इंटरनेट और वेब टेक्नोलॉजी की दुनिया में अभी AI और SI काफी चर्चा में है. अमेरिका में इसके नाम को बदला जा रहा है. इंटरनेट के दो सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले तकनीकी शब्दों AI और SI से बने एक बेहद छोटे डोमेन नेम AI.si ने डोमेन मार्केट में तहलका मचा दिया है. ये डोमेन नेम इंटरनेट बाजार में पूरे 6,99,995 डॉलर (लगभग 5.80 करोड़ रुपये) की भारी-भरकम कीमत पर बिक्री के लिए लिस्ट किया गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सामने आई जानकारी के अनुसार, इस छोटे दो-अक्षर वाले प्रीमियम डोमेन AI.si के लिए यह भारी-भरकम कीमत मांगी गई है. हालांकि, ये केवल डोमेन के मालिक द्वारा मांगी गई कीमत है. इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि यह डोमेन इस कीमत पर बिक चुका है.
एक आदेश से स्लोवेनिया के .si डोमेन की खुली किस्मत
इस डोमेन नेम के अचानक चर्चा में आने और इसकी कीमतों में आई तूफानी उछाल का सीधा कनेक्शन स्लोवेनिया देश के कंट्री-कोड डोमेन एक्सटेंशन .si से जुड़ा हुआ है. हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'Artificial Intelligence' (AI) का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर 'Super Intelligence' (SI) करने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिया है. इसके बाद से .si डोमेन की मांग में सुनामी आ गई है.
आधिकारिक रजिस्ट्री 'Registry SI' की स्पोकपर्सन Klara Herman के अनुसार, सितंबर के महीने में .si डोमेन रजिस्ट्रेशन में 2,199% की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है. राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश के बाद टेक इन्वेस्टर्स और डोमेन बायर्स के बीच .si डोमेन खरीदने की होड़ मच गई है. रजिस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार, 30 सितंबर को कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर होने के ठीक अगले दिन रिकॉर्ड 11,000 नए डोमेन रजिस्टडर्ड किए गए, जबकि इसके अगले 24 घंटों के भीतर लगभग 13,000 और नए .si डोमेन नाम दर्ज कराए गए.
Somebody is trying to sell the domain name AI .SI for $700K 😅 https://t.co/YqLDHtRzgh
— Evan (@StockMKTNewz) October 4, 2026
क्यों इतना खास और कीमती है AI.si डोमेन?
ये डोमेन पुराने नाम 'AI' (Artificial Intelligence) और नए नाम 'SI' (Super Intelligence) को बेहद खूबसूरती और सरलता से जोड़ता है. ये केवल 4 अक्षरों का एक बेहद छोटा, आसान और आसानी से याद रहने वाला नाम है, जो किसी भी बड़ी AI कंपनी, टेक प्लेटफॉर्म या नए स्टार्ट-अप के लिए सबसे पहली पसंद हो सकता है. इस डोमेन की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मई 2025 में यही डोमेन $34,000 (लगभग 28 लाख रुपये) की कीमत पर बिका था. लेकिन आज मात्र डेढ़ साल के भीतर इसकी अनुमानित कीमत बढ़कर करीब 5.80 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है.
हालांकि, जब तक कोई खरीदार इस डोमेन को इतनी बड़ी कीमत देकर सही में नहीं खरीद लेता, तब तक डोमेन मार्केट की इस 5.80 करोड़ की कीमत को केवल एक अनुमान या सट्टा ही माना जाएगा. लेकिन इतना जरूर साफ है कि इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि कैसे सोशल मीडिया ट्रेंड्स, नई तकनीकी शब्दावलियां और डोनाल्ड ट्रंप जैसे ग्लोबल नेताओं के फैसले इंटरनेट एड्रेसेस की बिजनेस कीमतों को रातों-रात आसमान पर पहुंचा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- अब आपकी जगह AI देगा नौकरी का इंटरव्यू! ये मॉडल वीडियो कॉल पर करता है बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं