऊपर इमरजेंसी कोड 7700 जारी किया.
- इमरजेंसी कोड 7700 का मतलब हाइजैकिंग होता है, लेकिन बाद में इस आशंका को खारिज कर दिया गया.
- उड़ता विमान अचानक 34,000 फीट से 16,600 फीट की ऊंचाई पर आ गया.
बुधवार, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही flydubai की एक फ्लाइट ने सऊदी अरब के ऊपर इमरजेंसी सिग्नल भेजा और अपना रास्ता बदल लिया. इजरायली मीडिया के हवाले से फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि फ्लाइट FZ1073 दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में उसने इंटरनेशनल इमरजेंसी कोड 7700 भेजा. यह कोड हाइजैकिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है, लेकिन 'टाइम्स ऑफ इजरायल' ने एक अपडेट में कहा कि हाइजैकिंग की कोशिश की बात को खारिज कर दिया गया है. CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अलर्ट मिलने के बाद इजरायली वायु सेना के फाइटर जेट्स को भेजा गया. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विमान ने सिर्फ दो मिनट में 34,000 फीट से करीब 16,600 फीट यानी 17,400 फीट नीचे आ गया था.

शुरुआती इमरजेंसी अलर्ट के बाद, फ्लाइट ने बाद में डिस्ट्रेस कोड बदलकर 7500 कर दिया, जो गैर-कानूनी दखल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कोड है. Flight Radar ने दुबई एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद से फ्लाइट की टाइमलाइन जारी की है.
यह भी पढ़ें : दुबई से इजरायल जा रहे प्लेन ने भेजा हाईजैक वाला कोड, 100 से ज्यादा इजरायली यात्री थे सवार
फ्लाइट के अंदर अचानक क्या हुआ था?
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कॉकपिट में पायलटों के बीच हिंसक झड़प हुई और यह खूनी संघर्ष में बदल गई. इसके बाद, प्लेन में इमरजेंसी सिग्नल एक्टिवेट हो गया.
'टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि झगड़े के दौरान एक पायलट को चाकू मार दिया गया था.
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि एक पायलट ने जानबूझकर अपनी जान देने के लिए प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की और एयरलाइनर को तेजी से नीचे की ओर मोड़ा, लेकिन दूसरे पायलट ने उससे संघर्ष किया और फ्लाइट को नीचे जाने से रोकने में कामयाब रहा. हालांकि, इजरायली अधिकारियों ने अभी तक इस घटना की पुष्टि नहीं की है.
प्लेन में सवार यात्रियों ने फोन पर इजरायल के 'चैनल 12' को बताया कि उन्होंने प्लेन के अगले हिस्से में बैठे यात्रियों की चीख-पुकार सुनी, जिन्होंने पायलटों के बीच बहस सुनी थी. इसके साथ ही, सऊदी अरब में उतरने से पहले प्लेन तेजी से नीचे की ओर झुका था.
उन्होंने यह भी बताया कि सभी यात्री प्लेन के अंदर ही हैं और उन्हें सऊदी सुरक्षा बलों ने चारों तरफ से घेर रखा है.
न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा, "हमारी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं. जैसे ही और पक्की जानकारी मिलेगी, आगे की अपडेट दी जाएगी."
यह भी पढ़ें : पायलट ही कर रहा था प्लेन क्रैश की कोशिश, साथी पायलट ने बचाई दुबई से तेल अवीव जा रहे यात्रियों की जान: रिपोर्ट
Haaretz की रिपोर्ट के मुताबिक, इस विमान में करीब 180 इजरायली यात्री सवार थे.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई और वे हालात पर नजर रखे हुए हैं. उनकी ऑफिस ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "स्थिति कंट्रोल में है और इजरायली यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं."
FZ1073 को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरनी थी. फ्लाइट-ट्रैकिंग रिकॉर्ड बताते हैं कि यह रूट इन दोनों शहरों के बीच FlyDubai की नियमित सर्विस है.
कर्मचारियों से जुड़े कारणों से इमरजेंसी लैंडिंग कम ही होती है, लेकिन ऐसा होना कोई नई बात नहीं है. साल 2022 में जिनेवा-पेरिस फ्लाइट के कॉकपिट में लड़ाई के बाद एयर फ्रांस के दो पायलटों को सस्पेंड कर दिया गया था. हालांकि फ्लाइट को डायवर्ट नहीं करना पड़ा और वह तय योजना के अनुसार ही लैंड हुई.
FlyDubai, एमिरेट्स एयरलाइंस की कम लागत वाली सिस्टर एयरलाइन है. साल 2020 में दोनों देशों के बीच संबंध बहाल होने के बाद से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) इजरायली पर्यटकों के लिए छुट्टियों का एक लोकप्रिय डेस्टिनेशन बन गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं